देश के पूर्व प्रधानमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेसी नेता मनमोहन सिंह की अचानक तबियत खराब होने पर उन्हें दिल्ली के Aiims में भर्ती कराया गया है। उनके सीने में दर्द की शिकायत है। वहीं उनकी की हालत स्थिर है। दिल्ली Aiims की ओर से जारी हेल्थ बुलिटेन के मुताबिक बेचैनी की शिकायत के बाद उन्हें Aiims लाया गया था। उनको बुखार है। बुखार के अन्य कारणों का पता लगाने के लिए उनकी जांच की जा रही है और आवश्यकतानुसार देखभाल की जा रही है।
मनमोहन सिंह को Aiims के कार्डियो थोरासिक वॉर्ड में रखा गया है। डॉक्टर उनकी हालत पर निगरानी रखे हुए हैं। पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने की खबर के बाद पार्टी के बड़े नेताओं ने उनके स्वस्थ होने की कामना की है। कांग्रेस के ट्वीटर हैंडल से ट्वीट किया गया है कि हम पूर्व PM डॉ. मनमोहन सिंह के शीघ्र स्वस्थ होने की प्रार्थना करते हैं। कांग्रेस नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अजय माकन ने कहा है कि डॉ. मनमोहन सिंह की शीघ्र स्वस्थ होने के लिए सभी प्रार्थना करते हैं। शायद इस महत्वपूर्ण मोड़ पर, हमारे देश को उसकी सबसे ज्यादा जरूरत है। वहीं मध्य प्रदेश के पूर्व CM कमलनाथ ने ट्वीट कर कहा कि देश के पूर्व PM मनमोहन सिंह के अस्वस्थ होने की अभी जानकारी मिली। ईश्वर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं। राजस्थान के CM अशोक गहलोत ने कहा कि पूर्व PM मनमोहन सिंह के Aiims में भर्ती होने से परेशान हूं। मेरी कामना है कि वो शीघ्र स्वस्थ हो जाएं।
जम्मू कश्मीर के पूर्व CM उमर अब्दुल्ला ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि पूर्व PM मनमोहन जल्दी ठीक होकर अपने परिवार के पास लौटेंगे। पूर्व केंद्रीय मंत्री रेणुका चौधरी, महाराष्ट्र सरकार में मंत्री बाला साहब थारोट, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने ट्वीट कर उनके स्वस्थ होने की कामना की है। बता दें कि 2009 में उनकी एम्स में ही कोरोनरी बाइपास सर्जरी हुई थी। दो बार देश के प्रधानमंत्री रह चुके डॉ. मनमोहन सिंह इस समय राजस्थान से राज्यसभा सदस्य हैं। वह 2004 से 2014 के बीच देश के प्रधानमंत्री थे।