साउथ अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की ODI सीरीज के लिए 16 सदस्यीय टीम का ऐलान कर दिया है। टेम्बा बावुमा टीम की कप्तानी करेंगे, वहीं तेज गेंदबाज गेराल्ड कोएत्जी की वनडे टीम में वापसी हुई है। कोएत्जी ने आखिरी बार 2023 ODI वर्ल्ड कप में साउथ अफ्रीका के लिए 50 ओवर के फॉर्मेट में मुकाबला खेला था।
25 वर्षीय गेराल्ड कोएत्जी, ओटनील बार्टमैन, क्वेना मफाका और लुंगी एंगिडी के साथ साउथ अफ्रीका के पेस अटैक को मजबूती देंगे। कॉर्बिन बॉश और मार्को येनसन अतिरिक्त गेंदबाजी विकल्प होंगे, जबकि स्पिन विभाग में ब्योर्न फोर्टुइन और केशव महाराज शामिल हैं। बल्लेबाजी में एडेन मारक्रम दूसरे और तीसरे ODI के लिए उपलब्ध रहेंगे। वहीं क्विंटन डी कॉक, रयान रिकेलटन और टोनी डी जोरजी टॉप ऑर्डर, जबकि मैथ्यू ब्रीट्जके, डेविड मिलर और ट्रिस्टन स्टब्स मिडिल ऑर्डर संभालेंगे।
30 सितंबर को सीरीज का समापन
साउथ अफ्रीका और ऑस्ट्रेलिया के बीच तीन मैचों की ODI सीरीज का आयोजन पूरी तरह दक्षिण अफ्रीका में होगा। पहला मुकाबला 24 सितंबर को डरबन के किंग्समीड स्टेडियम में, दूसरा 27 सितंबर को जोहान्सबर्ग के वांडरर्स स्टेडियम में और तीसरा 30 सितंबर को पोटचेफ्स्ट्रूम के NWC ओवल में खेला जाएगा। जोहान्सबर्ग में होने वाला दूसरा ODI ‘पिंक डे’ मैच होगा। दोनों टीमों की पिछली भिड़ंत 2023 में हुई थी, जब ऑस्ट्रेलिया ने शुरुआती दो मैच जीत लिए थे, लेकिन साउथ अफ्रीका ने लगातार तीन मुकाबले जीतकर सीरीज 3-2 से अपने नाम कर ली थी।
रबाडा नहीं होंगे सीरीज का हिस्सा
साउथ अफ्रीका के मुख्य कोच शुकरी कॉनराड ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीजन की शुरुआत को लेकर उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि अगले साल होने वाले ODI वर्ल्ड कप की तैयारी के लिहाज से यह सीरीज टीम संयोजन और खिलाड़ियों की भूमिकाएं तय करने में अहम होगी। टीम मिडिल ऑर्डर में ऐसा संतुलन चाहती है, जो जरूरत पड़ने पर तेजी से रन बनाने के साथ दबाव में पारी को संभाल भी सके। हालांकि, चोटिल कगिसो रबाडा इस सीरीज में नहीं खेलेंगे। कॉनराड का मानना है कि उनकी गैरमौजूदगी युवा गेंदबाजों के लिए अपनी क्षमता दिखाने का बेहतरीन मौका होगी।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ODI सीरीज के लिए साउथ अफ्रीका की टीम: टेम्बा बावुमा (कप्तान), ओटनील बार्टमैन, कॉर्बिन बॉश, मैथ्यू ब्रीट्जके, गेराल्ड कोएत्जी, क्विंटन डी कॉक, टोनी डी जोरजी, ब्योर्न फोर्टुइन, मार्को येनसन, केशव महाराज, क्वेना मफाका, एडेन मारक्रम, डेविड मिलर, लुंगी एंगिडी, रयान रिकेलटन और ट्रिस्टन स्टब्स।
साउथ अफ्रीका बनाम ऑस्ट्रेलिया ODI सीरीज का शेड्यूल
•24 सितंबर: पहला ODI, हॉलीवुडबेट्स किंग्समीड स्टेडियम, डरबन
•27 सितंबर: दूसरा ODI, DP वर्ल्ड वांडरर्स स्टेडियम, जोहान्सबर्ग
•30 सितंबर: तीसरा ODI, NWC ओवल, पॉचेफस्ट्रूम

