पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर में पिछले सप्ताह एक शटल ट्रेन पर हुए बम हमले में शामिल 17 आतंकियों को पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने मार गिराया है। बता दें कि 24 मई को क्वेटा के एक स्टेशन के पास शटल ट्रेन पर हुए संदिग्ध आत्मघाती हमले में तीन सुरक्षाकर्मियों सहित कम से कम 16 लोग मारे गए थे और कई घायल हो गए। पाकिस्तानी सेना के अंतर-सेवा जनसंपर्क (ISPR) के अनुसार, घटना के बाद, सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में कई खुफिया-आधारित अभियान (IBO) चलाए, जिनमें 17 आतंकवादी मारे गए।
आतंकियों के ठिकानों को बनाया गया निशाना
आईएसपीआर के बयान के अनुसार, सुरक्षा बलों ने मस्तुंग, नुश्की, ज़हरी, खुज़दार और केच में चलाए गए अभियानों के दौरान कई आतंकवादी ठिकानों को प्रभावी ढंग से निशाना बनाया। इसमें कहा गया है कि फ़ितना-अल-हिंदोस्तान से जुड़े आतंकवादियों के साथ भीषण गोलीबारी में उनमें से 17 मारे गए। आईएसपीआर ने यह भी बताया कि सुरक्षा बलों ने आतंकवादियों से हथियार, गोला-बारूद, भारी मात्रा में विस्फोटक और तैयार किए गए तात्कालिक विस्फोटक उपकरण (IED) बरामद किए हैं। मारे गए आतंकवादी क्षेत्र में कई आतंकवादी गतिविधियों में शामिल थे। आईएसपीआर ने कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में बचे हुए आतंकवादियों को खत्म करने के लिए तलाशी अभियान जारी है।
क्वेटा में आतंकियों ने जाफर एक्सप्रेस पर किया था हमला
पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत की राजधानी क्वेटा में मई 2026 के अंतिम सप्ताह में हुए आतंकी हमलों में ट्रेनों और रेलवे बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया था। क्वेटा के चमन फाटक के पास एक सैन्य ट्रेन और जाफर एक्सप्रेस, जो पेशावर जाती है, उस ट्र्न को शक्तिशाली विस्फोटों से उड़ाने की घटनाएं सामने आई थीं। इस हादसे में कई सुरक्षाकर्मियों और यात्रियों की जान चली गई है थी और इन हमलों की जिम्मेदारी ‘बलूच लिबरेशन आर्मी’ (BLA) ने ली थी।
आतंकियों के हमले के बाद उठाए गए सख्त कदम
इस आत्मघाती और आईईडी (IED) विस्फोटों में ट्रेन के इंजन और कई डिब्बे बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दर्जनों लोग हताहत हुए थे। इस हमले के बाद पाकिस्तानी सुरक्षा बलों ने बलूचिस्तान के विभिन्न जिलों में बड़े पैमाने पर आतंकवाद विरोधी अभियान चलाकर जवाबी कार्रवाई की है। इसके साथ ही यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने एहतियात के तौर पर ट्रेनों की आवाजाही को अस्थायी रूप से रोकने या मार्ग बदलने जैसे कदम उठाए हैं।

