Air India पर एन. चंद्रशेखरन की दो टूक- सुरक्षा से समझौता नहीं, भरोसा जीतना सबसे जरूरी

टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने सोमवार को एयर इंडिया के कर्मचारियों को संबोधित करते हुए एयरलाइन में सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की जरूरत बताई। उन्होंने लागत नियंत्रण को लेकर मजबूत कार्यसंस्कृति विकसित करने पर भी जोर दिया। इस महत्वपूर्ण बैठक में एयर इंडिया के नवनियुक्त सीईओ टेवोल्डे गेबरियाम के साथ पूर्व सीईओ कैंपबेल विल्सन भी मौजूद रहे।

लोगों का भरोसा हासिल करना बहुत जरूरी
चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया के आगे के सफर में सुरक्षा को प्राथमिकता देने के साथ यात्रियों का भरोसा जीतना, परिचालन को अधिक प्रभावी बनाना और लागत पर सख्त नियंत्रण रखना अहम होगा। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि एयरलाइन के लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता लोगों का विश्वास दोबारा हासिल करना होनी चाहिए।

कंपनी का सुरक्षा रिकॉर्ड सबसे बेहतर से भी बेहतर होना चाहिए
एन. चंद्रशेखरन ने कहा कि एयर इंडिया का सुरक्षा रिकॉर्ड उच्चतम मानकों पर खरा उतरना चाहिए और इसे लगातार बेहतर बनाने की दिशा में काम करना होगा। उन्होंने कर्मचारियों से लागत को नियंत्रित रखने के लिए संगठन में मजबूत अनुशासन और जिम्मेदारी की संस्कृति विकसित करने की अपील की। चंद्रशेखरन ने माना कि बीते 18 महीने एयरलाइन के लिए काफी मुश्किल रहे हैं। पश्चिम एशिया में भू-राजनीतिक तनाव, एयरस्पेस बंद होने, एटीएफ की बढ़ती कीमतों और AI171 हादसे जैसी घटनाओं ने एयर इंडिया के परिचालन और प्रदर्शन पर असर डाला।

एन. चंद्रशेखरन ने औपचारिक रूप से गेबरियाम का कराया परिचय
बैठक के दौरान एन. चंद्रशेखरन ने टेवोल्डे गेबरियाम का एयर इंडिया के कर्मचारियों से औपचारिक परिचय कराया। एयर इंडिया ने व्यापक चयन प्रक्रिया के बाद 5 अगस्त को गेबरियाम को कंपनी का सीईओ और मैनेजिंग डायरेक्टर नियुक्त करने की घोषणा की थी। इस पूरी चयन प्रक्रिया की निगरानी बोर्ड की एक विशेष समिति ने की। गेबरियाम को इथियोपियन एयरलाइंस ग्रुप में करीब चार दशकों का अनुभव है और वह 11 साल से अधिक समय तक एयरलाइन के सीईओ के पद पर रह चुके हैं।

टाटा ग्रुप ने साल 2022 में सरकार से खरीदा था एयर इंडिया
टाटा ग्रुप ने जनवरी 2022 में सरकार से एयर इंडिया का अधिग्रहण किया था। इसके बाद सिंगापुर एयरलाइंस ने एयर इंडिया में 25.1 प्रतिशत हिस्सेदारी हासिल की। एयर इंडिया ने सोशल मीडिया पोस्ट में बताया कि चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन की अगुवाई में आयोजित टाउन हॉल कार्यक्रम में कर्मचारियों ने नए सीईओ टेवोल्डे गेबरियाम का स्वागत किया। इस दौरान निवर्तमान सीईओ कैंपबेल विल्सन भी मौजूद रहे। कंपनी ने इसे एयर इंडिया के बदलाव और पुनर्गठन की यात्रा के नए अध्याय की शुरुआत बताया।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1