ओडिशा के भुवनेश्वर में सोमवार की देर रात बीजेपी नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन चरण सेठी का 79 साल की उम्र में निधन हो गया। करीबी सूत्रों के मुताबिक वो पिछले कुछ समय से बिमार चल रहे थे, अचानक तबियत बिगड़ने के बाद उन्हें भुवनेश्वर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया था। बता दें अर्जुन चरण सेठी साल 2000 से 2004 तक अटल बिहारी वाजपेयी की अगुवाई वाली एनडीए सरकार में केंद्रीय जल संसाधन मंत्री थे। इसके अलावा अर्जुन चरण सेठी आठ बार सांसद चुने गए थे साथ ही दो बार उन्होंने ओडिशा का विधानसभा चुनाव भी जीता था। बीजेपी में आने से पहले अर्जुन चरण सेठी बीजू जनता दल में थे। लेकिन साल 2019 में वो बीजेपी में शामिल हो गए थे।
बता दें अर्जुन चरण सेठी का जन्म 18 सितंबर 1941 को हुआ था। अर्जुन चरण सेठी ओडिशा के भद्रक से भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस के नेतृत्व में साल 1971 में पहली बार लोक सभा का चुनाव जीता था। इसके बाद 1980 के लोकसभा चुनाव में उन्हें जीत हासिल हुई थी। इसके साथ ही 1991 में भद्रक से ही उन्होंने जनता दल के टिकट पर लोकसभा का चुनाव जीता था। इसके बाद लगातार साल 1998, 1999, 2004 और फिर 2009 में लगातार उन्होंने लोकसभा के चुनाव में शानदार जीत मिली।
