Bihar Election 2020

मोदी का नाम, नीतीश का बना काम,दिवाली के बाद सीएम की शपथ लेंगे नीतीश

बिहार में बहार है… फिर एक बार नीतीशे कुमार है। आखिरकार बिहार ने एक बार फिर से जदयू के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष Nitish Kumar पर भरोसा जताते हुए लगातार चौथी बार CM बनने का मौका दिया है। बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर हुए चुनाव में NDA ने 125 सीटें हासिल कर पूर्ण बहुमत प्राप्‍त कर लिया है। विपक्षी महागठबंधन को इस चुनाव में 110 सीटें हासिल हुई हैं। अंतिम तौर पर घोषित नतीजों में BJP को 74, जदयू को 43, राजद को 75, कांग्रेस को 19 सीटें प्राप्‍त हुई हैं। भाकपा माले को 12 और अन्‍य के खाते में 8 सीटें गई हैं।

ताजा चुनावी नतीजों के साथ ही एक बार फिर से NDA की अगुआई में Nitish Kumar की सरकार बननी तय हो गई है। बीते दिन 15 घंटे तक चली मतगणना के बाद नतीजे घोषित कर दिए गए। इस चुनाव में असद़द्दीन ओवैसी की पार्टी एआइएमआइएम ने सबको चौंकाते हुए कुल 5 सीटें हासिल कीं। इधर चुनावी नतीजे घोषित किए जाने के क्रम में महागठबंधन का प्रतिनिधमंडल चुनाव आयोग पहुंचा और मतगणना में गड़बड़ी की शिकायत की। राजद-कांग्रेस के नेताओं ने कहा कि उनके उम्‍मीदवारों को जीत के बाद भी जबरन हरा दिया गया।

मुख्यमंत्री Nitish Kumar दीपावली के तुरंत बाद मुख्यमंत्री की शपथ ले सकते है। ऐसी संभावना है कि 16 से 18 नवंबर के बीच वह मुख्यमंत्री पद की शपथ लें। पिछली बार उन्होंने 20 नवंबर को शपथ लिया था। यह तय माना जा रहा कि इस बार भी मुख्यमंत्री का शपथग्रहण समारोह सार्वजनिक रूप से गांधी मैदान में होगा।

फिर से सुशील मोदी ही होंगे उपमुख्यमंत्री

सियासी गलियारे में इस बात की चर्चा है कि इस बार भी सुशील कुमार मोदी ही उप मुख्यमंत्री होंगे। ऐसा हुआ तो सबसे अधिक समय तक उप मुख्यमंत्री रहने का रिकार्ड भी सुशील मोदी के नाम पर दर्ज हो जाएगा। वह Nitish Kumar की सरकार में वित्त मंत्री का कामकाज भी देखते रहे है।

ऐसी चर्चा है कि Nitish Kumar के मंत्रिमंडल में कई पुराने मंत्री रिपीट होंगे। मिथिलांचल ने NDA की जीत में बड़ी भूमिका निभायी है। ऐसी संभावना है कि भाजपा के विनोद नारायण झा औैर संजय झा पुन: राज्य मंत्रिमंडल का हिस्सा बन सकते है। ऊर्जा मंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव व रुपौली से जीतीं गन्ना मंत्री बीमा भारती को भी जगह मिलनी तय मानी जा रही है। महेश्वर हजारी व नंदकिशोर यादव भी पुन: मंत्री होंगे यह भी तय है। खाद्य आपूर्ति मंत्री मदन सहनी भी जीतकर आ गए है। कोसी से नरेंद्र नारायण यादव भी जीत गए है। श्रवण कुमार को नए मंत्रिमंडल में जगह मिलेगी यह तय है।
इन मंत्रियों की जगह नए चेहरे की तलाश

जदयू कोटे से मंत्री रहे कृष्णनंदन प्रसाद वर्मा, जयकुमार सिंह, खुर्शीद उर्फ फिरोज, रामसेवक सिंह, लक्ष्मेश्वर राय, बृजकिशोर बिंद, संतोष निराला और शैलेश कुमार चुनाव हार गए है। श्याम रजक अब पार्टी में है ही नहीं। मंत्री रहे कपिलदेव कामत का निधन हो गया है। BJP कोटे के मंत्री सुरेश शर्मा चुनाव हार गए है। विनोद सिंह की मृत्यु हो गयी है। ऐसे में इनकी जगह मंत्रिमंडल में नए चेहरे दिखेंगे।
जेपी नड्डा से मिले अमित शाह, जीत की दी बधाई

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार चुनाव में शानदार जीत के लिए भाजपा के राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष जेपी नड्डा से मुलाकात कर उनको बधाई दी। शाह ने देश के विकास के लिए सतत प्रयास में जुटे कार्यकर्ताओं को इस जीत के लिए सराहा।
हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (एस) के अध्‍यक्ष पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी ने लोजपा प्रमुख चिराग पासवान को नसीहत दी है। मांझी ने कहा- एक कहावत है, ‘उस शाखा को मत काटो जिस पर तुम बैठते हो’। उसी तरह, चिराग पासवान ने NDA का हिस्सा होने के बावजूद Nitish Kumar को हराने की दिशा में काम किया। परिणाम स्पष्ट है, शाखा काट दी गई है, लेकिन वह भी गिर गया। उनकी आवाज अब अपने चिराग से भस्म हो गई है।
एनडीए की जीत के बाद पोस्‍टरों से पटा पटना

चुनावों में जबर्दस्‍त जीत के बाद बिहार में फिर से वापसी करने पर एनडीए नेता फूले नहीं समा रहे। अपने नेता Nitish Kumar के गुणगान करने वाली पोस्‍टरों से उन्‍होंने पटना की तमाम गलियां-चौबारा पाट दिया। बड़-बड़े होर्डिंग्‍स लगाकर नीतीश को जीत की शुभकामनाएं दी जा रही हैं। इधर जदयू की ओर से महागठबंधन और राजद पर पोस्‍टर-बैनर के जरिये कड़ा प्रहार किया गया है।

बिहार कांग्रेस ने सरकार पर चुनाव के दौरान गड़बड़ी के आरोप लगाए हैं। बुधवार को पार्टी ऑफिस में प्रेस से कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष मदन मोह न झा, प्रचार अभियान समिति अध्यक्ष अखिलेश सिंह व विधान परिषद सदस्य प्रेमचंद मिश्रा ने कहा बिहार में मतों का अपहरण किया गया है। जिन जगहों पर उम्मीदवार के बीच कम वोटों का अंतर था वहां गड़बड़ की गई।

लोजपा प्रमुख चिराग पासवान ने कहा कि यदि Nitish Kumar मुख्यमंत्री बनते हैं तो उन्हें बधाई देता हूं। सात निश्चय में भ्रष्टाचार की जांच होनी चाहिए। नीतीश सरकार को ईमानदारी से जांच करानी चाहिए। इससे पहले चिराग पासवान ने ट्विटर पर अपने संदेश में लिखा- बिहार की जनता ने आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी पर भरोसा जताया है। जो परिणाम आए हैं उससे यह साफ है की BJP के प्रति लोगो में उत्साह है। यह प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी की जीत है।
बिहार में NDA की शानदार जीत के बाद कांग्रेस के नेता दिग्विजय सिंह ने जदयू के अध्‍यक्ष Nitish Kumar को चेताया है। उन्‍होंने बुधवार को ट्विटर पर लिखे संदेश में कहा कि- भाजपा/संघ अमरबेल के समान हैं, जिस पेड़ पर लिपट जाती है वह पेड़ सूख जाता है और वह पनप जाती है। नितीश जी, लालू जी ने आपके साथ संघर्ष किया है आंदोलनों मे जेल गए है भाजपा/संघ की विचारधारा को छोड़ कर तेजस्वी को आशीर्वाद दे दीजिए। इस “अमरबेल” रूपी भाजपा/संघ को बिहार में मत पनपाओ। दिग्विजय ने आगे लिखा- नितीश जी, बिहार आपके लिए छोटा हो गया है, आप भारत की राजनीति में आ जाएँ। सभी समाजवादी धर्मनिरपेक्ष विचारधारा में विश्वास रखने वाले लोगों को एकमत करने में मदद करते हुए संघ की अंग्रेजों के द्वारा पनपाई “फूट डालो और राज करो” की नीति ना पनपने दें। विचार ज़रूर करें।
बिहार चुनावों में Nitish Kumar की लगातार चौथी जीत ने बता दिया है कि उसे लुभावने वादे नहीं विकास की भूख है। वोटरों ने जिस तरह Nitish Kumar पर विश्‍वास जताया है, उससे साबित हो गया है कि 10 लाख नौकरी, पुराना पेंशन और समान काम के बदले समान वेतन के हवाई दावे हवा में रहने लायक है। NDA को मिली बहुमत बता रही है कि यह जनादेश सुशासन को दिया गया है। सबका साथ और सबका विकास का नारा एक बार फिर से बुलंद हुआ है। भाजपा-जदयू की शानदार जीत बता रही है कि अनुमान पर नहीं परिणाम पर यकीन करने वाले ही सरकार और शासन चलाने का माद्दा रखते हैं।
विधानसभा की घोषित कुल 243 सीटों में राजद 75 सीटें लाकर सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं BJP के खाते में 74 सीटें गई हैं। एनडीए की बात करें तो कुल 125 सीटों में BJP को 75, जदयू को 43, हम को 4 और VIP को 4 सीटें मिली हैं। वहीं महागठबंधन की कुल 110 सीटों में राजद को 75, कांग्रेस को 19, माले को 12, भाकपा को 2 और माकपा को 2 सीटें हासिल हुई हैं। एआइएमआइएम को 5, बसपा को एक, लोजपा को एक और एक सीट निर्दलीय के खाते में गई है।

