शुक्रवार को आई भारी गिरावट के बाद सप्ताह के पहले कारोबारी दिन सोमवार को भारतीय शेयर बाजार में जोरदार रिकवरी देखने को मिली। वैश्विक बाजारों से मिले सकारात्मक संकेतों और निचले स्तरों पर हुई खरीदारी के दम पर बाजार हरे निशान में खुला। शुरुआती कारोबार में बीएसई सेंसेक्स 264 अंकों की बढ़त के साथ 75,039 के स्तर पर पहुंच गया, जबकि एनएसई निफ्टी 84 अंकों की मजबूती के साथ 23,632 के करीब कारोबार करता नजर आया। बाजार में लौटी तेजी से निवेशकों का भरोसा फिर मजबूत हुआ है।
बढ़ने वाली शेयरों की संख्या अधिक
सोमवार के कारोबार में बाजार का रुख सकारात्मक बना हुआ है। अधिकांश शेयरों में खरीदारी देखने को मिल रही है, जिससे बढ़त वाले शेयरों की संख्या गिरावट वाले शेयरों से कहीं अधिक है। कई कंपनियों के शेयर 52 हफ्तों के नए उच्च स्तर पर पहुंच गए हैं, जबकि दर्जनों स्टॉक्स में अपर सर्किट भी लगा है। इससे निवेशकों का उत्साह और बाजार में मजबूती साफ नजर आ रही है।
इंडिगो और एशियन पेंट में बंपर तेजी, IT शेयर्स चमके
शुरुआती कारोबार में इंडिगो के शेयर में जोरदार तेजी देखने को मिली और यह 4% से अधिक उछल गया। इसके अलावा एशियन पेंट्स, इन्फोसिस, टेक महिंद्रा और टीसीएस जैसे प्रमुख शेयर भी बढ़त के साथ कारोबार कर रहे हैं। वहीं, हिंदुस्तान यूनिलीवर और एनटीपीसी के शेयरों में हल्की कमजोरी दर्ज की गई, जिससे वे दबाव में नजर आए।
आज इन शेयरों पर रखे नजर
निवेशकों और ट्रेडर्स के लिए आज इन प्रमुख कंपनियों के चौथी तिमाही (Q4) के नतीजों के चलते भारी हलचल देखने को मिल सकती है:
•इंटरग्लोब एविएशन (इंडिगो):मार्च 2026 तिमाही में कंपनी का प्रदर्शन कमजोर रहा। एक साल पहले जहां कंपनी ने ₹3,067.5 करोड़ का मुनाफा दर्ज किया था, वहीं इस बार उसे ₹2,536.9 करोड़ का शुद्ध घाटा हुआ है। हालांकि राजस्व में मामूली बढ़ोतरी हुई, लेकिन मार्जिन पर दबाव के कारण निवेशकों की नजर इस शेयर पर बनी रहेगी।
- गुजरात गैस: कंपनी का कंसोलिडेटेड प्रॉफिट सालाना आधार पर 11 गुना बढ़कर ₹31.2 करोड़ से ₹351.2 करोड़ पर पहुंच गया है, जो बेहद शानदार है।
- IREDA: इरेडा का शुद्ध मुनाफा 1.8% गिरकर ₹492.6 करोड़ पर आ गया है, लेकिन सकारात्मक बात यह है कि ब्याज से होने वाली नेट इनकम (NII) 18.4% बढ़कर ₹897.8 करोड़ पर पहुंच गई है।
