‘इंडियाज गॉट लैटेंट 2’ के लेटेस्ट एपिसोड के बाद अभिनेत्री और स्टैंडअप कॉमेडियन सुरभि वंजारा सुर्खियों में आ गई हैं। शो में उनके बेबाक जवाब और पैनलिस्ट्स के साथ मजेदार बातचीत के वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। इससे पहले भी जेनी कामकी, चेल्लो मीम समेत कई प्रतिभागियों के मजेदार अंदाज और समय रैना के साथ उनकी बातचीत ने दर्शकों का ध्यान खींचा था। अब सुरभि वंजारा अपने बिंदास अंदाज के चलते एक बार फिर इंटरनेट पर चर्चा का केंद्र बनी हुई हैं।
कौन हैं सुरभि वंजारा?
सुरभि वंजारा का नाम मनोरंजन की दुनिया में नया नहीं है। वह लंबे समय से टीवी, फिल्मों और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अलग-अलग भूमिकाओं में नजर आती रही हैं। करियर की शुरुआत में उन्होंने ‘सीआईडी’, ‘आहट’, ‘शी…कोई है’ और ‘हेलो इंस्पेक्टर’ जैसे चर्चित टीवी शोज में एपिसोडिक रोल किए। हालांकि, उन्हें साल 2003 के लोकप्रिय धारावाहिक ‘जस्सी जैसी कोई नहीं’ से खास पहचान मिली, जिसमें उन्होंने मारिया का किरदार निभाया था। मोना सिंह और अपूर्व अग्निहोत्री जैसे कलाकारों से सजे इस शो ने उस दौर में दर्शकों के बीच काफी लोकप्रियता हासिल की थी।
मर्डर’ से बॉलीवुड में एंट्री
सुरभि वंजारा ने साल 2004 में अनुराग बसु की फिल्म ‘मर्डर’ से बॉलीवुड में कदम रखा था। इमरान हाशमी और मल्लिका शेरावत स्टारर इस फिल्म में उन्होंने राधिका का किरदार निभाया, जो कहानी के अहम मोड़ से जुड़ा था। ‘मर्डर’ रिलीज के बाद बॉक्स ऑफिस पर सफल रही और इसकी कहानी, संगीत व कलाकारों की परफॉर्मेंस को लेकर खूब चर्चा हुई। यह फिल्म इमरान हाशमी के करियर की यादगार फिल्मों में भी शुमार है। इसके बाद सुरभि ने इमरान हाशमी के साथ ‘तुमसा नहीं देखा’ में भी काम किया, लेकिन यह फिल्म ‘मर्डर’ जैसी सफलता नहीं दोहरा सकी।
टीवी और फिल्मों के बाद कॉमेडी की ओर रुख
सुरभि वंजारा ने टीवी की दुनिया में भी अपनी पहचान बनाए रखी और ‘F.I.R.’, ‘हिटलर दीदी’ व ‘कबूल है’ जैसे चर्चित धारावाहिकों का हिस्सा रहीं। बाद के वर्षों में उन्होंने डिजिटल कंटेंट और स्टैंडअप कॉमेडी की ओर भी रुख किया। धीरे-धीरे कॉमेडी उनके करियर का अहम हिस्सा बन गई और वह कई स्टैंडअप शोज में अपनी प्रस्तुति दे चुकी हैं। सोशल मीडिया पर भी सुरभि अपने कॉमेडी वीडियोज शेयर करती रहती हैं, जिनमें अक्सर रोजमर्रा की जिंदगी, रिश्तों और निजी अनुभवों से जुड़े मजेदार किस्सों की झलक देखने को मिलती है।
इंडियाज गॉट लैटेंट’ में क्या हुआ?
‘इंडियाज गॉट लैटेंट 2’ में सुरभि वंजारा ने अपने स्टैंडअप एक्ट से दर्शकों का मनोरंजन करने की कोशिश की। उन्होंने अपने एक्ट में एक गृहिणी के नजरिए से अमीर गुजराती परिवार के लिए काम करने से जुड़े अनुभवों पर मजेदार बातें साझा कीं। हालांकि, परफॉर्मेंस खत्म होने के बाद होस्ट समय रैना की प्रतिक्रिया कुछ खास उत्साहजनक नहीं रही। वहीं, शो में मौजूद अशनीर ग्रोवर ने भी सुरभि के एक्ट पर अपनी प्रतिक्रिया देते हुए मजाक में कहा कि इसे देखने के बाद उन्हें राखी सावंत ज्यादा दिलचस्प लगने लगी हैं। इसके बाद सुरभि ने बताया कि वह करीब दो साल से स्टैंडअप कॉमेडी कर रही हैं और हैबिटेट जैसे मंचों पर भी प्रस्तुति दे चुकी हैं। उनकी इस बात पर समय रैना ने भी ‘हैबिटेट’ को लेकर मजाकिया अंदाज में टिप्पणी की।
पैनल के सवालों पर सुरभि के जवाब
बातचीत के दौरान सुरभि वंजारा और पैनल के बीच गुजराती समुदाय और अमीरी को लेकर चर्चा शुरू हो गई। सुरभि ने इस मुद्दे पर अपनी बेबाक राय रखते हुए गुजरातियों की आर्थिक स्थिति पर टिप्पणी की और अपनी बात में कश्मीरियों का भी जिक्र किया। उनका जवाब सुनकर समय रैना कुछ देर के लिए शांत नजर आए और यही हिस्सा बाद में सोशल मीडिया पर वायरल क्लिप्स में सबसे ज्यादा चर्चा का विषय बना। इसके बाद पैनलिस्ट कुशाग्र श्रीवास्तव ने सुरभि के लुक की तुलना टीवी की लोकप्रिय किरदार कोमोलिका से कर दी। सुरभि ने पहले कुशाग्र के बारे में पूछा और फिर मजाकिया अंदाज में कहा कि वह पैनल में मौजूद बाकी लोगों को जानती हैं, लेकिन उन्हें पहचानती नहीं हैं। उनके इस जवाब पर ऑडियंस की जोरदार प्रतिक्रिया देखने-सुनने को मिली।
समय रैना को भी दिया करारा जवाब
शो में सुरभि वंजारा और समय रैना के बीच हुई एक और बातचीत ने भी खूब सुर्खियां बटोरीं। समय की ओर से सुरभि की मानसिक स्थिति को लेकर किए गए इशारे पर उन्होंने भी उसी अंदाज में पलटकर जवाब दिया। सुरभि ने मजाकिया लहजे में समय से मिलना मुश्किल बताया और उनके कॉमेडी अंदाज पर टिप्पणी करते हुए कहा कि वह पूरे देश को ‘डिस्टर्ब’ कर देते हैं। सुरभि की इस बात पर स्टूडियो में मौजूद दर्शकों ने जमकर तालियां बजाईं और इसका वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल होने लगा। सोशल मीडिया पर उनकी बढ़ती लोकप्रियता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि उनके अकाउंट पर 80 हजार से ज्यादा फॉलोअर्स हैं, जहां वह लगातार अपने स्टैंडअप परफॉर्मेंस और शॉर्ट वीडियोज शेयर करती रहती हैं। ‘इंडियाज गॉट लैटेंट 2’ में नजर आने के बाद सुरभि को पहले के मुकाबले बड़ी ऑडियंस मिली है। अब यह देखना दिलचस्प होगा कि शो से मिली नई पहचान उनके कॉमेडी और एक्टिंग करियर को किस तरह आगे बढ़ाती है। इससे पहले अर्चना पूरण सिंह से जुड़ा वीडियो भी सोशल मीडिया पर काफी चर्चा में रहा था।

