I.N.D.I.A. ब्लॉक की रैली में जुटेंगे 5 लाख लोग! 1 नवंबर को रामलीला मैदान में शक्ति प्रदर्शन, BJP ने कसा तंज

दिल्ली के रामलीला मैदान में 1 नवंबर को I.N.D.I.A. गठबंधन की बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इसमें गठबंधन के सभी दलों के नेताओं के शामिल होने की संभावना है। रैली को सफल बनाने और इसे महारैली का रूप देने के लिए कांग्रेस लगातार बैठकों के जरिए रणनीति तैयार कर रही है। इसके तहत दिल्ली के साथ हरियाणा, उत्तर प्रदेश, राजस्थान, उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पंजाब से भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी नेताओं को सौंपी गई है। रैली में करीब पांच लाख लोगों को जुटाने का लक्ष्य रखा गया है। वहीं, इस आयोजन को लेकर भाजपा ने तंज कसते हुए सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा, ‘जख्मों पर राजनीतिक नमक…’

अलग अलग राज्यों को दिया गया है टारगेट
1 नवंबर को दिल्ली के रामलीला मैदान में होने वाली I.N.D.I.A. गठबंधन की रैली को सफल बनाने के लिए कांग्रेस ने बड़े स्तर पर तैयारियां शुरू कर दी हैं। हरियाणा कांग्रेस को रैली में एक लाख लोगों को लाने का लक्ष्य दिया गया है, जबकि उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों को 50-50 हजार लोगों की भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। रैली की तैयारियों पर नजर रखने के लिए कांग्रेस ने सात पर्यवेक्षक भी नियुक्त किए हैं, जिनमें कृष्णा तीरथ और नदीम जावेद जैसे नेता शामिल हैं। पार्टी की योजना है कि रामलीला मैदान के साथ-साथ दिल्ली के अलग-अलग हिस्सों में भी कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी दिखाई दे। इस सिलसिले में कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने गुरुवार को उत्तर प्रदेश और हरियाणा के नेताओं के साथ बैठक की। वहीं, 26 अक्टूबर को दिल्ली में एक और अहम बैठक बुलाई गई है। इसमें पार्टी के महासचिवों, प्रदेश प्रभारियों, प्रदेश अध्यक्षों, विधायक दल के नेताओं और अन्य वरिष्ठ नेताओं के शामिल होने की उम्मीद है।

30 अक्टूबर को मॉक पार्लियामेंट का आयोजन
30 अक्टूबर को दिल्ली के अशोका होटल में विपक्षी सांसदों की ओर से मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया जाएगा। इसमें मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ महाभियोग प्रस्ताव पारित करने की प्रक्रिया का प्रतीकात्मक प्रदर्शन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में I.N.D.I.A. गठबंधन के सभी घटक दलों के शामिल होने की योजना है। आयोजन के लिए करीब 800 लोगों की सूची तैयार की गई है। वहीं, कांग्रेस ने कार्यक्रम की अनुमति लेने के लिए डीसीपी और पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन से संपर्क किया है। इस मॉक पार्लियामेंट में वास्तविक संसद की कार्यवाही की तर्ज पर कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। लोकसभा और राज्यसभा में सांसदों की कुल संख्या को ध्यान में रखते हुए मेहमानों को आमंत्रित किया गया है। इनमें दोनों सदनों के सांसदों के साथ-साथ सिविल सोसाइटी के प्रतिनिधि भी शामिल होंगे।

भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद का बयान
भाजपा नेता रविशंकर प्रसाद ने 1 नवंबर को दिल्ली में होने वाली विपक्षी रैली को लेकर राहुल गांधी पर निशाना साधा। उन्होंने सवाल उठाया कि सिखों के लिए भावनात्मक महत्व रखने वाली इस तारीख को ही रैली के लिए क्यों चुना गया, जबकि 1984 में इसी दिन सिख विरोधी हिंसा हुई थी। प्रसाद ने आरोप लगाया कि राहुल गांधी तारीख बदलने की मांग पर सहमत नहीं हुए और इसे उनकी जिद बताया। उन्होंने 1984 के दंगों के संदर्भ में राजीव गांधी के बयान का भी जिक्र करते हुए राहुल गांधी से पूछा कि वह इस तारीख पर रैली करके क्या संदेश देना चाहते हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1