बढ़ती उम्र के साथ वजन नियंत्रित रखना आसान नहीं होता, खासकर 50 साल के बाद यह चुनौती और बढ़ जाती है। विशेषज्ञों के मुताबिक इस उम्र में शरीर में हार्मोनल बदलाव, मेटाबॉलिज्म की रफ्तार धीमी होना और मांसपेशियों में कमी जैसी समस्याएं वजन घटाने को मुश्किल बना देती हैं। रोग नियंत्रण एवं रोकथाम केंद्र (CDC) के आंकड़ों के अनुसार, 40 से 59 वर्ष की आयु वर्ग में मोटापे की दर सबसे अधिक देखी जाती है और करीब 44% लोग मोटापे का सामना कर रहे हैं। वहीं, इंटरनेशनल जर्नल ऑफ एनवायरनमेंटल रिसर्च एंड पब्लिक हेल्थ में प्रकाशित एक अध्ययन में यह भी सामने आया है कि 50 साल या उससे अधिक उम्र की महिलाओं में मोटापे का खतरा ज्यादा पाया जाता है।
इटली के University of Modena and Reggio Emilia के नेतृत्व में किए गए एक विश्लेषण में ब्रिटेन, अमेरिका और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देशों के 3,758 लोगों पर हुए 14 अध्ययनों को शामिल किया गया। इसमें प्रतिभागियों की औसत उम्र 53 वर्ष और औसत BMI 31 किलोग्राम प्रति वर्ग मीटर पाया गया, जो मोटापे की श्रेणी में आता है। बढ़ते वजन को कंट्रोल करने के लिए कई महिलाएं रोजाना वॉक का सहारा लेती हैं। ऐसे में सवाल उठता है कि 50 साल से अधिक उम्र की महिलाओं के लिए रोज कितने कदम चलना फायदेमंद माना जाता है।
50 प्लस की महिलाओं को कितने कदम चलने चाहिए?
रिसर्च में सामने आया है कि 50 साल से ज्यादा उम्र की महिलाओं के लिए रोजाना करीब 8,500 कदम चलना फायदेमंद हो सकता है। विशेषज्ञों के अनुसार, नियमित रूप से इतने स्टेप्स चलने से वजन नियंत्रित रखने में मदद मिलती है और मोटापे का खतरा कम हो सकता है। इतना ही नहीं, रोजाना वॉक करने की यह आदत दिल की सेहत को बेहतर बनाने में भी सहायक मानी जाती है।
Disclaimer: (यह लेख केवल सामान्य जानकारी के उद्देश्य से तैयार किया गया है। किसी भी फिटनेस रूटीन, डाइट बदलाव या स्वास्थ्य संबंधी उपाय अपनाने से पहले विशेषज्ञ या डॉक्टर की सलाह जरूर लें। यहां दी गई जानकारी की पूर्ण सत्यता की जिम्मेदारी हमारी नहीं है।)