इस चुनाव में मुख्‍यमंत्री Nitish Kumar को महिला वोटरों का खुलकर साथ मिला। पुरुषों के मुकाबले 5 फीसद अधिक मतदान करने वाली महिलाओं ने आगे आकर सरकार की नीतियों का साथ दिया। शराबबंदी से लेकर महिला उत्‍थान के लिए किए जा रहे कार्यों के एवज में उन्‍होंने नीतीश को वोट देकर जिताया। इस चुनाव में बड़े फैक्‍टर की बात करें तो नीतीश के चेहरे, सुशासन और विकास का मॉडल, रणनीति के साथ विपक्ष का मुकाबला, सवर्ण मतदाताओं का साथ और विपक्ष के नेता का बिना सोचे-समझे 10 लाख नौकरी का वादा के दम पर एनडीए ने चुनावों में जीत हासिल की।

बिहार चुनाव में इस बार बड़े-बड़े दिग्‍गज ढेर हो गए। चुनाव हारने वाले नामी-गिरामी चेहरों में नीतीश सरकार के मंत्री सुरेश शर्मा, रामसेवक सिंह, जयकुमार सिंह, लक्ष्‍मेश्‍वर राय, संतोष कुमार निराला, खुर्शीद अहमद, शैलेश कुमार और ब्रजकिशोर बिंद शामिल हैं। राजद के मुस्लिम फेस अब्‍दुल बारी सिद्दकी, उदय नारायण चौधरी, लालू यादव के समधी चंद्रिका राय और VIP सुप्रीमो मुकेश सहनी इस बार बुरी तरह चुनाव हार गए।

बिहार विधानसभा चुनाव में कुछ खास चेहरों पर नजरें टिकी रहीं। मतदाताओं ने इनकी झोली वोटों से भरकर इन्‍हें फिर से 5 साल के लिए सेवा का मौका दिया। चुनाव जीतने वाले खास चेहरों में पूर्व मुख्‍यमंत्री जीतन राम मांझी, स्‍पीकर विजय कुमार चौधरी, डॉ प्रेम कुमार, श्रेयसी सिंह, निशा सिंह, मीणा कामत, तेजस्‍वी यादव, तेज प्रताप यादव और विजय कुमार सिन्‍हा शुमार हैं।

चुनाव आयोग ने बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजों पर बड़ी बात कही है। आयोग के मुताबिक 4 सीटों पर जीत-हार का अंतर महज 200 वोट हैं। जबकि 24 सीटों पर जीत-हार का अंतर 1000 वोट हैं। 32 सीट पर 2000 वोटों का अंतर है। 48 सीटों पर जीत-हार का फासला सिर्फ 3000 वोट है। उप निर्वाचन अधिकारी आशीष कुंद्रा ने बताया कि अबतक आधे से अधिक सीटों पर मतगणना कार्य पूर्णता की ओर है। कुल 4 करोड़ मतों में से 2.7 करोड़ वोटों की गिनती कर ली गई है। रात तक सभी नतीजे घोषित कर दिए जाएंगे।

लोजपा अध्यक्ष चचिरा पासवान ने बिहार चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी। चिराग ने दावा किया कि चुनाव में लोजपा को जनता का व्यापक सर्मथन मिला। इसके लिए हम जनता को धन्यवाद देता हूं। बिहार में NDA की सरकार बनने जा रही है और बिहार का विकास होगा। चिराग ने दावा किया कि बिहार विधानसभा चुनाव में लोजपा को 6 फीसद वोट मिला है। 25 लाख लोगों ने बिहार फर्स्ट बिहारी फर्स्ट को जनता का समर्थन मिला। चिराग ने कहा कि नीतीश कुमार CM बनेंगे यह एनडीए को तय करना है। यदि लोजपा सरकार बनाती तो नीतीश CM नहीं होते।

बिहार विधानसभा चुनाव के 243 सीटों के नतीजे सामने आ गए हैं। अबतक जीती हुई घोषित सीटों में से एनडीए को 125, महागठबंधन को 110 और एआइएमआइएम, बसपा व दूसरे दलों को 8 सीटें मिली है। इस तरह NDA ने बहुमत हासिल कर लिया है। इस बीच केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को बधाई दी है। बिहार चुनाव में NDA के अच्‍छे प्रदर्शन पर दोनों नेताओं ने मंगलवार को बातचीत की। पूर्व CM जीतन राम मांझी चुनाव जीत गए हैं। उन्‍होंने अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी उदय नारायण चौधरी को हराया। इस चुनाव में कई दिग्‍गज चुनाव हार गए हैं। लालू प्रसाद यादव के समधी चंद्रिका राय परसा से चुनाव हार गए हैं। वे जदयू के टिकट पर चुनाव मैदान में किस्‍मत आजमा रहे थे। इधर नीतीश सरकार के नगर विकास मंत्री सुरेश शर्मा मुजफ्फरपुर से चुनाव हार गए हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव में जीत पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने बिहार की जनता का आभार जताया। उन्होंने एक के बाद एक कई ट्वीट किए। ट्वीट में शाह ने लिखा, BJP विकास, विश्वास और प्रगति की प्रतीक है।आज बिहार विधानसभा चुनाव और देश के विभिन्न राज्यों के उपचुनावों में BJP को मिले अभूतपूर्व समर्थन के लिए जनता को नमन। जीत के लिए नरेंद्र मोदी, जेपी नड्डा और समस्त भाजपा कार्यकर्ताओं को बधाई। शाह ने कहा- चुनावों में जनता ने जिस उत्साह से नरेंद्र मोदी और NDA की नीतियों में अपना समर्थन जताया वो सचमुच अद्भुत है। यह परिणाम न सिर्फ Corona के विरुद्ध मोदी सरकार की सफल लड़ाई में गरीब, मजदूर, किसान और युवाओं के विश्वास को दिखात है बल्कि देश को गुमराह करने वालों के लिए सबक भी है।

अमित शाह ने बिहार में विकास, प्रगति और सुशासन को पुनः चुनने के लिए प्रदेश के सभी भाइयों-बहनों का हृदय की गहराइयों से आभार व्यक्त किया। कहा कि मैं विशेषकर बिहार के युवाओं और महिलाओं को साधुवाद देता हूं जिन्होंने बिहार में सुरक्षा और उज्ज्वल भविष्य को चुनकर एनडीए की पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई। अपने आखिरी ट्वीट में शाह ने लिखा, बिहार के हर वर्ग ने फिर एक बार खोखलेवादे, जातिवाद और तुष्टिकरण की राजनीति को सिरे से नकार कर NDA के विकासवाद का परचम लहराया है। यह हर बिहारवासी की आशाओं और आकांक्षाओं के साथ ही नरेंद्र मोदी और Nitish Kumar के डबल इंजन विकास की जीत है।

मात्र 13 वोट से हिलसा सीट से हार पचा नहीं पा रहा राजद। मतगणना केंद्र सोगरा कॉलेज को राजद समर्थकों ने घेरा। धांधली का आरोप लगा, नीतीश मुर्दाबाद के लगा रहे नारे। करीब दो-तीन हजार लोग जमा हुए। स्थिति विस्फोटक। कभी भी अर्द्ध सैनिक बल कर सकते हैं लाठी चार्ज। राजद प्रत्याशी अत्रि मुनि उर्फ शक्ति सिंह यादव बैलेट पेपर पर हुए मतदान की गिनती में 145 वोटों को जबरन रद्द करने का लगा रहे आरोप।
विधानसभा चुनाव में गड़बड़ी की शिकायत को लेकर राजद का प्रतिनिधिमंडल चुनाव आयोग के दफ्तर में पहुंचा है। राजद के प्रवक्‍ता मनोज झा ने कहा कि राजद के कई प्रत्‍याशियों को जीत के बाद भी प्रमाण पत्र नहीं दिया गया है। ऐसे में किसी गड़बड़ी की आशंका से इंकार नहीं किया जा सकता। मनोज झा ने मतगणना में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। कहा कि आयोग ने शिकायतों की जांच का भरोसा दिया है।

