नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास कार्य को ध्यान में रखते हुए करीब 30 ट्रेनों को अन्य स्टेशनों पर शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। इस संबंध में उतर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारियों ने रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेजा है। मंजूरी मिलने के बाद ये ट्रेनें नई दिल्ली के बजाए शहर के अलग-अलग स्टेशनों से संचालित होंगी। पार्थवी सूची में भोपाल शताब्दी और प्रयागराज हमसफर जैसी प्रमुख ट्रेनें भी शामिल हैं। अधिकारियों के अनुसार, यह बदलाव त्योहारी सीजन से पहले लागू किया जा सकता है।
भोपाल शताब्दी, ताज एक्सप्रेस को हजरत निजामुद्दीन शिफ्ट करने का प्रस्ताव
नई दिल्ली रेलवे स्टेशन के पुनर्विकास में करीब 4 साल लगने का अनुमान है,जिसके चलते कई ट्रेनें इस अवधि तक अन्य स्टेशनों से संचालित की जाएगी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, रेलवे बोर्ड को भेजे गए प्रस्ताव में नई दिल्ली-रानी कमलापति शताब्दी ( भोपाल शताब्दी), नई दिल्ली-झांसी ताज एक्सप्रेस और नई दिल्ली- डॉ. अम्बेडकर नगर सुपरफास्ट एक्सप्रेस को हजरत निजामुद्दीन स्टेशन से चलाने की योजना शामिल है।
देहरादून शताब्दी, काठगोदाम शताब्दी, प्रयागराज हमसफर को आनंद विहार भेजने की योजना
नई दिल्ली से चलने वाली कई प्रमुख ट्रेनों को अलग-अलग स्टेशनों पर शिफ्ट करने की योजना बनाई गई है। प्रस्ताव के अनुसार, पूर्वा एक्सप्रेस , वैशाली एक्सप्रेस और बनारस सुपरफास्ट को शकूरबस्ती से चलाया जा सकता है,जबकि बरौनी और दरभंगा के लिए स्पेशल ट्रेनें सफदरजंग स्टेशन से संचालित होंगी। वहीं, देहरादून शताब्दी, काठगोदाम शताब्दी और प्रयागराज हमसफर को आनंद विहार टर्मिनल से चलाने की तैयारी है। गौरतलब है कि नई दिल्ली रेलवे स्टेशन देश के सबसे व्यस्त स्टेशनों में गिना जाता है, यहां रोजाना भारी संख्या में यात्री आते-जाते है।
