‘स्त्री 2’ के बाद श्रद्धा कपूर ने ठुकराए कई बड़े ऑफर, अब ‘ईठा’ की कहानी ने जीता दिल!

बॉलीवुड अभिनेत्री श्रद्धा कपूर ने फिल्म ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त सफलता के बाद अपने करियर को लेकर किए गए एक खास फैसले का खुलासा किया है। इन दिनों वह अपनी अगली फिल्म ‘ईठा’ की तैयारी में जुटी हैं। हाल ही में इंस्टाग्राम पर आयोजित Q&A सेशन के दौरान एक फैन ने उनसे करियर को सही दिशा में आगे बढ़ाने को लेकर सवाल किया। इसके जवाब में श्रद्धा ने बताया कि उन्होंने सही कहानी के इंतजार में धैर्य रखा और कई बड़े ऑफर ठुकरा दिए। अभिनेत्री ने ‘ईठा’ का हिस्सा बनने पर भी खुशी जाहिर की। इससे पहले फिल्म के ट्रेलर लॉन्च के दौरान भी उन्होंने इसे चुनने की वजह बताई थी।

स्त्री 2′ के बाद फिल्म साइन न करने पर श्रद्धा कपूर का बयान
एक फैन ने श्रद्धा कपूर से युवा लड़कियों को करियर में सही फैसले लेने को लेकर सलाह देने के लिए कहा। इसके जवाब में अभिनेत्री ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि ‘स्त्री 2’ की सफलता के बाद उन्हें कई फिल्मों के ऑफर मिले थे। इन फिल्मों के लिए उन्हें मोटी रकम भी ऑफर की गई, लेकिन उन्होंने जल्दबाजी में कोई प्रोजेक्ट साइन नहीं किया। श्रद्धा ने बताया कि उन्होंने तय कर लिया था कि जब तक उन्हें अपनी पसंद की बेहतरीन कहानी नहीं मिलेगी, तब तक वह कोई फिल्म नहीं करेंगी। अपने दिल की सुनते हुए उन्होंने धैर्य बनाए रखा और सही मौके का इंतजार किया।

ईठा’ में काम करने पर श्रद्धा ने जताई खुशी
श्रद्धा कपूर ने अपनी बात आगे बढ़ाते हुए कहा कि जिस चीज को आप दिल से चाहते हैं, उसके लिए इंतजार करना आसान नहीं होता। हालांकि, आज उन्हें अपने इस फैसले पर गर्व है कि उन्होंने जल्दबाजी करने के बजाय धैर्य रखा। अभिनेत्री ने युवा लड़कियों को सलाह देते हुए कहा कि हमेशा अपने दिल की सुननी चाहिए। भले ही सही मौके का इंतजार मुश्किल लगे, लेकिन जब मनचाहा मुकाम मिलता है तो यह इंतजार पूरी तरह सार्थक साबित होता है।

स्त्री 2′ की सफलता ने श्रद्धा कपूर को बना दिया सुपरस्टार
साल 2024 में रिलीज हुई ‘स्त्री 2’ ने बॉक्स ऑफिस पर शानदार प्रदर्शन करते हुए ब्लॉकबस्टर फिल्मों की सूची में अपनी जगह बनाई थी। अमर कौशिक के निर्देशन में बनी इस फिल्म में श्रद्धा कपूर और राजकुमार राव मुख्य भूमिका में नजर आए थे। वहीं, पंकज त्रिपाठी, अपारशक्ति खुराना और अभिषेक बनर्जी ने भी अहम किरदार निभाए थे। फिल्म ने रिलीज के पहले ही दिन पेड प्रिव्यू समेत करीब 55 करोड़ रुपये की कमाई कर धमाकेदार शुरुआत की। इसके बाद भी फिल्म की कमाई का सिलसिला जारी रहा और कुछ ही दिनों में दुनियाभर में इसका कलेक्शन 500 करोड़ रुपये के पार पहुंच गया। आखिरकार फिल्म ने वर्ल्डवाइड 857 करोड़ रुपये का कारोबार किया और भारतीय सिनेमा की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली हॉरर-कॉमेडी फिल्म बन गई।

श्रद्धा कपूर की आने वाली फिल्म
श्रद्धा कपूर इन दिनों अपनी आगामी फिल्म ‘ईठा’ को लेकर चर्चा में हैं और उन्हें इसकी रिलीज का बेसब्री से इंतजार है। लक्ष्मण उतेकर के निर्देशन में बन रही इस फिल्म का निर्माण मैडॉक फिल्म्स और कठपुतली क्रिएशन्स के बैनर तले किया गया है। इसे दिनेश विजान और करिश्मा शर्मा प्रोड्यूस कर रहे हैं। फिल्म में श्रद्धा मशहूर लावणी कलाकार विठाबाई भाऊ मांग नारायणगांवकर की भूमिका निभाती नजर आएंगी। वहीं, रणदीप हुड्डा, मोहम्मद जीशान अय्यूब, सिद्धार्थ जाधव, इश्तिहाक खान और अनंत जोशी भी अहम भूमिकाओं में दिखाई देंगे।

श्रद्धा कपूर ने ‘ईठा’ में रोल निभाने के बारे में की बात
फिल्म में मुख्य भूमिका निभाने को लेकर श्रद्धा कपूर ने कहा कि यह एक ऐसी महिला की कहानी है, जिसने अपनी कला, हिम्मत और खास पहचान के दम पर लोगों के दिलों में जगह बनाई। उन्होंने बताया कि निर्देशक लक्ष्मण उतेकर से किरदार के बारे में जितना जानने का मौका मिला, वह उतनी ही इसकी कहानी और दुनिया से जुड़ती चली गईं। श्रद्धा के मुताबिक, इस भूमिका को निभाना उनके लिए बेहद रोमांचक अनुभव रहा है और वह दर्शकों को बड़े पर्दे पर इस महिला का सफर दिखाने के लिए उत्साहित हैं। उन्होंने यह भी कहा कि ‘स्त्री’ और ‘स्त्री 2’ के बाद मैडॉक फिल्म्स के साथ दोबारा काम करना उनके लिए खास है। पूरी टीम ने फिल्म के लिए काफी मेहनत की है और अब उन्हें दर्शकों की प्रतिक्रिया का बेसब्री से इंतजार है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1