बिहार विधानसभा चुनाव में कांटे की टक्‍कर के बाद अब एनडीए गठबंधन बहुमत की ओर तेजी से बढ़ रहा है। अबतक BJP, जदयू, वीआइपी और हम ने मिलकर 111 सीटें जीत ली हैं। BJP 74 सीटें जीतकर इस चुनाव में सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। जदयू ने 41 सीटें जीती हैं। महागठबंधन के खाते में अबतक 93 सीटें गई हैं। इनके 18 उम्‍मीदवार अब भी बढ़त बनाए हुए हैं। NDA के 13 उम्‍मीदवार अपने नजदीकी प्रतिद्वंद्वियों से आगे चल रहे हैं। अन्‍य के खाते में 8 सीटें गई हैं।

बिहार के मुख्‍यमंत्री Nitish Kumar से मिलने BJP नेता भूपेंद्र यादव और सुशील मोदी पहुंचे हैं। बिहार चुनाव में NDA की बढ़त को लेकर यहां नेताओं ने चर्चा की। माना जा रहा है कि NDA नेताओं ने आगे की रणनीति पर मंथन किया। नीतीश के CM आवास पर हलचल बढ़ गई है। इस बैठक में गृह राज्‍य मंत्री नित्‍यानंद राय भी मौजूद हैं।

लालू के समधी और तेज प्रताप यादव की पत्‍नी ऐश्‍वर्या राय के पिता चंद्रिका राय परसा से चुनाव हार गए हैं। वे जदयू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इधर समस्‍तीपुर के हसनपुर सीट से तेज प्रताप यादव अपने निकटतम प्रतिद्वंद्वी से 8600 वोटों से आगे चल रहे हैं। लालू के छोटे बेटे तेजस्‍वी यादव राघोपुर सीट से बढ़त बनाए हुए हैं। बिहार विधानसभा चुनाव के नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। अबतक घोषित की गई 68 सीटों में 40 NDA, 27 महागठबंधन और एक सीट बसपा के खाते में गई है। भाजपा-जदयू गठबंधन अभी 103 सीटों पर आगे चल रहा है। जबकि राजद-कांग्रेस-वाममोर्चा का महागठबंधन 97 सीटों पर बढ़त बनाए हुए है।

कैमूर में तीन विधानसभा सीट पर राजद की जीत पक्की मानी जा रही है। चैनपुर विधानसभा में अभी काउंटिंग चल रही है। जिसमें BSP के प्रत्याशी मोहम्मद जमा खां आगे हैं। रामगढ़ से राजद के प्रदेश अध्यक्ष जगदानंद सिंह के पुत्र सुधाकर सिंह भी जीत के करीब है। अभी आधिकारिक पुष्टि होनी बाकी है। जबकि भभुआ और मोहनिया में राजद प्रत्याशियों की जीत कंफर्म हो चुकी है। लेकिन अभी प्रमाण पत्र नहीं मिला है।


सीतामढ़ी में BJP की बल्ले-बल्ले। उसने चारों सीटों पर जीत दर्ज कराई है। सबसे पहली जीत उसको सीतामढ़ी में मिली। उसके बाद बथनाहा, परिहार व रीगा भी जीत गई। जबकि, जदयू को अभी एक सीट पर जीत मिली है। 3 पर फैसला आना शेष है। परिहार से भाजपा की गायत्री देवी लगातार दूसरी बार विजयी हुई हैं। उन्होंने अपने निकटतम राजद प्रयाशी रितू कुमार को शिकस्त दी है। वहीं रीगा में भाजपा के मोती लाल प्रसाद ने सीटिंग विधायक अमित कुमार को पराजित कर दिया है। बथनाहा में BJP के अनिल कुमार पहली बार में ही विधायक बन गए हैं। NDA के लिए यह बड़ी जीत है। जदयू ने रुन्नीसैदपुर में जीत दर्ज कराई है। बाजपट्टी, सुरसंड व बेलसंड में अभी रस्साकश्काी चल रही है।


हाजीपुर से BJP के अवधेश सिंह, लालगंज से BJP के संजय सिंह, पातेपुर से भाजपा के लखेंद्र पासवान, वैशाली से जदयू के सिद्धार्थ पटेल, राघोपुर से राजद के तेजस्वी यादव और महुआ से राजद के मुकेश रौशन की जीत लगभग तय हो गई है। महनार और राजापाकर में वोटों की गिनती जारी है।

बिहार विधानसभा चुनाव में दमदार प्रदर्शन के लिए गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्‍यमंत्री Nitish Kumar को बधाई दी है। मंगलवार को शाह ने नीतीश से फोन पर बातचीत की और चुनावों में बेहतर प्रदर्शन के लिए कार्यकर्ताओं की सराहना की।

बिहार में फिर से नीतीशे कुमार… बिहार चुनावों में NDA की बढ़त के साथ ही BJP में जश्‍न का माहौल है। दरभंगा के केवटी से राजद के कद्दावर नेता अब्‍दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। उन्‍हें भाजपा के मुरारी झा ने हराया है। बिहार के CM नीतीश कुमार की अगुआई वाली NDA बिहार चुनावों में जीत की ओर बढ़ रही है। वहीं भाजपा सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है। राजद सुप्रीमो लालू यादव रांची के रिम्‍स में लॉन में बैठकर धूप सेंक रहे हैं। जबकि उनके करीबी भोला यादव चुनाव नतीजों में पीछे चल रहे हैं। लालू के छोटे बेजे तेजस्‍वी यादव बिहार में राघोपुर सीट से आगे चल रहे हैं।

दरभंगा की दस सीटों में से तीन पर BJP, दो पर जदयू व दो पर VIP की जीत। एक पर राजद का रहा कब्जा। केवटी से अब्दुल बारी सिद्दीकी हारे। दो सीटों पर एनडीए के प्रत्याशी लगातार आगे चल रहे हैं। दरभंगा सीट से BJP के संजय सरावगी चुनाव जीत गए हैं।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव हसनपुर सीट से आगे चल रहे हैं। बॉलीवुड एक्‍टर शत्रुघ्‍न सिन्‍हा के बेटे लव सिन्‍हा बांकीपुर सीट से पीछे चल रहे हैं। दानापुर से राजद के रीतलाल यादव आगे चल रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से आगे चल रहे हैं। पप्‍पू यादव मधेपुरा में पीछे चल रहे हैं। राजद के अब्‍दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह और संतोष कुमार निराला अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं।

सुपौल विधानसभा की सीट प्रदेश राजनीति में हॉट सीट मानी जाती है। इस क्षेत्र का नेतृत्व विगत तीस वर्षों से लगातार विजेंद्र प्रसाद यादव के हाथ में रहा है। 7 चुनाव जीतने के बाद उन्होंने आठवीं बार बाजी मारी है। उन्होंने साबित कर दिया कि मतदाताओं ने उन्हें सिर आंखों पर बिठाया। 1990 में वे पहली बार विधायक चुने गए। अब तक हर चुनाव इन्हें जीत का सेहरा मिलता रहा। इस चुनाव वे आठवीं बार वे अपना भाग्य आजमा रहे थे। टक्कर आमने-सामने का था। महागठबंधन की ओर से कांग्रेस प्रत्याशी मिन्नतुल्लाह रहमानी उर्फ मिन्नत रहमानी चुनाव मैदान में डटे हैं। हालांकि इस सीट पर लोजपा ने भी अपना प्रत्याशी खड़ा किया है। जिससे शुरुआती क्षणों में मुकाबले को त्रिकोणात्मक बनाने का प्रयास किया गया लेकिन स्थिति आमने-सामने पर आकर ही खड़ी हो गई। इस क्षेत्र से कुल 11 प्रत्याशी मैदान में अपना भाग्य आजमा रहे थे।


