IMD Heavy Rain Alert: भीषण गर्मी से फिलहाल राहत मिलती दिख रही है. राजधानी दिल्ली और आस-पास के इलाकों में हुई बारिश के बाद देर रात यूपी के कई हिस्सों में बारिश के चलते शुक्रवार (29 मई) को मौसम सुहावना हो गया है. भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने दिल्ली, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, राजस्थान, मध्य प्रदेश, पंजाब, हरियाणा, बिहार समेत 15 राज्यों में अगले 3 दिनों तक आंधी-तूफान और बारिश का अलर्ट जारी किया है.
दिल्ली का मौसम
दिल्ली-एनसीआर में गुरुवार को तेज हवा के साथ बारिश हुई, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी विक्षोभ के चलते उत्तर भारत के कई राज्यों में तापमान में 6 से 8 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है. ये बदलाव 31 मई तक चलेगा. 30 और 31 मई को आंधी और बारिश का पूर्वानुमान है. 2 जून को फिर से गर्मी बढ़ेगी.
यूपी में राहत
उत्तर प्रदेश में गुरुवार को मौसम बदल गया. गाजियाबाद, मथुरा, कासगंज, संभल और फर्रुखाबाद में बारिश शुरू हो गई और मेरठ में काले बादल छा गए. शाहजहांपुर में धूल भरी आंधी के बाद बारिश हुई तो वहीं झांसी और बदायूं में जमकर ओले गिरे.
गुरुवार देर रात कानपुर, मुरादाबाद, बरेली और लखनऊ में तेज हवाओं के साथ जमकर बारिश हुई. मौसम विभाग का कहना है कि आज प्रदेश में 100 किमी/घंटे की स्पीड से तूफान आ सकता है. बारिश का यह सिलसिला 31 मई तक जारी रह सकता है. गुरुवार को बांदा 47.8 डिग्री सेल्सियस के साथ प्रदेश का सबसे गर्म शहर रहा. वहीं अयोध्या के लता मंगेश्कर चौक पर एक चलते ऑटो में आग लग गई. यात्रियों ने कूदकर अपनी जान बचाई.
बिहार का मौसम
बिहार में 29-30 मई को राजधानी पटना के अलावा पश्चिम चंपारण, पूर्वी चंपारण, गोपालगंज, सारण, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, सहरसा, सुपौल, पूर्णिया, सहरसा, कटिहार, अररिया, भागलपुर, मुंगेर और खगड़िया में भारी बारिश की संभावना है. इस दौरान 70 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आंधी चल सकती है.
राजस्थान का मौसम
राजस्थान में 29 से 31 मई तक बारिश और आंधी का अलर्ट जारी किया गया है. जयपुर, भरतपुर, कोटा, अजमेर, उदयपुर, जोधपुर और बीकानेर संभाग में आज से बारिश शुरू हो सकती है, जो 31 मई तक रुक-रुककर हो सकती है. इस दौरान तापमान में 2 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है.

