मुंबई एयरपोर्ट से हवाई यात्रा करने वाले यात्रियों के लिए एक अहम अपडेट सामने आया है। 25 अक्टूबर से मुंबई एयरपोर्ट से संचालित होने वाली 265 साप्ताहिक इंटरनेशनल फ्लाइट्स में बदलाव होने जा रहा है। यह फैसला एयरपोर्ट के टर्मिनल-1 के प्रस्तावित पुनर्विकास की तैयारियों से जुड़ा है।
मुंबई एयरपोर्ट पर फिलहाल 46 एयरलाइंस टर्मिनल-2 से हर सप्ताह करीब 770 इंटरनेशनल उड़ानें संचालित करती हैं। एयरपोर्ट ऑपरेटर ने इन एयरलाइंस को 25 अक्टूबर की रात से इंटरनेशनल डिपार्चर स्लॉट में करीब 33 प्रतिशत की कमी करने को कहा है। इसके तहत 265 साप्ताहिक विदेशी उड़ानों को अस्थायी रूप से बंद या दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है।
इस बदलाव का असर कई बड़ी एयरलाइंस पर भी पड़ेगा। रिपोर्ट के मुताबिक, इंडिगो की 74 और एयर इंडिया की 33 साप्ताहिक इंटरनेशनल उड़ानें प्रभावित होंगी। इसके अलावा अकासा एयर, एयर इंडिया एक्सप्रेस और स्पाइसजेट की कुछ उड़ानों में भी कमी की जाएगी।
दरअसल, टर्मिनल-1 के पुनर्विकास के दौरान वहां संचालित घरेलू उड़ानों को टर्मिनल-2 में जगह देने की तैयारी है। टर्मिनल-1 का पुनर्विकास जनवरी 2027 से शुरू होने की योजना है। ऐसे में यात्रियों को अपनी यात्रा से पहले एयरलाइन की ओर से जारी शेड्यूल और फ्लाइट स्टेटस जरूर जांच लेना चाहिए।