अब तक 19 सीटों के नतीजे आए हैं, जिनमें 14 NDA, 5 राजद के खाते में गए। परसा से जदयू के उम्‍मीदवार तेज प्रताप यादव के ससुर और लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय पीछे चल रहे हैं। जमुई से श्रेयसी सिंह आगे चल रही हैं। शुरुआती रुझानों में NDA और महागठबंधन में कड़ा मुकाबला देखने को मिल रहा है। कांटे की टक्‍कर में फंसे बिहार के लिए मंगलवार को बड़ा फैसला आ रहा है। चुनावी नतीजे के लिए मतगणना की प्रक्रिया पूरे रौ में है। लालटेन या तीर, बिहार में किसकी सरकार होगी। तेजस्‍वी करेंगे अगुआई या फिर नीतीश का होगा नेतृत्‍व। मतगणना जारी है। वोटों की गिनती के बाद प्रत्‍याशियों की जीत-हार तय होगी।
मधेपुरा के टीपी कॉलेज स्थित बज्रगृह में जिले के सभी चार विधानसभा सीट की मतगणाना हो रही है। अब तक हुए मतगणना में तीन सीट पर बिहारीगंज, आलमनगर व सिंहेश्वर पर जदयू आगे है। जबकि मधेपुरा सीट पर राजद की बढ़त है। आलमनगर के जदयू प्रत्याशी को अब तक हुए मतगणना में 31,003 मत प्राप्त हुआ है। जबकि राजद के ई.नवीन कुमार को 23,450 मत मिला है। वहीं बिहारीगंज में जदयू प्रत्याशी निरंजन मेहता को अब तक 27,175 मत प्राप्त हुआ है। जबकि कांग्रेस के सुभाषिनी बुंदेला को 25,956 मत मिला है। वहीं सिंहेश्वर में जदयू प्रत्याशी रमेश ऋषिदेव को 26,420 व राजद के चंद्रहास चौपाल को 17,904 मत मिला है। वहीं मधेपुरा विधानसभा में जदयू के निखिल मंडल को 18,490 व राजद के प्रो.चंद्रशेखर को 18,330 मत मिला है।

सीतामढ़ी में NDA सबसे पहले खाता खोलने के करीब पहुंचा। यहां अंतिम राउंड में वोटों की गिनती चल रही है। फासला 10000 से अधिक का है। अब राजद के लिए यह आंकड़ा छू पाना मुश्किल लग रहा है। अगर यहां से BJP निकलती है तो इस जिले में यह उसकी पहली जीत होगी। यहां से भाजपा के डॉ. मिथिलेश कुमार हैं तो राजद से सुनील कुमार।

सिवान सदर विधानसभा क्षेत्र से BJP प्रत्याशी ओम प्रकाश यादव को 10 वे राउंड में 27 हजार 59 वोट तथा राजद प्रत्याशी अवध बिहारी चौधरी को 21927 वोट मिले हैं। रघुनाथपुर विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के राजद प्रत्याशी हरिशंकर यादव को 11 वे राउंड में 30318 वोट तथा लोजपा प्रत्याशी मनोज कुमार सिंह को 20198 व जदयू प्रत्याशी को 6187 वोट, दलौदा विधानसभा निर्वाचन क्षेत्र के 10 वे राउंड में BJP प्रत्याशी रणजीत सिंह व्यास सिंह को 17781 तथा माले प्रत्याशी अमरनाथ यादव को 19052 वोट मिले हैं। जीरादेई विधानसभा के दसवें राउंड में जदयू प्रत्याशी कमला देवी को 15233 तथा भाकपा माले प्रत्याशी अमरजीत कुशवाहा को 23747 वोट प्राप्त हुआ है। बड़हरिया विधानसभा के सातवें राउंड में राजद प्रत्याशी बच्चा पांडे को 15172 तथा जदयू प्रत्याशी श्याम बहादुर सिंह को 13833 वोट मिले हैं।

जहानाबाद तथा अरवल जिले के सभी पांच सीटों पर वोटों की गिनती चल रही है। अभी किसी भी क्षेत्र का परिणाम घोषित नहीं हुआ है लेकिन सभी सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी आगें चल रहें हैं । जहानाबाद विधानसभा क्षेत्र से राज्य सरकार के शिक्षा मंत्री कृष्णनंदण प्रसाद वर्मा राजद प्रत्याशी सुदय यादव से 12 वें चक्र तक 12714 मतों के अंतर से पीछें चल रहें हैं । इधर घोषी के जदयू प्रत्याशी राहुल कुमार माले प्रत्याशी रामवली यादव से 13 वें चक्र की गिनती तक 16801 से पीछे चल रहें हैं। मखदुमपुर सुरक्षित विधानसभा क्षेत्र से राजद के सतीश दास पूर्व मुख्यमंत्री जीतनराम मांझी के दामाद देवेंन्द्र मांझी से 7838 वोट से आगें चल रहें हैं । अरवल विधानसभा क्षेत्र से भी मालें प्रत्याशी महानंद BJP प्रत्याशी दीपक शर्मा से 5000 से आगें चल रहें हैं । कुर्था विधानसभा क्षेत्र से भी राजद प्रत्याशी बागी कुमार वर्मा जदयू प्रत्याशी सत्यदेव सिंह कुशवाहा से 4200 मतों से आगें चल रहें हैं ।

भाजपा बिहार में फिर से Nitish Kumar को मुख्‍यमंत्री बनाने के निर्णय पर कायम है। BJP के प्रदेश अध्‍यक्ष संजय जायसवाल ने मंगलवार को एक बार फिर कहा कि हमने Nitish Kumar की अगुआई में चुनाव लड़ा है। वे ही हमारे मुख्‍यमंत्री होंगे। जीत दर्ज करने के बाद Nitish Kumar को NDA का नेता चुना जाएगा। BJP विधायक दल की बैठक में Nitish Kumar के नाम पर मुहर लगेगी।

मधुबनी के कुल दस में से आठ सीटों पर NDA ने बढ़त बना ली है। इन सीटों पर महागठबंधन प्रत्याशी दूसरे नंबर पर चल रहे हैं। लौकहा सीट पर राजद के भारत भूषण मंडल आगे चल रहे हैं, जबकि आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय पीछे चल रहे हैं। मधुबनी सीट पर एक बार पिछडने के बाद राजद के समीर महासेठ ने फिर से बढ़त बना ली है।


बिहार चुनाव में पहला रिजल्‍ट दरभंगा के केवटी से आया है। यहां राजद के अब्‍दुल बारी सिद्दकी चुनाव हार गए हैं। यहां भाजपा के मुरारी मोहन झा चुनाव जीते हैं। इससे पहले सिद्दकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर अपने आपत्तिजनक कमेंट को लेकर चर्चा में रहे।
सिवान के डायट स्थित मतगणना के दौरान राजद-बीजेपी के समर्थक आपस में भिड़ने की खबर है। हंगामे को शांत करने के लिए पुलिस ने लाठी चार्ज किया है। इस मतगणना केंद्र पर गोरेयाकोठी , दरौली और महराजगंज विधानसभा सीटों की मतगणना हो रही है।

गया जिले के वजीरगंज विधानसभा सीट से BJP प्रत्याशी वीरेंद्र सिंह करीब 7221 मतों से आगे चल रहे हैं। यहां कांग्रेस के प्रत्याशी शशी शेखर काफी पीछे चल रहे हैं। BJP प्रत्याशी ने पहले ही चरण से अपने निकटतम प्रतिद्वंदी पर बढ़त हासिल कर ली थी। चुनाव परिणामों में अब तक की गणना से वजीरगंज में एनडीए समर्थकों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।

भागलपुर जिले के सुल्तानगंज, पीरपैंती और कहलगांव विधानसभा क्षेत्र के पांच राउंड वोटों की गिनती पूरी हो गई है। इन पांच राउंड में सुल्तानगंज और पीरपैंती से जदयू और भाजपा के उम्मीदवार लगातार बढ़त बनाए हुए हैं। वोटों की गिनती लगातार एनडीए की तरफ बढ़ने से महागठबंधन दल में बेचैनी बढ़ गई है। वहीं, कहलगांव से कांग्रेस उम्मीदवार सदानंद सिंह के बेटे शुभानंद मुकेश करीब पांच हजार वोटों से भाजपा प्रत्याशी पवन कुमार यादव से आगे चल रहे हैं। पीरपैंती में राजद उम्मीदवार सह निवर्तमान विधयाक रामविलास पासवान पीछे चल रहे हैं। इसी तरह सुल्तानगंज से जदयू उम्मीदवार ललित मंडल कांग्रेस प्रत्याशी ललन यादव से करीब 2400 वोट से आगे हैं।

गोपालगंज की कुचायकोट सीट पर JDU के पप्पू पांडेय लगातार आगे चल रहे हैं। पप्पू पांडेय को 12491 वोट मिले, रालोसपा की सुनीता को 11211 वोट मिले हैं। तीसरे नंबर पर कांग्रेस के काली पांडेय को 5228 वोट मिले हैं। बैकुंठपुर में 11 राउंड की मतगणना सम्पन्न हो गई है। भाजपा प्रत्याशी मिथिलेश तिवारी करीब 2300 वोट से निर्दलीय प्रत्याशी मंजीत सिंह से आगे चल रहे हैं। भोरे विधानसभा में जदयू के सुनील कुमार 5 हजार वोटों से आगे चल रहे हैं। सुनील कुमार को 12259 वोट मिले हैं। महागठबंधन के माले प्रत्याशी जितेंद्र पासवान को 6963 वोट मिले हैं।

