सुप्रीम कोर्ट ने HDFC बैंक, ICICI बैंक समेत चार बड़े वित्तीय संस्थानों को लेकर सख्त रुख अपनाया है। अदालत ने इन संस्थानों को अपने अधिकारियों के खिलाफ मुकदमा चलाने की मंजूरी एक हफ्ते के भीतर बिना किसी शर्त के देने का निर्देश दिया है।
इस मामले में HDFC बैंक, ICICI बैंक, सम्मान कैपिटल और PNB हाउसिंग फाइनेंस शामिल हैं। सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी दी है कि अगर तय समय में आदेश का पालन नहीं हुआ, तो संबंधित संस्थानों के चेयरमैन और मैनेजिंग डायरेक्टर यानी CMD को व्यक्तिगत रूप से अदालत में पेश होना पड़ेगा।
दरअसल, यह पूरा मामला होम लोन सबवेंशन स्कीम से जुड़ा है। इस योजना के तहत बिल्डरों ने घर खरीदारों को भरोसा दिया था कि फ्लैट का कब्जा मिलने तक होम लोन की EMI वे चुकाएंगे। लेकिन कई बिल्डरों ने किस्तें देना बंद कर दिया और बैंकों ने घर खरीदारों से वसूली शुरू कर दी।
CBI ने अदालत को बताया कि कुल 55 मामलों में से 25 की जांच पूरी हो चुकी है। इनमें 22 चार्जशीट दाखिल की गई हैं और 3 मामलों में क्लोजर रिपोर्ट दी गई है। अब सुप्रीम कोर्ट ने CBI को बाकी जांच तेजी से पूरी करने का निर्देश दिया है। इस मामले की अगली सुनवाई 7 से 10 दिन के भीतर होगी।

