जलगांव जिले के अमलनेर तालुका के टाकरखेड़ा में 27 अगस्त की सुबह एक ही परिवार के 4 लोगों ने चलती ट्रेन के नीचे कूदकर सुसाइड कर लिया। वेस्टर्न रेलवे के अधिकारियों ने सुबह 4:40 बजे अमलनेर पुलिस को इस घटना की जानकारी दी। सूचना मिलने पर पुलिस इंस्पेक्टर दत्तात्रेय निकम की देखरेख में पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा किया।
एक झटके में खत्म हो गया पूरा परिवार
मृतकों की पहचान सुनील अमृत भील (पति), पार्वती भील (पत्नी), सनी (दूसरी क्लास में पढ़ने वाला बड़ा बेटा) और राज (आंगनवाड़ी जाने वाला छोटा बेटा) के रूप में हुई है। जानकारी के मुताबिक, भील परिवार सुबह करीब 4 बजे अचानक अपने घर से निकला था। उसके बाद, उन्होंने धरनगांव और अमलनेर के बीच रेलवे लाइन पर चलती ट्रेन के सामने कूदकर अपनी जान दे दी।
पारिवारिक झगड़े की आशंका
शुरुआती चर्चाओं के अनुसार, शक है कि यह सुसाइड पारिवारिक झगड़े की वजह से हुआ होगा, लेकिन सुसाइड का सही और ऑफिशियल कारण जानने के लिए पुलिस पूरी जांच कर रही है। एक ही परिवार के दो मासूम बच्चों और उनके माता-पिता की मौत से पूरे टाकरखेड़ा इलाके और जलगांव जिले में दुख की लहर है।
इससे पहले अभी हाल में ही छत्रपति संभाजीनगर ज़िले में एक पहाड़ी से कूदकर 19 साल के एक युवक ने आत्महत्या कर ली थी। उसे बचाने की कोशिश में उसके पिता भी नीचे गिर गए और उनकी मौत हो गई, जबकि दोनों को गिरते देख उसकी मां ने भी छलांग लगा दी। पुलिस ने बताया कि यह घटना वालुज MIDC पुलिस स्टेशन के तहत आने वाले तिसगांव इलाके की खावड्या पहाड़ी पर हुई।
पुलिस ने महिला को खुदकुशी करने से रोका
वहीं, लातूर जिले में बुधवार को आपातकालीन नंबर ‘112’ पर आए एक फोन पर तुरंत कार्रवाई करते हुए उदगीर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर एक शादीशुदा महिला को खुदकुशी करने से रोक लिया। एक आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, पुलिस को सुबह-सुबह फोन आया कि घरेलू विवाद के बाद एक महिला बनशेलकी बांध में कूदकर अपनी जान देने जा रही है।
सूचना मिलते ही उदगीर ग्रामीण थाने के पुलिसकर्मी फारूक शेख सुबह सात बजे तुरंत मौके पर पहुंचे और महिला को यह आत्मघाती कदम न उठाने के लिए समझा-बुझाकर राजी कर लिया। इस दौरान महिला के पति और भाई भी वहां पहुंच गए थे। इसके बाद महिला को पास के पुलिस थाने ले जाया गया। महिला ने पुलिस को बताया कि वह पिछले कुछ दिनों से बीमार थी और उसका पति उसका हाल-चाल नहीं ले रहा था, जिससे दुखी होकर उसने यह कदम उठाने की कोशिश की।

