Kanpur Dehat Mother-in-Law Marries Son-in-Law: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात से एक ऐसा अजीबोगरीब मामला सामने आया है, जिसने सामाजिक ताने-बाने और पारंपरिक रिश्तों के मतलब को पूरी तरह बदल दिया है. यहां के अकबरपुर इलाके में एक सास और उसके सगे दामाद के बीच का रिश्ता इस कदर बदला कि दोनों ने समाज की परवाह किए बिना कोर्ट में जाकर शादी कर ली. अब इस अनोखी शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर आग की तरह फैल रहा है.
वीडियो जारी कर समाज से मांगा आशीर्वाद
शादी रचाने के बाद इस अनोखे जोड़े ने कैमरे के सामने आकर एक वीडियो भी रिकॉर्ड किया और उसे इंटरनेट पर पोस्ट कर दिया. वायरल वीडियो में सास और दामाद एक-दूसरे के साथ बेहद सहज नजर आ रहे हैं.
वे अपने इस फैसले को पूरी तरह सही ठहराते हुए दुनिया से अपील कर रहे हैं कि उनके इस नए रिश्ते को स्वीकार किया जाए और उन्हें खुशहाल जिंदगी के लिए आशीर्वाद और शुभकामनाएं दी जाएं.
हैरान हैं घरवाले, इलाके में थू-थू
स्थानीय गलियारों में चर्चा है कि महिला और उसके दामाद के बीच काफी लंबे समय से नजदीकियां थीं. जब इस शादी की बात सामने आई, तो परिवार के पैरों तले जमीन खिसक गई. इस रिश्ते को लेकर समाज और सोशल मीडिया पर दोफाड़ नजर आ रहा है. कुछ लोग इसे निजी आजादी का मामला बता रहे हैं, तो वहीं अधिकांश लोग इसे मर्यादाओं का उल्लंघन मानकर इसकी कड़ी आलोचना कर रहे हैं.
हालांकि, ये शादी कानूनी रूप से कब और कहां रजिस्टर्ड हुई, इसकी कोई पुख्ता जानकारी सामने नहीं आई है. फिलहाल, इस मामले में पुलिस या प्रशासन के पास कोई शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है. लेकिन कानपुर देहात की यह घटना इस वक्त पूरे यूपी में सबसे बड़ी गॉसिप बन चुकी है.

