प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर भाजपा के ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत अगरतला में महा रक्तदान शिविर आयोजित किया गया। इस दौरान भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री और त्रिपुरा के पूर्व मुख्यमंत्री बिप्लब कुमार देब ने शिविर में पहुंचकर रक्तदान किया। उन्होंने रक्तदाताओं का उत्साह बढ़ाते हुए लोगों से सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने की अपील की।
बिप्लब कुमार देब ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता पीएम मोदी के जन्मदिन को सेवा और समर्पण के पर्व के रूप में मना रहे हैं। उन्होंने रक्तदान को महादान बताते हुए कहा कि यह जरूरतमंद मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाता है। देब ने सभी रक्तदाताओं का आभार जताते हुए उनके सेवा भाव की सराहना की।
बिप्लब देब ने की पीएम मोदी की तारीफ
बिप्लब देब ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास की नई दिशा में आगे बढ़ रहा है। अर्थव्यवस्था, इंफ्रास्ट्रक्चर, डिजिटल तकनीक, गरीब कल्याण, महिला सशक्तिकरण और युवाओं के लिए अवसर बढ़ाने पर लगातार जोर दिया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार की योजनाओं का लक्ष्य विकास का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना है।
देब ने कहा कि पीएम मोदी ने ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के जरिए देश के विकास में जनभागीदारी को बढ़ावा दिया है। उन्होंने कहा कि भारत आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ रहा है और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प नागरिकों की भागीदारी से मजबूत हो रहा है।
बीजेपी कार्यकर्ताओं ने भी किया रक्तदान
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि पीएम मोदी के जन्मदिन पर होने वाली सेवा गतिविधियां सिर्फ एक दिन तक सीमित नहीं हैं, बल्कि समाज और देश के प्रति निरंतर सेवा की भावना को बढ़ावा देती हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं और आम लोगों से भी सेवा कार्यों में भाग लेने की अपील की।