समस्‍तीपुर के हसनपुर सीट से आठवें राउंड के मतों की गिनती में समस्तीपुर जिले की हसनपुर विधानसभा में राजद के तेज प्रताप यादव आगे चल रहे हैं। उन्हें अब तक कुल 18867 मत मिले है। जदयू के राज कुमार राय पीछे चल रहे है। उन्हें अब तक कुल 16602 मत प्राप्त हुआ है।

बिहार विधानसभा चुनाव में BJP सबसे बड़ी पार्टी बनने की ओर अग्रसर है। अबतक BJP 75 सीटों पर बढ़त बना चुकी है। जबकि राजद उम्‍मीदवार भी भी 60 सीटों पर आगे चल रहे हैं। जदयू को अभी 50 सीटों पर बढ़त मिली हुई है।

अररिया में महागठबंधन और NDA में कांटे का मुकाबला देखने को मिल रहा है। रानीगंज से राजद के अविनाश मंगलम सातवें राउंड में 18380 वोट के साथ लीड कर रहे हैं। वही अचमित ऋषिदेव 13114 वोट के साथ दूसरे स्थान पर हैं। फारबिसगंज से विधा सागर केसरी पांचवे राउंड में 15542 वोट से पहले स्थान पर है वही जाकिर अनवर 13209 के साथ दूसरे स्थान पर है। अररिया से दूसरे राउंड में सगुप्ता अजीम 3292 वोट के साथ लीड कर रही है वही आबिदुर रहमान 1435 वोट के साथ दूसरे स्थान पर है। सिकटी से तीसरे राउंड में विजय मंडल 3534 वोट के साथ लीड कर रहे है वही शत्रुघ्न मंडल 1825 मत के साथ दूसरे स्थान पर है। नरपतगंज से तीसरे राउंड में अनिल कुमार यादव 7234 वोट के साथ दूसरे स्थान पर है वही जय प्रकाश यादव 7684 के साथ लीड कर रहे है। जोकीहाट से रंजीत यादव 16650 वोट के साथ लीड कर रहे है वही सरफ़राज़ 6107 वोट से दूसरे स्थान पर है।

बिहार विधानसभा चुनाव में मुख्‍यमंत्री Nitish Kumar की अगुआई वाली NDA बड़ी जीत की ओर बढ़ रही है। महागठबंधन की बढ़त लगातार घटती जा रही है। ताजा रुझानों में NDA 130 और महागठबंधन 99 सीटों पर आगे है। इस चुनाव में भारतीय जनता पार्टी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभर रही है।

जन अधिकार पार्टी प्रमुख पप्पू यादव मधेपुरा से अपने चुनाव में पीछे हो गए हैं। सुबह 11 बजे तक हुई मतों की गिनती में पप्पू यादव जदयू की ओर से प्रत्याशी बनाए गए निखिल मंडल से पीछे चल रहे थे। मधेपुरा विधानसभा सीट से किस्मत आजमाने उतरे पप्पू यादव 2019 के पूर्व तक संसद के सदस्य हुआ करते थे। 2014 में उन्होंने राजद के सिंबल पर मधेपुरा सीट पर जीत हासिल की थी। 2015 में राजद से बागी तेवर अपनाते हुए पप्पू यादव ने खुद की जन अधिकार पार्टी बना ली। 2020 में पप्पू यादव ने मधेपुरा विधानसभा सीट से किस्मत आजमाने का फैसला लिया और मैदान में उतरे। पर यहां से उन्हें बढ़त मिलती नहीं दिखाई दे रही है। जदयू प्रत्याशी निखिल मंडल से पप्पू काफी पीछे चल रहे हैं। हालांकि यह अब तक के रुझान ही हैं। परिणाम आना अभी शेष है।

मधुबनी जिले की 10 सीटों में NDA सात और महागठबंधन तीन सीटों पर आगे। हरलाखी में जदयू के सुधांशु शेखर, बेनीपट्टी में पीएचईडी मंत्री विनोद नारायण झा, खजौली में भाजपा के अरुण शंकर प्रसाद, बाबूबरही में जदयू की मीना कामत, बिस्फी में भाजपा के हरिभूषण ठाकुर बचोल, राजनगर (सु) में भाजपा के रामप्रीत पासवान, झंझारपुर में भाजपा के नीतीश मिश्रा आगे चल रहे हैं। मधुबनी में राजद के समीर महासेठ, लौकहा में राजद के भारत भूषण मंडल और फुलपरास में कांग्रेस के कृपानाथ पाठक आगे चल रहे हैं। आपदा प्रबंधन मंत्री लक्ष्मेश्वर राय लौकहा में पीछे चल रहे हैं।
कांग्रेस नेता और बॉलीवुड सांसद शत्रुघ्‍न सिन्‍हा की प्रतिष्‍ठा दांव पर लगी है। उनके बेटे कांग्रेस उम्‍मीदवार लव सिन्‍हा लगातार पीछे चल रहे हैं। पटना के बांकीपुर सीट से BJP के प्रत्‍याशी नितीन नवीन लगातार उनपर बढ़त बनाए हुए हैं।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर चुनाव के बाद आज नतीजे जारी किए जा रहे हैं। 38 जिलों में 55 मतगणना केंद्रों पर चाक-चौबंद सुरक्षा के बीच जीत-हार या बढ़त के रुझाान मिलने शुरू हो गए हैं। बिहार के लिए आज बेहद अहम दिन है। मंगलवार को आने वाले चुनावी नतीजे यहां की नई सरकार की दशा-दिशा तय करेंगे। मुख्‍यमंत्री Nitish Kumar की अगुआई वाली NDA और तेजस्‍वी यादव के नेतृत्‍व वाले महागठबंधन में जनता ने किसके सिर ताज-सजाया है, उसका फैसला आज आ रहा है।

रांची के रिम्‍स में अपनी गंभीर बीमारियों का इलाज करा रहे राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव बिहार चुनाव के नतीजों से इतर लॉन में बैठकर धूप सेंक रहे हैं। राजनीति के माहिर खिलाड़ी माने जाने वाले लालू के बारे में कहा जाता है कि वे हवा का रुख भांपने में माहिर माने जाते हैं। ऐसे में महागठबंधन की जीत-हार को खास तवज्‍जो नहीं देते हुए वे अपनी दिनचर्या में रमे हैं। बहरहाल बिहार में एनडीए लगातार अपनी बढ़त को पुख्‍ता कर रहा है।

मतगणना को लेकर पुलिस ने सभी राजनीतिक दलों के पार्टी कार्यालयों पर सुरक्षा व्यवस्था देररात से ही बढ़ा दी है। पटना स्थित पार्टी मुख्यालयों के अलावा जिलों के कार्यालय पर भी एक-एक मजिस्ट्रेट और दस-दस जवानों को तैनात कर दिया था। जो वहां की हर गतिविधि पर नजर रखने के साथ विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी चौक-चौराहों और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है। पुलिस लगातार वाहनों की जांच के साथ संदिग्धों से पूछताछ कर रही है।

एएन कॉलेज में चल रही मतगणना के कारण तीनों प्रवेश द्वारों पर अर्ध सैनिक बल तैनात किए गए हैं। इसके अलावा संवेदनशील माने जा रहे कारगिल चौक, दानापुर, फुलवारीशरीफ और पटनासिटी में दो कंपनी अर्धसैनिक बल मुस्तैद हैं। उनके साथ जिला पुलिस के अधिकारी और थाना पुलिस भी गश्त कर रही है।

बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना के दौरान भोजपुर जिले के सभी सातों सीटों पर महागठबंधन के प्रत्याशी आगे चल रहे हैं। ताजा अपडेट के अनुसार 192-संदेश विधानसभा में 1648 मत से महागठबंधन की किरण देवी आगे चल रही हैं। किरण देवी को 2156 विजेंद्र यादव को 506 एवं श्वेता सिंह को 1186 मत मिले। 193-बड़हरा विधानसभा में महागठबंधन के सरोज यादव 3305 वोट से आगे है। सरोज यादव को 4137 एवं राघवेंद्र प्रताप सिंह को 832 मत मिले। वही 195-अगिआंव विधानसभा (सू) के महागठबंधन के मनोज मंजिल 1204 वोट से आगे हैं। मनोज मंजिल को 2498, प्रभुनाथ राम को 1294 मत मिले। 197-जगदीशपुर विधानसभा में 2245 से महागठबंधन के रामविशून सिंह लोहिया आगे चल रहे हैं। 198 शाहपुर विधानसभा क्षेत्र से महागठबंधन के उम्मीदवार राहुल तिवारी उर्फ मंटू तिवारी 2531 वोट से आगे चल रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के मतगणना का रुझान अब धीरे-धीरे आने लगे हैं। इसको देखते हुए विभिन्न पार्टी कार्यालयों में धीरे-धीरे चहल-पहल बढ़ने लगी है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदाकत आश्रम स्थित कार्यालय में सुबह में पूरी तरह सन्नाटा पसरा था लेकिन जैसे जैसे समय बीत रहा है वैसे वैसे लोगों की चाल अकादमी कार्यालय में बढ़ रही है। कांग्रेस कार्यालय में बाहर से सन्नाटा दिख रहा है लेकिन अंदर में थोड़ी सी गहमागहमी का माहौल है पार्टी के पंचायती राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष अशफर अहमद, प्रवक्ता जया मिश्रा, ब्रजेश कुमार मनन आदि के साथ लगभग एक दर्जन कार्यकर्ता और पदाधिकारी कांग्रेस मुख्यालय के बरामदे में टीवी पर चुनाव के रुझान को देख रहे हैं। जैसे-जैसे महागठबंधन को रुझान में बढ़त मिल रही है वैसे वैसे चेहरों पर खुशी दिख रही है।

ढाका विधानसभा क्षेत्र में दो राउंड की गिनती समाप्त हो गई है। भाजपा के पवन जायसवाल 3238 मतों से आगे चल रहे हैं। पवन जायसवाल के पहले राउंड में 3199 एवं दूसरे राउंड में 7460 मत मिले। राजद के फैसल रहमान को पहले राउंड में 2003 एवं दूसरे राउंड में 2219 मत मिले हैं। सहरसा से BJP के आलोक रंजन, स‍िमरी से वीआईपी के मुकेश सहनी, सोनवर्षा से जदयू के रत्‍नेश सादा और महिषी में राजद के गौतम कृष्‍ण आगे चल रहे हैं।

जदयू नेता केसी त्‍यागी ने कहा है कि एक साल पहले, राजद लोकसभा चुनाव में एक भी सीट नहीं जीत सकी। लोकसभा परिणामों के अनुसार, जदयू और सहयोगियों को 200 से अधिक सीटों पर जीत हासिल करनी थी। पिछले एक साल में, ब्रांड नीतीश को कुछ भी नुकसान नहीं पहुंचा है या ब्रांड आरजेडी से जुड़ गया है, हम केवल कोरोनावायरस प्रभाव के कारण कुछ सीटें खो रहे हैं।

पूर्वी चंपारण में पहले राउंड की गिनती के बाद केसरिया विधानसभा क्षेत्र से जदयू की शालिनी मिश्रा, नरकटिया विधानसभा सीट से राजद के शमीम अहमद, हरसिद्धि से BJP के कृष्णनंदन पासवान, गोविंदगंज से भाजपा सुनीलमणि तिवारी, कल्याणपुर से राजद से राजद के मनोज कुमार यादव व पीपरा से भाजपा श्यामबाबू यादव आगे चल रहे हैं। तीसरे राउंड में भी मधुबन से भाजपा से राणा रंधीर व पिपरा से श्यामबाबू यादव आगे हैं।


अबतक की शुरुआती रुझानों में 119 पर NDA और 114 पर महागठबंधन के उम्‍मीदवार आगे चल रहे हैं। चुनाव आयोग से प्राप्‍त आंकड़ों में भी NDA उम्‍मीदवारों ने बढ़त बना रखी है। वर्तमान में सभी 243 सीटों के रुझान सामने आ गए हैं। इस लिहाज से 10 सीटों पर दूसरे दलों के उम्‍मीदवार बढ़त बनाए हुए हैं।

लालू के बेटे तेज प्रताप यादव आगे चल रहे हैं। पटना के दानापुर से राजद के रीतलाल यादव, भाजपा के सत्येंद्र आगे और बांकीपुर से भाजपा के नितिन नवीन आगे चल रहे हैं। पटना साहिब से भाजपा के नंदकिशोर यादव, पालीगंज से जदयू के जयवर्द्धन आगे चल रहे हैं।

मंगलवार की सुबह घरों में भी चुनाव के नतीजे जानने को लेकर लोगों में उत्सुकता दिखी। घरों में देर तक सोने वाले लोग जल्दी उठ गए। बेली रोड की रहने वाली पूनम आनंद ने बताया कि नतीजे को जानने को लेकर सारे परिवार जल्दी उठ गए। उन्होंने बताया कि सारा परिवार परिणाम जानने को सुबह से ही टीवी पर चिपके दिखे। सुबह का नाश्ता भी बाहर से मंगाया जाएगा। क्योंकि लोग परिणाम जानने को लेकर टीवी के समाने बैठे हैं।

मधुबनी जिले के दस में से किसी भी विधानसभा का अब तक रुझान प्राप्त नहीं है। आरके कॉलेज केंद पर सात विधानसभाओं की मतगणना हो रही है। अभी तक किसी भी विधानसभा का रुझान प्राप्त नहीं है। डीएनवाई कॉलेज केंद्र पर तीन विधानसभाओं की मतगणना सुबह 9 बजे शुरू हुई है। अभी तक किसी विधानसभा के रुझान की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है। पोस्टल बैलेट की गिनती में बेनीपट्टी से कांग्रेस प्रत्याशी भावना झा आगे।


अबतक की शुरुआती रुझानों में 107 पर NDA और 125 पर महागठबंधन के उम्‍मीदवार आगे चल रहे हैं। बाहुबली अनंत सिंह मोकामा सीट से आगे चल रहे हैं। पप्‍पू यादव मधेपुरा में और राजद के अब्‍दुल बारी सिद्दकी पीछे चल रहे हैं। नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह और संतोष कुमार निराला अपने प्रतिद्वंद्वियों से पीछे चल रहे हैं। परसा से जदयू के उम्‍मीदवार तेज प्रताप यादव के ससुर और लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय पीछे चल रहे हैं।

बिहार विधानसभा चुनाव के बाद आज नतीजे घोषित किए जा रहे हैं। अबतक की जानकारी के मुताबिक 92 सीटों पर एनडीए और 91 सीटों पर महागठबंधन के प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं।

बिहार चुनाव में महागठबंधन की बढ़त लगातार मजबूत होती जा रही है। राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद के समधी चंद्रिका राय अपने नजदीकी उम्‍मीदवार से पीछे चल रहे हैं। इस बीच नीतीश सरकार के मंत्री जय कुमार सिंह, संतोष कुमार निराला भी वोटों की गिनती में पिछड़ गए हैं। बांकीपुर सीट से भाजपा के नितीन नवीन आगे चल रहे हैं।

महागठबंधन व NDA के बीच कांटे की टक्‍कर हो रही है। शुरुआती रुझानों में दोनों गठबंधन 74-74 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। लोजपा व अन्‍य पार्टियां 4 सीटों पर आगे है। जमुई में श्रेयसी सिंह आगे चल रही हैं।


अररिया जिले में छह विधानसभा सीट है। मतगणना की प्रक्रिया शुरू हो गई है। सबसे पहले पोस्टल बैलेट की गिनती हो रही है। छह सीटों में से पांच पर महागठबंधन व NDA प्रत्याशी के बीच सीधा मुकाबला है। अररिया विधानसभा क्षेत्र में एनडीए की ओर से जदयू उम्मीदरवार शगुफ्ता अजीम व महागठबंधन के कांग्रेस उम्मीदवार आबिदूर रहमान के बीच सीधा मुकाबला है। वहीं रानीगंज में जदयू के अचमित ऋषिदेव व राजद के अविनाश मंगलम के बीच कांटे की टक्कर है।

121 विधानसभा क्षेत्रों से मिल रहे शुरुआती रुझान में 60 सीटों पर एनडीए आगे चल रहा है। जबकि 57 सीटों पर महागठबंधन आगे चल रहा है। 4 सीटों पर दूसरे दलों के उम्‍मीदवार बढ़त बनाए हुए है।

बिहार में चुनावी नतीजे जारी किए जा रहे हैं। मतों की गिनती के बाद शुरुआती रुझान आने शुरू हो गए हैं। अबतक की जानकारी के मुताबिक मुजफ्फरपुर से मंत्री सुरेश शर्मा पांचवें राउंड में बढ़त बनाए हुए हैं। अबतक 91 सीटों के रुझान मिले हैं। इनमें 45 पर महागठबंधन और 42 पर एनडीए आगे है। 4 सीटों पर अन्‍य दलों के उम्‍मीदवार आगे हैं।

