देश भर में लागू Lockdown के बीच प्रवासियों के लिए चलाई श्रमिक स्पेशल ट्रेने चलाई जा रही हैं। केरल,तेलंगाना, महाराष्ट्र, गुजरात और राजस्थान से ट्रेने रवाना हुईं। इस बीच कांग्रेस नेता और राज्यसभा सांसद अहमद पटेल ने एक तस्वीर ट्वीट कर BJP पर सवाल उठाए हैं। तस्वीर में प्रवासियों के लिए रवाना होने वाली ट्रेन को एक शख्स BJP का झंडा दिखा रहा है। तस्वीर को ट्वीट कर पटेल ने 4 सवाल पूछे हैं।
पटेल ने लिखा- मेरे कुछ सवाल है 1) सूरत से प्रवासियों के लिए एक ट्रेन को रवाना करने के लिए BJP के झंडे की जगह तिरंगा का इस्तेमाल क्यों नहीं किया गया? 2) ट्रेन BJP की है या भारत की? 3) गरीब प्रवासी गुजरात से ओडिशा की इस यात्रा के लिए पैसे क्यों दे रहे थे? 4) उनकी यात्रा खर्च को PMCares से क्यों नहीं दिया गया?’
देश में लॉकडाउन (Lockdown) के कारण अलग-अलग हिस्सों में फंसे प्रवासी मजदूरों, छात्रों, पर्यटकों औेर अन्य लोगों के लिए गृह मंत्रालय और रेल मंत्रालय ने शुक्रवार को राहत देने वाला फैसला लिया है। MHA ने घोषणा की है कि विभिन्न राज्यों में फंसे लोगों को अब स्पेशल ट्रेनों से घर भेजा जाएगा। इसके बाद रेल मंत्रालय ने जानकारी दी कि रेलवे की ओर से 1 मई को मजदूर दिवस के मौके पर ‘श्रमिक स्पेशल’ ट्रेनें शुरू की जा रही हैं। इनके जरिये फंसे लोगों और मजदूरों को घर भेजा जाएगा।
गृह मंत्रालय(MHA) की ओर से 1 मई को जारी आदेश में कहा गया है रेल मंत्रालय इसके लिए नोडल अफसर की नियुक्ति करेगा। रेलवे के अनुसार यात्रा से पहले लोगों की मेडिकल जांच की जाएगी। जो लोग ठीक पाए जाएंगे, वे ही यात्रा कर पाएंगे। इन लोगों को रेलवे स्टेशन लाने के लिए राज्य सरकारें सोशल डिस्टेंसिंग नियम का पालन करते हुए सैनिटाइज की गई बसों का इस्तेमाल करेंगी।
रेलवे ने साफ किया है कि हर यात्रा को मास्क से चेहरा ढकना आवश्यक होगा। इसके साथ ही उनके खानपान की व्यवस्था उन्हें भेजने वाली राज्य सरकार स्टेशन पर करेगी। लंबी यात्रा के दौरान रेलवे यात्रियों को एक बार का खाना मुहैया कराएगी। गंतव्य स्थान पहुंचने के बाद संबंधित राज्य सरकार यात्री की स्क्रीनिंग और उनके आगे की यात्रा तय करेगी।