बॉलीवुड के बादशाह शाहरुख खान इन दिनों काम से ब्रेक लेकर लंदन में परिवार के साथ क्वालिटी टाइम बिता रहे हैं। हाल ही में उन्हें पत्नी गौरी खान और बच्चों सुहाना, आर्यन व अबराम के साथ स्पॉट किया गया। खान परिवार की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे हैं। खासतौर पर सुहाना खान का सिंपल लुक फैंस को काफी पसंद आ रहा है और लोग उनकी जमकर तारीफ कर रहे हैं।
शाहरुख खान लंदन में परिवार संग मना रहे छुट्टियां
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में शाहरुख खान लंदन की सड़कों पर बेहद सिंपल और कैजुअल अंदाज में नजर आ रहे हैं। उन्होंने टी-शर्ट, हुडी और बैगी ट्राउजर पहन रखा है। वीडियो में आर्यन और अबराम भी उनके साथ दिखाई दे रहे हैं, जबकि एक तस्वीर में गौरी खान और सुहाना खान भी नजर आ रही हैं। इन तस्वीरों और वीडियो में खान परिवार को साथ में समय बिताते हुए देखा जा सकता है।
लंदन में भी है शाहरुख खान का आलीशान बंगला
शाहरुख खान पहले भी कई बार परिवार के साथ लंदन में छुट्टियां बिताते नजर आ चुके हैं। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, लंदन के पार्क लेन इलाके में उनका एक शानदार घर भी है, जहां वह यूके दौरे के दौरान परिवार के साथ ठहरते हैं। बताया जाता है कि अभिनेता ने यह प्रॉपर्टी साल 2009 में खरीदी थी और लंदन ट्रिप के दौरान उनके इस घर की चर्चा अक्सर होती रहती है।
किंग खान पहली बार बेटी संग स्क्रीन पर आएंगे नजर
वर्कफ्रंट की बात करें तो शाहरुख खान आखिरी बार साल 2023 में रिलीज हुई फिल्म ‘डंकी’ में नजर आए थे। उसी वर्ष उनकी फिल्में ‘पठान’ और ‘जवान’ भी बॉक्स ऑफिस पर बड़ी हिट साबित हुई थीं। फिलहाल अभिनेता अपनी आगामी फिल्म ‘किंग’ की शूटिंग में व्यस्त हैं, जिसके अगले साल सिनेमाघरों में रिलीज होने की उम्मीद है।

