एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने श्रीलंका को हराकर लगातार दूसरी बार गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया। इससे पहले भारत ने 2023 में भी क्रिकेट में स्वर्ण पदक जीता था। इस ऐतिहासिक जीत में स्मृति मंधाना ने भी अहम भूमिका निभाई। मंधाना भले ही शतक से चूक गईं, लेकिन उन्होंने 45 गेंदों में 79 रनों की शानदार पारी खेलकर एक खास उपलब्धि अपने नाम कर ली।
इंटरनेशनल क्रिकेट में 11 हजार रन बनाने वाली दुनिया की पहली खिलाड़ी बनीं स्मृति मंधाना
स्मृति मंधाना ने इंटरनेशनल क्रिकेट में एक और बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। वह 11 हजार इंटरनेशनल रन पूरे करने वाली दुनिया की पहली महिला क्रिकेटर बन गई हैं। इससे पहले पिछले मुकाबले में ही मंधाना ने मिताली राज का सबसे ज्यादा इंटरनेशनल रन बनाने का रिकॉर्ड तोड़ा था। मिताली ने अपने करियर में कुल 10,868 रन बनाए थे और लंबे समय तक यह रिकॉर्ड उनके नाम रहा। अब मंधाना ने 11 हजार रन का आंकड़ा पार कर महिला क्रिकेट में एक नया इतिहास रच दिया है।
अब तक ऐसा रहा है स्मृति मंधाना का क्रिकेट करियर
स्मृति मंधाना ने तीनों फॉर्मेट में भारत के लिए शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने अब तक 9 टेस्ट मैचों में 788 रन बनाए हैं, जिसमें 2 शतक और 5 अर्धशतक शामिल हैं। वनडे क्रिकेट में मंधाना के नाम 120 मैचों में 5,411 रन दर्ज हैं, जिसमें 14 शतक और 35 अर्धशतक हैं। वहीं टी20 इंटरनेशनल में उन्होंने 179 मैच खेलकर 4,867 रन बनाए हैं। इस फॉर्मेट में उनके नाम 2 शतक और 37 अर्धशतक हैं।
एशियन गेम्स के फाइनल में भारत ने श्रीलंका को 147 रनों के बड़े अंतर से हराया
श्रीलंका के खिलाफ एशियन गेम्स 2026 के फाइनल में स्मृति मंधाना ने बल्ले से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 45 गेंदों पर 79 रन की तूफानी पारी खेली, जिसमें 5 चौके और 7 छक्के शामिल रहे। मंधाना के अलावा शैफाली वर्मा ने 48 रन और रिचा घोष ने सिर्फ 22 गेंदों पर 49 रन बनाकर भारत के स्कोर को 216 रन तक पहुंचाया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्रीलंकाई टीम भारतीय गेंदबाजों के सामने टिक नहीं सकी और महज 69 रन पर सिमट गई। इस तरह भारत ने 147 रन की बड़ी जीत के साथ गोल्ड मेडल अपने नाम कर लिया।

