PV Sindhu और Kidambi Srikanth ने बैंकॉक में खेले जा रहे Thailand Open सुपर 500 टूर्नामेंट में शानदार शुरुआत करते हुए 13 मई को अपने-अपने मुकाबले सीधे सेटों में जीतकर प्री-क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली। वहीं, एशियन चैंपियनशिप में फाइनल तक पहुंचने वाले भारतीय शटलर Ayush Shetty को जापान के छठी वरीयता प्राप्त खिलाड़ी के खिलाफ तीन सेटों तक चले मुकाबले में हार झेलनी पड़ी। इसके अलावा Tarun Mannepalli भी जापानी खिलाड़ी के खिलाफ अपना मैच गंवा बैठे।
पीवी सिंधु ने चीनी ताइपै खिलाड़ी को दी मात, किदांबी ने सिंगापुर के प्लेयर को हराया
PV Sindhu ने Thailand Open में अपने पहले मुकाबले में चीनी ताइपे की तुंग सियू तोंग के खिलाफ शानदार प्रदर्शन किया। करीब 33 मिनट तक चले इस मैच में दो बार की ओलंपिक पदक विजेता सिंधु पूरी तरह हावी नजर आईं और उन्होंने मुकाबला सीधे सेटों में 21-9 और 21-12 से अपने नाम किया। अब राउंड ऑफ-16 में सिंधु का सामना डेनमार्क की अमेली शूल्ज से होगा। दोनों खिलाड़ियों के बीच यह मुकाबला 14 मई को भारतीय समयानुसार सुबह 8:30 बजे खेला जाएगा।
पूर्व विश्व नंबर-1 Kidambi Srikanth ने Thailand Open के राउंड ऑफ-32 मुकाबले में सिंगापुर के आठवीं वरीयता प्राप्त लो कीन यू को सीधे सेटों में हराकर शानदार अंदाज में अगले दौर में प्रवेश किया। करीब 30 मिनट तक चले इस मुकाबले में श्रीकांत ने शुरुआत से ही दबदबा बनाए रखा और पहला सेट 21-14 से जीतने के बाद दूसरा सेट 21-15 से अपने नाम किया। अब राउंड ऑफ-16 में उनका मुकाबला 14 मई को चीनी ताइपे के सू ली यांग से होगा।
21 साल की देविका ने दर्ज की अपनी पहली जीत
Devika Sihag ने Thailand Open सुपर 500 में शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने करियर की पहली सुपर-500 जीत दर्ज की। 21 वर्षीय भारतीय खिलाड़ी ने राउंड ऑफ-32 मुकाबले में जापान की नात्सुकी निदैरा को तीन सेटों तक चले रोमांचक मैच में 2-1 से हराया। एक घंटे 11 मिनट तक चले इस मुकाबले में देविका ने पहला सेट 21-19 से जीता, जबकि दूसरे सेट में उन्हें 13-21 से हार झेलनी पड़ी। इसके बाद निर्णायक सेट में दमदार वापसी करते हुए उन्होंने 21-15 से जीत हासिल कर अगले दौर में जगह बना ली।
