बच्चे ने निगल ली छोटी-सी चीज? घबराएं नहीं, तुरंत करें ये काम; भूलकर भी न करें ये गलतियां!

जब घर में कोई छोटा बच्चा गलती से सिक्का, बैटरी, खिलौने का छोटा हिस्सा या मोती जैसी कोई चीज निगल लेता है, तो माता-पिता का घबराना लाजिमी है। ऐसी स्थिति में घबराने के बजाय शांत रहना और सही समय पर उचित कदम उठाना बेहद जरूरी होता है। थोड़ी-सी लापरवाही बच्चे की सेहत के लिए खतरा बन सकती है। इस बारे में FMRI गुरुग्राम के आपातकालीन विभाग के प्रमुख डॉ. मोहम्मद नदीम बता रहे हैं कि ऐसी स्थिति में माता-पिता को क्या करना चाहिए और किन गलतियों से बचना चाहिए।

क्या कहते हैं डॉक्टर
अगर बच्चा गलती से कोई छोटी चीज निगल ले, तो माता-पिता को घबराने के बजाय सबसे पहले उसकी सांस और स्वास्थ्य पर ध्यान देना चाहिए। सांस लेने में परेशानी, लगातार खांसी, ज्यादा लार आना, निगलने में दिक्कत, होंठ नीले पड़ना या बेहोशी जैसे लक्षण दिखें तो तुरंत अस्पताल पहुंचाएं। इसके अलावा, यह जानना भी जरूरी है कि बच्चे ने कौन-सी चीज, कितनी देर पहले और किस आकार की निगली है। कुछ छोटी और चिकनी चीजें अपने आप शरीर से बाहर निकल सकती हैं, लेकिन बटन बैटरी, चुंबक, नुकीली वस्तुएं और खाने की नली में फंसा सिक्का गंभीर नुकसान पहुंचा सकते हैं। इसलिए ऐसे मामलों में बिना लक्षण दिखे भी तुरंत डॉक्टर से जांच कराना जरूरी है।

इन बातों का माता-पिता को रखना चाहिए ध्यान
ऐसी स्थिति में बच्चे को जबरदस्ती उल्टी न करवाएं और न ही खाना-पानी दें। मुंह में उंगली डालकर वस्तु निकालने की कोशिश भी न करें, इससे वह और अंदर जा सकती है। अगर बच्चे ने बटन बैटरी या चुंबक निगल लिया है, तो बिना देर किए अस्पताल पहुंचाएं। वहां डॉक्टर बच्चे की स्थिति के अनुसार जांच, एक्स-रे या एंडोस्कोपी की सलाह दे सकते हैं। ध्यान रखें, ऐसी घटना को मामूली समझकर टालना खतरनाक हो सकता है। समय पर इलाज मिलने से गंभीर परेशानियों से बचा जा सकता है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1