राजधानी दिल्ली सहित एनसीआर के कई इलाकों में सोमवार की शाम को बारिश हुई। इस दौरान तेज हवाएं भी चलीं। दिल्ली-एनसीआर में हुई बारिश की वजह से लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली है। बता दें कि दिल्ली-एनसीआर में भीषण गर्मी की वजह से लोगों का हाल बेहाल था। वहीं मौसम विभाग का कहना है कि दिल्ली में इस बार मानसून पहुंचने में देरी हुई है। हालांकि अगले सप्ताह तक मानसून के दिल्ली पहुंचने की संभावना है।
दिल्ली में गर्मी से हाल बेहाल
बता दें कि इससे पहले सोमवार को भी दिल्ली के लोग सुबह-सुबह गर्मी से बेहाल नजर आए। सोमवार सुबह दिल्ली का न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो पिछले दिन के न्यूनतम तापमान के बराबर रहा। इसके साथ ही यह पिछले 2 वर्षों में दर्ज सबसे अधिक न्यूनतम तापमान रहा। आईएमडी के मुताबिक, न्यूनतम तापमान रविवार की तरह सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक रहा। दिल्ली का न्यूनतम तापमान इससे अधिक 14 जून 2024 को रहा था, जब यह 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इसके साथ ही मौसम विभाग ने अधिकतम तापमान करीब 41 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान जताया।
कहां-कितना रहा आज का तापमान
राजधानी दिल्ली की बात करें तो यहां आज सफदरजंग स्थित स्टेशन पर न्यूनतम तापमान 31.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। अन्य स्टेशन में, लोधी रोड पर न्यूनतम तापमान 30.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से 3.2 डिग्री अधिक है, जबकि पालम में सामान्य से 1.7 डिग्री अधिक 29.7 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज हुआ। आया नगर में तापमान 29.4 डिग्री सेल्सियस और रिज में 28.4 डिग्री सेल्सियस पर रहा, दोनों ही जगहों पर तापमान सामान्य से अधिक रहा।
दिल्ली में कबतक आएगा मानसून
कई दिनों की भीषण गर्मी और उमस के बाद, दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के 4 जुलाई तक दिल्ली-NCR पहुंचने की उम्मीद है, जिससे लोगों को काफी राहत मिलेगी। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने कहा है कि अगले पांच से छह दिनों में मानसून के उत्तर-पश्चिम भारत की ओर बढ़ने के लिए मौसम की स्थिति अनुकूल है। मानसून के देर से आने के कारण राष्ट्रीय राजधानी में लंबे समय तक गर्मी और उमस भरा मौसम रहा है। सोमवार को दिल्ली में पिछले लगभग दो वर्षों में सबसे गर्म सुबहों में से एक दर्ज की गई, जिसमें तापमान सामान्य से काफी ऊपर रहा।
बढ़ते तापमान और हवा में नमी के उच्च स्तर के कारण शहर में लोगों की परेशानी काफी बढ़ गई है। IMD के अनुसार, अगर वायुमंडलीय स्थितियां अनुकूल बनी रहती हैं, तो मानसून के 4 जुलाई के आसपास दिल्ली और पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ व पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना है। निजी मौसम पूर्वानुमान एजेंसी स्काईमेट ने भी राष्ट्रीय राजधानी में मानसून के आगमन के लिए इसी तरह के समय का अनुमान लगाया है।

