प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कोरोना वॉरियर्स का विशेष तरीके से सम्मान करने के सशस्त्र बलों के निर्णय का स्वागत किया है। भारतीय सेना ने Coronavirus महामारी के खिलाफ जंग में जुटे चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों, पुलिसकर्मियों को शुक्रिया अदा करने के लिए कई कार्यक्रमों के आयोजन की योजना बनाई है।
PM मोदी ने ट्वीट कर कहा कि भारत ने अपने साहसी अग्रिम पंक्ति पर काम करने वाले जांबाजों के साथ मिलकर COVID-19 के खिलाफ जंग छेड़ी है और उन्होंने कई मरीजों की देखभाल कर उन्हें स्वस्थ किया है। उन्होंने कहा, ‘वे शानदार हैं। भारत उनकी और उनके परिवार की सराहना करता है।’
PM ने कहा कि भारतीय सशस्त्र बलों ने हमेशा देश को सुरक्षित रखा है। आपदा के समय भी वे लोगों की मदद के लिए मौजूद रहते हैं। उन्होंने कहा, ‘हमारे सशस्त्र बल अब खास अंदाज में देश को COVID-19 से मुक्त करने के लिए अग्रिम मोर्चे पर काम कर रहे लोगों को शुक्रिया अदा कर रहे हैं।’
Coronavirus महामारी से निपटने के लिये अग्रिम मोर्चे पर तैनात चिकित्सकों, अन्य स्वास्थ्यकर्मियों और पुलिसकर्मियों जैसे लाखों लोगों का देश के सशस्त्र बल रविवार को भव्य तरीके से आभार प्रकट करेंगे। इसके तहत, लड़ाकू विमान ‘फ्लाई-पास्ट’ करेंगे, सेना के बैंड बजाए जाएंगे, नौसेना के हेलिकॉप्टर COVID-19 रोगियों के इलाज में जुटे अस्पतालों पर फूल बरसाएंगे और नौसेना के जहाजों को प्रकाशमान किया जाएगा। प्रमुख रक्षा अध्यक्ष (CDS) बिपिन रावत ने शुक्रवार को यहां एक संवाददाता सम्मेलन में यह घोषणा की।