अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में रामलला के दर्शन करने जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए एक अहम खबर है। सर्दियों के मौसम को देखते हुए मंदिर में पूजा-पाठ, आरती, भोग और दर्शन के समय में बदलाव किया जा रहा है। नई समय-सारणी 1 नवंबर 2026 से लागू होगी।
नई व्यवस्था के मुताबिक, राम मंदिर के पट सुबह 4 बजे खुलेंगे और रात 10 बजे बंद हो जाएंगे। सुबह 4 बजकर 30 मिनट पर मंगला आरती होगी, जबकि सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर श्रृंगार आरती आयोजित की जाएगी। इसके बाद सुबह 7 बजे से श्रद्धालु रामलला के दर्शन कर सकेंगे।
सुबह 8 बजे से 8 बजकर 10 मिनट तक बालभोग के लिए दर्शन रोक दिए जाएंगे। वहीं, सुबह 11 बजकर 30 मिनट से दोपहर 12 बजे तक राजभोग की तैयारी के लिए पट बंद रहेंगे। दोपहर 12 बजकर 30 मिनट से 1 बजकर 30 मिनट तक रामलला विश्राम करेंगे। इसके बाद दोपहर 1 बजकर 35 मिनट से दर्शन दोबारा शुरू होंगे।
शाम को 7 बजे संध्या आरती होगी, जबकि रात 9 बजकर 30 मिनट पर शयन आरती की जाएगी। इसके बाद रात 10 बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे।
ऐसे में श्रद्धालुओं को सलाह है कि अयोध्या पहुंचने से पहले नई समय-सारणी जरूर देख लें, ताकि दर्शन के दौरान किसी तरह की परेशानी न हो।
इस प्रकार है पुराना और नया समय
गतिविधि वर्तमान समय 1 नवम्बर से
- पट खुलना सुबहः 3:45 सुबहः 4:00
- मंगला आरती सुबहः 4:00 सुबहः 4:30
- श्रृंगार आरती सुबहः 6:00 सुबहः 6:30
- सुबहः बालभोग सुबहः 9:00-9:05 सुबहः 8:00-8:10
- मध्याह्न विश्राम दोपहर 12:30-12:55 दोपहर 12:30-1:30
- शयन आरती रात 10:00 रात 9:30
- पट बन्द रात 10:30 रात 10:00

