दिल्ली में DDA के फ्लैटों की मांग में लगातार इजाफा देखने को मिल रहा है। लोगों के बीच इन घरों का क्रेज इस कदर बढ़ा है कि चालू वित्त वर्ष के महज 7 महीनों में ही पिछले पूरे वित्त वर्ष से ज्यादा फ्लैट बिक चुके हैं। दिल्ली विकास प्राधिकरण (DDA) ने अप्रैल से अक्टूबर 2026 के बीच कुल 9,332 फ्लैट बेचे हैं, जबकि पिछले साल इसी अवधि में 5,198 घरों की बिक्री हुई थी। इस तरह फ्लैटों की बिक्री में करीब 80 फीसदी की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
DDA के आंकड़ों के अनुसार, इस साल पिछले साल की समान अवधि के मुकाबले 4,134 ज्यादा फ्लैट बिके हैं। खास बात यह है कि LIG, MIG और HIG तीनों श्रेणियों में बिक्री के आंकड़े पिछले पूरे वित्त वर्ष को पार कर चुके हैं। इससे दिल्ली में DDA की हाउसिंग स्कीम के प्रति लोगों की बढ़ती दिलचस्पी और भरोसे का अंदाजा लगाया जा सकता है।
LIG, MIG और HIG फ्लैटों की भी बढ़ी डिमांड
DDA की तीन प्रमुख कैटेगरी में भी बिक्री ने पिछले साल का रिकॉर्ड तोड़ दिया है।
•LIG फ्लैट: अप्रैल से अक्टूबर के बीच 5,171 फ्लैट बिके, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में 3,547 फ्लैट बिके थे।
•MIG फ्लैट: चालू वित्त वर्ष के पहले सात महीनों में 1,704 फ्लैट बिके, जबकि पिछले पूरे साल यह आंकड़ा 1,580 था।
•HIG फ्लैट: इस कैटेगरी में 820 फ्लैट बिक चुके हैं, जबकि पिछले पूरे वित्त वर्ष में 404 फ्लैटों की बिक्री हुई थी।
नरेला बना घर खरीदारों की पहली पसंद
DDA के फ्लैटों की बिक्री में सबसे बड़ी हिस्सेदारी नरेला इलाके की रही है। कुल बिक्री में 90 फीसदी से अधिक फ्लैट नरेला में बिके हैं। इसकी प्रमुख वजह यहां तेजी से विकसित हो रहा इंफ्रास्ट्रक्चर और बेहतर कनेक्टिविटी मानी जा रही है। अर्बन एक्सटेंशन रोड-2 (UER-II), प्रस्तावित रिठाला-नरेला-कुंडली मेट्रो कॉरिडोर और 138 हेक्टेयर में बनने वाला एजुकेशन हब इस क्षेत्र को नई पहचान दे रहे हैं। इसके अलावा यहां स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और ग्रीन एरिया भी विकसित किए जा रहे हैं, जिससे नरेला में घर खरीदने वालों की दिलचस्पी बढ़ रही है।
31 दिसंबर तक बुक कर सकेंगे DDA के फ्लैट
घर खरीदने की योजना बना रहे लोगों के लिए DDA ने राहत भरी खबर दी है। प्राधिकरण ने अपनी तीन हाउसिंग स्कीमों की बुकिंग की अंतिम तारीख बढ़ाकर 31 दिसंबर 2026 कर दी है। इन योजनाओं में DDA कर्मयोगी आवास योजना 2025, कर्मजीवी आवास योजना 2026 और नागरिक आवास योजना 2026 शामिल हैं। इच्छुक लोग DDA के आधिकारिक हाउसिंग पोर्टल https://eservices.dda.org.in पर जाकर ऑनलाइन फ्लैट बुक कर सकते हैं। खास बात यह है कि ये सभी फ्लैट फ्रीहोल्ड और रेडी-टू-मूव हैं। खरीदार बुकिंग से पहले सैंपल फ्लैट देखकर भी अपने लिए सही घर का चुनाव कर सकते हैं।

