बड़े शहरों में अपना घर खरीदने के लिए ज्यादातर लोगों को होम लोन की जरूरत पड़ती है। लंबी अवधि के इस लोन पर ब्याज दर काफी अहम होती है, क्योंकि मामूली अंतर भी कुल भुगतान पर बड़ा असर डाल सकता है। बैंक आमतौर पर अच्छे क्रेडिट स्कोर और मजबूत क्रेडिट हिस्ट्री वाले ग्राहकों को बेहतर ब्याज दरों की पेशकश करते हैं। ऐसे में अगर आप भी होम लोन लेने की तैयारी कर रहे हैं, तो अलग-अलग बैंकों की ब्याज दरों की तुलना करना जरूरी है। आइए जानते हैं कि IDFC FIRST Bank, HDFC Bank और Axis Bank में से कौन-सा बैंक सबसे कम ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है।
IDFC FIRST Bank
IDFC FIRST Bank अपने ग्राहकों को 7.75% की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। बैंक होम लोन पर 3% तक प्रोसेसिंग फीस लेता है। लोन की अवधि की बात करें तो ग्राहक इसे न्यूनतम 12 महीने से लेकर अधिकतम 360 महीने तक के लिए ले सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर आप 7.75% ब्याज दर पर 30 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेते हैं, तो आपकी मासिक EMI करीब 35,821 रुपये होगी। पूरी अवधि में आपको ब्याज के तौर पर करीब 78,95,420 रुपये चुकाने होंगे। यानी मूलधन और ब्याज को मिलाकर कुल भुगतान 1,28,95,420 रुपये होगा।
HDFC Bank
HDFC Bank अपने ग्राहकों को 8.10% की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन उपलब्ध करा रहा है। बैंक से होम लोन लेने पर ग्राहकों को अधिकतम 4,000 रुपये की प्रोसेसिंग फीस के साथ GST का भुगतान करना होगा। लोन की अवधि की बात करें तो इसे न्यूनतम 1 साल से लेकर अधिकतम 30 साल तक के लिए लिया जा सकता है। मान लीजिए आप HDFC Bank से 8.10% ब्याज दर पर 30 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेते हैं। ऐसे में आपकी हर महीने की EMI करीब 37,037 रुपये होगी। 30 साल की पूरी अवधि में ब्याज के रूप में आपको कुल 83,33,458 रुपये चुकाने होंगे। यानी मूलधन और ब्याज को मिलाकर आपका कुल भुगतान 1,33,33,458 रुपये होगा।
Axis Bank
Axis Bank भी अपने ग्राहकों को 8.00% की शुरुआती ब्याज दर पर होम लोन ऑफर कर रहा है। बैंक से होम लोन लेने पर ग्राहकों को अधिकतम 10,000 रुपये की प्रोसेसिंग फीस के साथ GST का भुगतान करना होगा। Axis Bank से होम लोन की अवधि न्यूनतम 1 साल से लेकर अधिकतम 30 साल तक हो सकती है। उदाहरण के लिए, अगर आप 8.00% ब्याज दर पर 30 साल के लिए 50 लाख रुपये का होम लोन लेते हैं, तो हर महीने करीब 36,688 रुपये की EMI देनी होगी। 30 साल में ब्याज के तौर पर कुल 82,07,762 रुपये चुकाने होंगे। इस तरह मूलधन और ब्याज मिलाकर लोन की कुल भुगतान राशि 1,32,07,762 रुपये होगी।

