दिल्ली समेत देश के विभिन्न हिस्सों में पेपर लीक को लेकर सड़क पर जारी संग्राम थम चुका है। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदर्शन खत्म कर दिया गया है। हालांकि, इस प्रदर्शन के दौरान बिहार के सिवान में हिंसा देखने को मिली थी। यहां एक जवान ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर AK-47 से गोली चला दी थी जिसमें 3 छात्र घायल हो गए थे। अब इस मामले पर हंगामा शुरू हो गया है। सरकार ने मामले पर कार्रवाई करते हुए संबंधित जवान को सस्पेंड कर दिया है।
जवान सस्पेंड, 3 छात्र घायल
सिवान में स्टूडेंट प्रोटेस्ट के दौरान AK-47 से फायरिंग करने वाले जवान को सस्पेंड कर दिया गया है। AK 47 से गोली चलाने वाले जवान की पहचान अभिषेक पटेल के तौर पर की गई है। अभिषेक SIT का जवान है। अब इस पूरे विवाद के बाद अभिषेक को सस्पेंड कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, जवान ने प्रदर्शन कर रहे लोगों पर AK-47 से सीधी फायरिंग की थी। सीवान में हुई फायरिंग में 3 छात्र घायल हुए जिनका इलाज पटना के मेदांता में चल रहा है।
30 पुलिसकर्मी भी घायल
सिवान में हुई हिंसा के मामले में पुलिस ने 3 एफआईआर दर्ज की हैं। 3 एफआईआर में कुल 100 लोगों पर नामजद प्राथमिकी दर्ज है। वहीं 200 अज्ञात लोगों पर एफआईआर दर्ज की गई है। इस पूरी हिंसा के मामले में तकरीबन 25 लोगों का पुलिस ने सदर अस्पताल, सिवान में मेडिकल कराकर जेल भेजा है। पुलिस की छापेमारी अभी भी जारी है। बता दें कि सिवान हिंसा में एसपी पूरण कुमार झा, नगर थाना इंस्पेक्टर अविनाश कुमार सहित कुल 30 पुलिसकर्मी घायल हुए थे।
तेजस्वी यादव ने सरकार को दिया अल्टीमेटम?
सिवान में हुई हिंसा के बाद अब सियासत भी तेज हो गई है। बिहार के नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। तेजस्वी यादव ने सम्राट सरकार को आज शाम तक का अल्टीमेटम दिया है कि अगर गिरफ्तार छात्रों और उनके भाई तेज प्रताप को शाम तक रिहा नहीं किया गया और उन पर दर्ज मुकदमें वापस नहीं लिए गए तो पूरे बिहार में आंदोलन होगा। उन्होंने कल शाम को ये बयान दिया था। तेजस्वी ने कहा- “हम सरकार के लोगों से आग्रह नहीं करेंगे बल्कि चेतावनी देना चाहते हैं। हमारे विधायकों को उठा लिया जाता है। हमारे कार्यकर्ताओं नेताओं को उठा लिया जाता है। हमारे बड़े भाई तेज प्रताप को ले जाया गया। सैकड़ों हजारों छात्रों पर पूरे बिहार के हर जिलों पर कार्रवाई की गई, FIR किया गया, वे अभी भी जेल में हैं। ये चेतावनी है सम्राट चौधरी जी को, अगर कल तक केस वापस हीं लिया गया उन्हें रिहा नहीं किया गया शाम तक तो हम लोग पूरे बिहार में आंदोलन करेंगे।”
राहुल गांधी ने भी उठाए सवाल
राहुल गांधी ने कहा- “छात्रों के खिलाफ पूरा का पूरा सिस्टम ही जानलेवा है। खबर आ रही है कि बिहार में प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर AK-47 से गोलियां चलाई गई हैं और सैकड़ों छात्रों को गिरफ़्तार करके उनपर FIR की जा रही है। मोदी जी, कहां गया आपका वादा कि छात्रों पर कोई FIR नहीं की जाएगी और उन्हें रिहा कर दिया जाएगा? उल्टा उनपर घातक हमले और बर्बरता की जा रही है। दिल्ली में छात्रों पर पेलेट गन चली और बिहार में AK-47। उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार हो या दिल्ली – हर जगह पैटर्न एक ही है। पहले भी कहा है, ये सरकार झूठी है। सुधार इनके बस का नहीं है। अपनी बातों से मुकर जाएगी और हर तरकीब से छात्रों की आवाज़ दबाएगी। मोदी जी, देश के छात्रों से माफ़ी मांगिए। और जिन्होंने छात्रों पर हमला किया है, उन्हें कुचला है उनपर कार्रवाई कीजिए, छात्रों पर नहीं।”

