देशभर में दीपावली की तैयारियां जोरों पर हैं। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दी हैं। दीपावली की पूर्व संध्या पर पीएम मोदी ने एक वीडियो संदेश जारी कर सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि हर साल की तरह इस बार भी वह देश के जवानों के साथ दिवाली मनाएंगे। प्रधानमंत्री ने उम्मीद जताई कि आने वाला समय सभी के जीवन में खुशियां और समृद्धि लेकर आए। इससे पहले पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात कर उन्हें भी दीपावली की शुभकामनाएं दी थीं।
पीएम मोदी ने जारी किया वीडियो संदेश
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर वीडियो संदेश जारी कर देशवासियों को दीपावली की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने ‘नमस्ते’ के साथ अपने संदेश की शुरुआत करते हुए कहा कि दीपावली का पावन पर्व पूरे देश को रोशनी से जगमगा रहा है। उन्होंने इसे अंधकार के खिलाफ देश के संकल्प और प्रकाश की जीत का प्रतीक बताया। पीएम मोदी ने सभी के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। उन्होंने कहा कि वह भी हर साल की तरह इस बार पूरे उत्साह के साथ दीपावली मनाएंगे और देश के वीर जवानों के बीच जाकर उनके साथ त्योहार की खुशियां साझा करेंगे।
पीएम मोदी ने उपराष्ट्रपति से की मुलाकात
इससे पहले शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन से मुलाकात की और उन्हें दीपावली की शुभकामनाएं दीं। पीएम मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर इस मुलाकात की जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि उपराष्ट्रपति से मुलाकात के दौरान दोनों ने एक-दूसरे को दीपावली की शुभकामनाएं दीं।
अयोध्या पहुंचे उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन
इस बीच, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को अयोध्या में होने वाले 10वें दीपोत्सव के लिए उपराष्ट्रपति सीपी राधाकृष्णन का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि उपराष्ट्रपति की मौजूदगी इस भव्य आयोजन को और खास बनाएगी। सीएम योगी ने X पर विभिन्न देशों के राजदूतों, उच्चायुक्तों और राजनयिकों का भी स्वागत किया। उन्होंने कहा कि सरयू तट पर 30 लाख से अधिक मिट्टी के दीयों का प्रज्वलन अंधकार पर सत्य और धर्म की शाश्वत जीत का संदेश देगा।

