भारतीय शेयर बाजार में विदेशी निवेशकों की वापसी से निवेशकों को बड़ी राहत मिली है। 10 हफ्तों तक लगातार बिकवाली करने के बाद विदेशी संस्थागत निवेशकों (FII) का रुख अब बदल गया है और वे लगातार तीसरे हफ्ते भारतीय शेयरों में खरीदारी कर रहे हैं। पिछले हफ्ते FII ने करीब 33,340 करोड़ रुपये के शेयर खरीदे। इससे पहले वाले हफ्ते में भी उन्होंने करीब 45,960 करोड़ रुपये का निवेश किया था। विदेशी पूंजी की इस वापसी से सेंसेक्स और निफ्टी को मजबूती मिली है।
वहीं, घरेलू संस्थागत निवेशकों (DII) का रुख इसके विपरीत रहा। DII ने लगातार दूसरे हफ्ते भारतीय शेयरों में बिकवाली की और पिछले हफ्ते करीब 24,190 करोड़ रुपये के शेयर बेचे। खास बात यह रही कि चारों कारोबारी सत्रों में घरेलू संस्थागत निवेशक बिकवाली करते नजर आए। अब बाजार की नजर इस बात पर है कि FII की खरीदारी का यह सिलसिला आगे भी जारी रहता है या नहीं और इसका Nifty पर कितना असर पड़ता है।
निफ्टी और बैंक निफ्टी में कितनी तेजी आई?
विदेशी निवेशकों की खरीदारी और कच्चे तेल की कीमतों में आई नरमी ने भारतीय शेयर बाजार को सहारा दिया। बीते हफ्ते निफ्टी 0.6 फीसदी की बढ़त के साथ 25,144.3 अंक पर बंद हुआ। हालांकि, कारोबारी हफ्ते के दौरान बुधवार को इंडेक्स 25,424 अंक के उच्च स्तर तक पहुंचा, लेकिन ऊपरी स्तरों पर मुनाफावसूली के चलते बाद में इसकी तेजी कुछ कम हो गई। बैंकिंग शेयरों में ज्यादा मजबूती देखने को मिली और बैंक निफ्टी 3.7 फीसदी चढ़ा। इसके अलावा निफ्टी मिडकैप 100 में 2 फीसदी और निफ्टी स्मॉलकैप 100 में 2.6 फीसदी की तेजी दर्ज की गई।
इन वजहों से बाजार में बनी रह सकती है हलचल
विश्लेषकों का मानना है कि आने वाले हफ्तों में विदेशी निवेशकों की खरीदारी का रुख शेयर बाजार के लिए अहम रहने वाला है। इसके साथ ही अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते भू-राजनीतिक तनाव और कच्चे तेल की कीमतों में होने वाले उतार-चढ़ाव का भी बाजार की दिशा पर असर पड़ सकता है। निवेशकों की नजर अमेरिकी फेडरल रिजर्व की FOMC बैठक के मिनट्स और भारत के थोक महंगाई (WPI) के आंकड़ों पर भी रहेगी। भारत और अमेरिका में उम्मीद से अधिक महंगाई के आंकड़ों ने बाजार की तेजी पर दबाव बनाया है। वहीं, दिसंबर में ब्याज दरों में बढ़ोतरी की आशंका भी निवेशकों की चिंता बढ़ा रही है।
2027 के अंत तक 28,000 पहुंच सकता है निफ्टी
ब्रोकरेज फर्म Citi Research ने भारतीय शेयर बाजार को लेकर सकारात्मक अनुमान जताया है। ब्रोकरेज के मुताबिक, Nifty 50 दिसंबर 2027 तक 28,000 अंक के स्तर तक पहुंच सकता है। इसके पीछे कंपनियों की कमाई में संभावित मजबूती, कच्चे तेल की कीमतों में नरमी और दुनियाभर में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) से जुड़े कैपिटल एक्सपेंडिचर की रफ्तार धीमी पड़ने जैसे प्रमुख कारण बताए गए हैं।
हालांकि, यह सिर्फ ब्रोकरेज फर्म का अनुमान है और इसे बाजार की गारंटी नहीं माना जा सकता। आने वाले समय में विदेशी निवेशकों का रुख, महंगाई, ब्याज दरों के फैसले और वैश्विक घटनाक्रम Nifty की दिशा को प्रभावित कर सकते हैं।

