मुंबई एयरपोर्ट पर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को लेकर बड़ा बदलाव होने जा रहा है। मार्च 2027 से लागू होने वाले समर शेड्यूल के लिए एयरपोर्ट ऑपरेटर ने 12 विदेशी एयरलाइंस को इंटरनेशनल स्लॉट आवंटित नहीं किए हैं। ऐसे में इन एयरलाइंस की कुछ उड़ानों को मुंबई के बजाय नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट (NMIA) से संचालित किए जाने की संभावना है।
सूत्रों के मुताबिक, मुंबई एयरपोर्ट का संचालन करने वाली मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (MIAL) ने अगले समर शेड्यूल के लिए स्लॉट आवंटन की प्रक्रिया पूरी कर ली है। कुल 50 विदेशी एयरलाइंस में से 38 को मुंबई एयरपोर्ट पर उड़ानों के लिए स्लॉट मिले हैं, जबकि 12 एयरलाइंस को स्लॉट नहीं दिया गया है। ये एयरलाइंस रोजाना करीब 16 उड़ानें संचालित करती हैं, जो 14 अंतरराष्ट्रीय शहरों से जुड़ी हैं। इस फैसले को लेकर कुछ विदेशी एयरलाइंस की ओर से विरोध भी सामने आया है।
यात्रियों पर कितना पड़ेगा असर?
एयरपोर्ट से जुड़े सूत्रों के मुताबिक, इस फैसले का असर मुंबई एयरपोर्ट के करीब 91 फीसदी मौजूदा एयर ट्रैफिक पर नहीं पड़ेगा। यानी अधिकांश अंतरराष्ट्रीय उड़ानों का संचालन पहले की तरह जारी रहने की उम्मीद है। हालांकि, प्रभावित एयरलाइंस से यात्रा करने वाले यात्रियों को अपनी फ्लाइट की स्थिति और एयरलाइन की ओर से मिलने वाले अपडेट पर नजर बनाए रखनी होगी।
टर्मिनल-1 के रेनोवेशन की वजह से फैसला
मुंबई एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 में अगले साल की शुरुआत से रेनोवेशन का काम शुरू होना है। इसी के चलते एयरपोर्ट ऑपरेटर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों के कुछ हिस्से को नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर शिफ्ट करने की तैयारी में है। पहले इस व्यवस्था को 25 अक्टूबर से लागू करने की योजना थी, लेकिन विदेशी एयरलाइंस की आपत्तियों के बाद इसकी समयसीमा बढ़ाकर मार्च 2027 कर दी गई।
एयरलाइंस की समिति ने उठाए सवाल
इस फैसले पर एयरपोर्ट ऑपरेटर्स कमेटी (AOC) से जुड़े सूत्रों ने आपत्ति दर्ज कराई है। उनका कहना है कि MIAL ने स्लॉट आवंटन का फैसला एकतरफा लिया है और इस प्रक्रिया में नागरिक उड्डयन मंत्रालय (MoCA) और इंटरनेशनल एयर ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन (IATA) के तय दिशानिर्देशों का पालन नहीं किया गया। हालांकि, अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) की ओर से इस मामले पर अभी कोई आधिकारिक टिप्पणी नहीं की गई है।
घरेलू एयरलाइंस भी नवी मुंबई की ओर बढ़ेंगी
मुंबई और नवी मुंबई, दोनों एयरपोर्ट का संचालन अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के पास है। वहीं, एयर इंडिया, एयर इंडिया एक्सप्रेस, इंडिगो और अकासा एयर ने भी AAHL के साथ मिलकर अपनी कुछ अंतरराष्ट्रीय उड़ानों को आने वाले महीनों में चरणबद्ध तरीके से नवी मुंबई एयरपोर्ट पर स्थानांतरित करने की घोषणा की है।