बरारी स्थित मतदानकेन्द्र पर मतगणनाकर्मियों ने वज्रगृह में प्रवेश कर अपने अपने निर्धारित विधानसभा के टेबल पर जम गए। ईवीएम मशीन से भरे बक्से को लॉट में रखते हुए सहेजना शुरू कर दिया है। मतगणना कर्मियों का एक दल पोस्टल बैलेट का बॉक्स को स्ट्रांग रूम से निकाल कर टेबल पर रखना शुरू कर दिया है, गिनती की प्रक्रिया कुछ देर में ही आरंभ होनी है। सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए हैं।


64 सीटों के रुझान में महागठबंधन 32 और NDA 30 सीटों पर आगे चल रहा है। 2 सीटों पर दूसरी पार्टियों के प्रत्‍याशी ने अपने नजदीकी उम्‍मीदवार पर बढ़त बना ली है। भागलपुर में अजित शर्मा ने अपने प्रतिद्वंद्वी पर बढ़त बना ली है।


एग्जिट पोल में महागठबंधन की सरकार बनने के अनुमान के बीच बिहार की 243 सीटों पर मतगणना जारी है। अबतक मिले 50 विधानसभा क्षेत्र के रुझानों में 24 पर NDAऔर 26 सीटों पर महागठबंधन आगे चल रहा है। पोस्‍टल बैलेट के साथ ही कई सीटों पर पहले राउंड की मतगणना लगभग पूरी कर ली गई है।

अबतक मिले कुल 36 रूझानों में महागठबंधन और एनडीए में कांटे की टक्‍कर देखने को मिल रही है। दोनों गठबंधन अभी 16 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं। मतों की गिनती का क्रम अब धीरे-धीरे गति पकड़ रहा है। काउंटिंग रूम में गहमागहमी बनी हुई है। बेलागंज से सुरेंद्र यादव आगे चल रहे हैं।

बिहार में मतगणना जारी है। नई सरकार बनाने के लिए राजनीतिक दलों के बीच जद्दोजहद के बीच अबतक के रुझानों में 10 सीटों पर एनडीए आगे चल रहा है। महागठबंधन के प्रत्‍याशी 8 सीटों पर बढ़त बनाए हुए हैं।

बिहार चुनाव के शुरूआती रुझानों में एनडीए आगे चल रहा है। अबतक आए 8 रुझानों में 5 पर एनडीए और 3 पर महागठबंधन आगे चल रहा है। अररिया की 2 सीटों के अलावा भभुआ और नालंदा में भाजपा-जदयू के प्रत्‍याशी आगे चल रहे हैं।

बिहार विधानसभा की 243 सीटों पर हुए चुनाव के लिए मतगणना शुरू हो गई है। राज्‍य के 38 सीटों पर 55 मतगणना केंद्रों पर वोटों की गिनती जारी है। पहले पोस्‍टल बैलेट गिने जा रहे हैं। इसके साथ ही रुझान भी आने शुरू हो गए हैं। पहला रुझान अररिया के फारबिसगंज सीट से भाजपा के पक्ष में आया है।

रोहतास जिला के सात विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना तकिया स्थित बाजार समिति परिसर में थोड़ी देर में शुरू होने वाली है। सुरक्षा का व्यापक बंदोबस्त किया गया है। हर मोड़ पर, चौक चौराहों पर और बाजार समिति परिसर में काफी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात हैं। हर आने जाने वालों की जांच की जा रहे हैं। मीडिया को छोड़कर किसी को भी मोबाइल अंदर ले जाने की छूट नहीं है सुरक्षा व्यवस्था ऐसी कि परिंदा भी पर न मार सके।

राजद सुप्रीमो लालू प्रसाद की विरासत समस्तीपुर के हसनपुर विधानसभा के वोटरों के हाथ में है। यहीं से लालू प्रसाद के बड़े पुत्र महुआ विधायक तेज प्रताप ने पहली बार अपनी किस्मत आजमाया। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान के भतीजे व पूर्व सांसद स्व. रामचंद्र पासवान की विरासत रोसड़ा के मतदाताओं के हाथ में है। इस सीट से स्व. रामचंद्र पासवान के पुत्र कृष्ण राज के भाग्य आजमा रहे थे। पूर्व सांसद स्व. रामसेवक हजारी के पुत्र सह वर्तमान मंत्री महेश्वर हजारी दोबारे कल्याणपुर विधानसभा सीट से अपनी किस्मत आजमा रहे थे। इसी परिवार से आने वाले रामसेवक हजारी के भाई शशिभूषण हजारी फिर कुशेश्वर स्थान विधानसभा से ताल ठाेंक रहे थे। इसी तरह पूर्व मंत्री स्व. तुलसी दास मेहता के पुत्र आलोक कुमार मेहता भी दुबारे उजियारपुर विधानसभा सीट से चुनावी मैदान में उतरे थे।

गया जिला के सभी 10 विधानसभा सीटों पर हुए चुनाव की मतगणना आज सुबह 8:00 बजे से शुरू होगी। इसे लेकर गया शहर में तीन अलग-अलग मतगणना केंद्र बनाए गए हैं। गया कॉलेज, अनुग्रह मेमोरियल कॉलेज और जगजीवन कॉलेज में मतगणना होनी है। मतगणना को लेकर सभी केंद्रों पर सुरक्षा के चाक-चौबंद इंतजाम देखने को मिल रहे हैं ।मतगणना हॉल के प्रवेश द्वार पर अर्धसैनिक बलों के जवान भी ड्यूटी में मुस्तैद हैं। कोविड-19 को लेकर मतगणना केंद्र के मुख्य द्वार से अंदर हाल तक सभी जगह थर्मल स्कैनर से लोगों की जांच की जा रही है सभी को मास्क पहनकर ही अंदर जाने के लिए कहा गया है। अभी गया टाउन विधानसभा, बेलागंज का स्ट्रांग रूम खोला गया है। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू हो, इसके लिए सभी मतगणना कर्मी अपने अपने हॉल में आवंटित टेबल पर पहुंच गए हैं।

मुजफ्फरपुर में मतगणना केंद्र पर सुबह से ही अधिकारी व कर्मी लगे हैं। विभिन्न पार्टियों के एजेंट भी पहुंच गए हैं। सभी जिलों के मतगणना केंद्रों पर विधानसभावार टेबल बनाए गए हैं। सुरक्षा की कड़ी व्यवस्था की गई है। कुछ ही देर में मतगणना शुरू हो जाएगी। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। तिरहुत व मिथिलांचल की कुल 71 सीटों पर आठ मंत्रियों सहित 1088 प्रत्याशियों ने चुनाव लड़ा। मुजफ्फरपुर, मधुबनी, पूर्वी चंपारण, पश्चिम चंपारण, दरभंगा, सीतामढ़ी, शिवहर व समस्तीपुर जिलों में कौन जीतेगा और कौन हारेगा, इसका पता मतों की गिनती के बाद चलेगा। इन जिलों में एनडीए की ओर से भाजपा के 37, जदयू के 28 और वीआइपी के छह प्रत्याशियों की प्रतिष्ठा दांव पर है। जबकि, महागठबंधन की ओर से राजद के 43, कांग्रेस 20 और सीपीआइ व सीपीएम के आठ प्रत्याशी हैं।

औरंगाबाद में विधानसभा चुनाव 2020 की मतगणना को लेकर शहर में सुरक्षा का पुख्ता प्रबंध रहा। सच्चिदानंद सिन्हा महाविद्यालय स्थित वज्रगृह का त्रिस्तरीय सुरक्षा रखा गया है। कॉलेज मोड़ पर खुद डीटीओ अनिल कुमार सिन्हा एवं एसडीपीओ अनूप कुमार सुरक्षा में लगे हुए हैं। शहर में हर चौक-चौराओं पर सीआरपीएफ तैनात है।

अररिया जिले के छह विधानसभा क्षेत्र का मतगणना कार्य अब से थोड़ी देर बाद आठ बजे शुरू हो जाएगा। मतगणना के लिए चाक चौबंद सुरक्षा व्यवस्था की गई है। सुबह छह बजे से ही लोगों की भीड़ मतगणना कक्ष के बाहर लग गई है। बिना पास वाले को अंदर जाने की अनुमति नहीं दी गई है। बाजार समिति प्रांगण में अंदर व बाहर बिहार पुलिस के साथ साथ अर्धसैनिक बलों की टुकड़ियां तैनात की गई है। बस स्टैंड से रानीगंज जाने वाले मार्ग पर वाहनों का परिचालन बंद कर दिया गया है। लोग हड़ियाबाड़ा होकर रानीगंज की तरफ जा रहे हैं। वहीं मतगणना कार्य हेतु अररिया जिले में सभी छह विधानसभा क्षेत्र नरपतगंज, रानीगंज, फारबिसगंज अररिया, जोकीहाट एवं सिकटी के लिए अलग-अलग मतगणना हॉल निर्धारित किया गया।

