देश में कोरोना वायरस संक्रमण (Coronavirus) लगातार फैल रहा है। रविवार दोपहर तक देश में संक्रमण के मामले बढ़कर 62939 हो गए हैं। वहीं देश में Covid 19 से अब तक 2109 लोगों की मौत हो चुकी है। इस बीच केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर हर्षवर्धन (Harsh vardhan) ने रविवार को जानकारी दी है कि पिछले 24 घंटे में देश के 10 राज्यों में COVID19 का एक भी नया केस नहीं आया है। इसके साथ ही उन्होंने बताया कि देश के 4 राज्य अब तक कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण से अछूते हैं।
रविवार को मंडोली में कोविड 19 केयर सेंटर का जायजा लेने पहुंचे डॉ। हर्षवर्धन ने बताया कि देश में कुल 4362 कोविड केयर सेंटर मौजूदा समय में हैं। इनमें 3,46,856 लोगों को रखा गया है। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि अब तक केंद्र सरकार की ओर से राज्यों को 72 लाख एन 95 मास्क और 36 लाख पीपीई किट भेजी जा चुकी हैं।
जिन 4 राज्यों में अब तक कोई COVID 19 केस नहीं आया है, उनमें सिक्किम, नगालैंड और लक्षद्वीप शामिल हैं। वहीं अंडमान निकोबार, अरुणाचल प्रदेश, गोवा, मणिपुर और मिजोरम में CORONA VIRUS के कोई ऐक्टिव मामले नहीं हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री हर्षवर्धन ने शनिवार को जानकारी दी थी कि COVID-19 की जांच का आंकड़ा बढ़कर प्रतिदिन लगभग 95,000 हो गया है, जबकि 332 सरकारी और 121 निजी प्रयोगशालाओं में अब तक कुल 15 लाख 25 हजार 631 जांच हुई हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने पूर्वोत्तर के राज्यों में कोविड-19 स्थिति और इसके प्रसार को रोकने के लिये उठाये गये कदमों की समीक्षा की थी।