देश में वायु प्रदूषण की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। राजधानी दिल्ली में तो लोगों का सांस लेना मोहाल है। ऊपर से दिवाली और पड़ोसी राज्यों की तरफ से पराली जलाने से समस्या और बढ़ने वाली है। ऐसे में सीएम अरविंद केजरीवाल ने ऑड-ईवेन योजना को लागू करने की घोषणा की है।
गुरुवार को सीएम केजरीवाल ने बताया की दिल्ली में 4 से 15 नवंबर तक ऑड-ईवन फार्मूला लागू किया जाएगा। दिल्ली के साथ ही अन्य राज्यों से आने वाले वाहनों पर भी ये नियम लागू होगा। हालांकि, सिर्फ निजी चार पहिया वाहन पर इसे लागू किया जा रहा है। दो पहिया वाहन इस नियम से मुक्त हैं।
उन्होंने बताया कि ऑड-ईवन स्कीम प्रतिदिन सुबह आठ बजे से लेकर रात आठ बजे तक प्रभावी रहेगी। रविवार को यह योजना लागू नहीं होगी। इस नियम का उल्लंघन करने वाले वाहनों पर चार हजार रुपए का जुर्माना लगाया जाएगा।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति, प्रधानमंत्री, राज्यपालों, भारत के मुख्य न्यायाधीश, लोकसभा अध्यक्ष, केन्द्रीय मंत्रियों, राज्यसभा एवं लोकसभा में विपक्ष के नेता, राज्यों के मुख्यमंत्रियों को भी इस योजना से छूट मिलेगी लेकिन दिल्ली के मुख्यमंत्री एवं मंत्री इसके दायरे में आएंगे।
गौरतलब है कि ऑड-ईवन स्कीम में तारीख के अनुसार ऑड एंड ईवन नंबर वाले वाहनों को ही सड़क पर निकलने की अनुमति होगी।