PM नरेंद्र मोदी कृषि के क्षेत्र में धान उत्पादन में उल्लेखनीय योगदान के लिए 3 जनवरी को झारखंड के गम्हरिया प्रखंड की बुरुडीह पंचायत के मुखिया सह किसान सलाहकार समिति के अध्यक्ष सोखेन हेम्ब्रम को बेंगलुरु में झारखंड कृषि कर्मण पुरस्कार से सम्मानित करेंगे।
इस मौके पर केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर, राज्य के कृषि निदेशक छवि रंजन भी मौजूद रहेेंगे। झारखंड से सरायकेला-खरसावां जिले के सोखेन हेम्ब्रम और गुमला की क्रांति देवी को इस पुरस्कार के लिए चुना गया है। दोनों को 2 करोड़ रुपये भी मिलेंगे। वर्ष 2016-17 में धान उत्पादन में राज्य ने उत्कृष्ट प्रदर्शन किया था। 48.69 हजार टन उत्पादन हुआ था। जबकि उत्पादकता 2841 किलोग्राम प्रति हेक्टेयर रही थी। समारोह में भाग लेने के लिए सोखेन हेम्ब्रम मंगलवार को ही बेंगलुरु रवाना हो गए हैं। कहा कि यह उनके जीवन का अनमोल क्षण है। तकनीकी प्रबंधक राजेश कुमार ने कहा है कि जिले के लिए यह गर्व की बात है।