कटिहार जिले के सातों विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में मौजूद सभी 101 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला बस अब चंद घंटों में हो जाएगी। मतगणना स्थल पर हर आवश्यक तैयारी पूरी की जा चुकी है। मतगणना कार्य में लगाए गए कर्मी भी यहां पहुंच अपने-अपने दायित्व की कमान संभाल चुके हैं। इधर मतगणना स्थल के दो सौ मीटर दूरी के बाहर मुख्य मुकाबले में मौजूद प्रत्याशियों के समर्थकों का जुटान भी होने लगा है। दूर दराज से सर्मथकों का आना यहां अल सुबह से शुरु हो गया है। मतगणना स्थल के आसपास सड़क किनारे चाय-पान व नाश्ते की दुकानें भी पूरी तरह सज गई है। फूल माला व अबीर गुलाल की दुकानें भी यहां सज रही है। आसपास के होटलों के मालिक रात में तैयार मिठाईयां तश्तरी में सजा पूरी तरह तैयार हैं।

विधानसभा चुनाव के तहत शिवहर सीट से 16 प्रत्याशियों की किस्मत का भी फैसला चंद घंटे में आ जाएगा। जिला प्रशासन द्वारा मतगणना की तैयारी शुरू कर दी गई है। सुबह आठ बजे मतगणना की शुरूआत होगी। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद पहला रूझान आएगा। नौ बजे ईवीएम खुलते ही रूझान आने शुरू हो जाएंगे। इस सीट से निवर्तमान विधायक सह जदयू प्रत्याशी मो. शरफुद्दीन और पूर्व सांसद सह बाहुबली आनंदमोहन तथा लवली आनंद के पुत्र सह राजद प्रत्याशी चेतन आनंद की प्रतिष्ठा जुड़ी हुई है।

गांधी की कर्मभूमि पूर्वी चंपारण में पिछले कई दिनों से जारी विधानसभा चुनाव की कवायद का आज मतगणना के साथ पटाक्षेप हो जाने की उम्मीद है। मतगणना के लिए शहर में तीन केंद्र बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर राज्य सरकार के दो मंत्री क्रमशः प्रमोद कुमार व राणा रंधीर सिंह और लोजपा संसदीय बोर्ड के अध्यक्ष राजू तिवारी समेत 163 प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला हो जाएगा। इसको लेकर लोगों में काफी उत्सुकता देखी जा रही है। मतगणना केंद्रों पर प्रत्याशी और उनके अभिकर्ता कतार में खड़े होकर प्रवेश कर रहे हैं। मतगणना केंद्र और उसके आसपास सुरक्षा के पुख्ता और कड़े प्रबंध किए गए हैं। हर किसी को जांच पड़ताल के बाद ही मतगणना केंद्र में प्रवेश दिया जा रहा है।

मुख्यमंत्री Nitish Kumar के चहेते विधायक मुजाहिद आलम को इस सीट पर जीत मिलती है या फिर ओवैसी का जादू चल पाएगा, यह तो कुछ देर बाद ही पता चल पाएगा। लेकिन त्रिकोणीय मुकाबले में फंसी इस सीट पर राजद, जदयू और एआइएमआइम के बीच कड़ा मुकाबला है और तीनों खेमे में जीत के प्रति आश्वस्ति दिख रही है। मतगणना शुरू होने में थोड़ा सा ही वक्त बचा है। पोस्टल बैलेट की गिनती के साथ रूझान आने लगेगा। लगभग 20 वें राउंड में फाइनल परिणाम भी सामने आ जाएंगे, मगर हर खेमे के समर्थकों के बीच उत्साह का माहौल है। अल्पसंख्यक बहुल इसी सीट पर कुल 12 प्रत्याशी मैदान में हैं। कोचाधामन में वोटर टर्न आउट 64.20 फीसद रहा।

आज बिहार चुनाव के नतीजे आ रहे हैं। इसके लिए मतगणना की प्रक्रिया जारी है। पटना में एएन कॉलेज मतगणना केंद्र पर मेले जैसा माहौल है। यहां प्रत्‍याशियों के पोलिंग एजेंटों के साथ ही मतगणनाकर्मी अपनी तैयारियों के साथ काउंटिंग के लिए पूरी तरह तैयार दिख रहे हैं। पटना के 9 विधानसभा क्षेत्रों के वोटों की गिनती यहां हो रही है। आठ बजे से वोट गिने जाएंगे।


पश्चिम चंपारण जिले के नौ विधान सभा क्षेत्रों एवं वाल्मीकिनगर लोक सभा क्षेत्र के लिए मतगणना अब से कुछ देर बाद बाजार समिति परिसर में शुरू होनी है। मगणना को लेकर कोई परेशानी नहीं हो, इसके लिए सभी वाहनों को एनएच से सरिसवा रोड के रास्ते डाइवर्ट कर दिया गया है। इसके लिए मुफस्सिल थाना एवं हरिवाटिका चौक पर सुरक्षा बलों की तैनाती की गई है। मतगणना के लिए मतगणना कर्मी एवं विभिन्न प्रत्याशियों के मतगणना प्रतिनिधि कतारबद्ध होकर अपनी सुरक्षा जांच करा रहे हैं। पश्चिम चंपारण को एसेंम्बली सेगमेंट के हिसाब से देखा जाय, तो यहां सूबे में सबसे ज्यादा विधान सभा क्षेत्रों का एक ही जगह मतगणना होनी है।

समस्‍तीपुर में मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी। पहले पोस्टल बैलेट की गिनती होगी। इसके बाद EVM के माध्यम से डाले गए वोटों की गिनती होगी। पहला रुझान पौने 9 बजे तक आने की उम्मीद है। हालांकि इसके बाद प्रत्येक आधे घंटे पर रूझान प्राप्त होते जाएंगे। इस बार दस विधानसभा क्षेत्रों के मतों की गिनती 20 हॉल में होगी। एक विधानसभा क्षेत्र की गिनती दो हॉल में कराने की व्यवस्था की गई है। ऐसा कोरोना को लेकर किया गया है। हर विधानसभा क्षेत्र में 14 टेबल रहेंगे। इस तरह हर विधानसभा में दो-दो हॉल में मतों की गिनती होगी। तीन बजे तक जिले के सभी दस विधानसभा क्षेत्रों के परिणाम आ जाएंगे। तेज प्रताप यादव, सरायरंजन से जदयू प्रत्याशी सह विधानसभा अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी और महेश्वर हजारी पर नजरें टिकी हैं।

मधेपुरा में थोड़ी देर में मतगणना शुरू होगी। 9 बजे पहला रूझान आएगा। टीपी कॉलेज (बज्रगृह) में मतगणना अभिकर्ता व कर्मी पहुंच चुके हैं। प्रत्याशी, समर्थक व मतदाता बेचैन हैं। क्या परिणाम आएगा। जनता ने किन्हें अपना प्रतिनिधि चुना है। मतगणना का निर्णय क्या आएगा। लगातार समर्थक आकलन कर रहे हैं। किस बूथ पर कितना मत मिला। किसने धोखा दिया। कहां लीड में रहेंगे। किस बूथ पर नुकसान होगा। इन सब के बीच समय बीत रहा है। सबकी निगाहे मतगणना केंद्र पर ही है। जिले के चार विधानसभा में कुल 60 प्रत्याशी हैं। इसमें 55 पुरूष व पांच महिला प्रत्याशी हैं। सबसे अधिक प्रत्याशी बिहारीगंज विधानसभा में है। यहां 22 प्रत्याशी मैदान में है। वहीं दूसरे नंबर पर मधेपुरा है। यहां 18 प्रत्याशियों का भाग्य का फैसला होना है। आलमनगर व सिंहेश्वर में 10-10 प्रत्याशी हैं। जिले में 7,93,618 लोगों ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया है। पुरूषों ने जहां 55 वहीं महिलाओं ने 67 प्रतिशत मतदान किया है।


बिहार में तीन चरणों में हुए विधानसभा चुनाव के लिए आज मतों की गिनती की जा रही है। मतगणना के लिए राज्‍य भर में 38 जिलों में कुल 55 केंद्र बनाए गए हैं। आज के चुनावी नतीजों के साथ ही 3734 प्रत्‍याशियों की किस्‍मत का फैसला हो जाएगा। सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी। 10 बजे तक बढ़त, जीत-हार का रुझान मिलना शुरू हो जाएगा। दोपहर बाद एक बजे तक स्‍पष्‍ट नतीजे आ सकते हैं। शाम 5 बजे के बाद आधिकारिक तौर पर चुनाव परिणाम जारी किए जाएंगे। चुनाव आयोग ने विजयी उम्‍मीदवारों के जुलूस या सभा करने पर प्रतिबंध लगाया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1