पाकिस्तान में खेली जा रही ट्राई सीरीज में मेजबान टीम के अलावा श्रीलंका और इंग्लैंड की टीमें भी हिस्सा ले रही हैं। पाकिस्तानी टीम का अब तक प्रदर्शन अच्छा रहा है, लेकिन सलामी बल्लेबाज सैम अयूब लगातार रन बनाने में नाकाम रहे हैं। इसी बीच उन्होंने खुद को टीम से बाहर रखने का फैसला किया है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने उनकी जगह टी20 टीम के कप्तान साहिबजादा फरहान को टीम में शामिल किया है।
तीन मैचों में एक भी बार दहाई का आंकड़ा तक नहीं छू पाए सैम अयूब
पाकिस्तान की ओर से ट्राई सीरीज में ओपनिंग कर रहे सैम अयूब का प्रदर्शन अब तक निराशाजनक रहा है। श्रीलंका के खिलाफ पहले मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 7 रन बनाए, जबकि इंग्लैंड के खिलाफ दूसरे मैच में 8 रन और तीसरे मैच में महज 6 रन ही बना सके। इस तरह वह तीनों मैचों में दहाई का आंकड़ा छूने में नाकाम रहे। उनकी खराब बल्लेबाजी के चलते पाकिस्तान को शुरुआती झटके लगे, हालांकि मध्यक्रम के बल्लेबाजों ने अच्छा प्रदर्शन कर टीम को संभाल लिया। गेंदबाजी में भी सैम अयूब कोई विकेट हासिल नहीं कर सके।
साहिबजादा फरहान की पाकिस्तान की वनडे टीम में हुई एंट्री
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने जानकारी दी है कि सैम अयूब अब ट्राई सीरीज के बाकी मुकाबलों में नहीं खेलेंगे। बोर्ड के मुताबिक, सैम अपनी बल्लेबाजी में सुधार करने और खोया हुआ आत्मविश्वास वापस पाने के लिए घरेलू क्रिकेट में हिस्सा लेना चाहते हैं। उनके इस फैसले को स्वीकार करते हुए उन्हें टीम से रिलीज कर दिया गया है। वहीं, उनकी जगह साहिबजादा फरहान को टीम में शामिल किया गया है। ऐसे में फरहान आगामी मैचों में पाकिस्तान के लिए ओपनिंग करते नजर आ सकते हैं। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ही फरहान को पाकिस्तान की टी20 टीम का नया कप्तान नियुक्त किया गया था।
पाकिस्तानी टीम फाइनल में पहुंची, 27 अक्टूबर को श्रीलंका से होगा मुकाबला
पाकिस्तान ने ट्राई सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए अब तक अपने तीनों मुकाबले जीते हैं और 6 अंकों के साथ फाइनल में जगह पक्की कर ली है। वहीं, श्रीलंका के खाते में दो मैचों के बाद 2 अंक हैं, जबकि इंग्लैंड अब तक कोई अंक हासिल नहीं कर पाया है। पाकिस्तान की टीम अब 27 अक्टूबर को श्रीलंका से भिड़ेगी। इसके बाद 29 अक्टूबर को श्रीलंका और इंग्लैंड के बीच मुकाबला होगा। टूर्नामेंट का खिताबी मैच 31 अक्टूबर को लाहौर के गद्दाफी स्टेडियम में खेला जाएगा।

