टाटा ट्रस्ट के चेयरमैन नोएल टाटा ने टाटा संस की शेयर बाजार में संभावित लिस्टिंग को लेकर अपनी चिंता जाहिर की है। उन्होंने कहा कि अगर कंपनी शेयर बाजार में लिस्ट होती है, तो 150 साल से अधिक पुराने टाटा ग्रुप के कामकाज का तरीका बदल सकता है। नोएल टाटा के मुताबिक, लिस्टिंग के बाद कंपनी का फोकस समाजसेवा और परोपकार के बजाय मुनाफा कमाने पर बढ़ सकता है। उन्होंने बताया कि टाटा ट्रस्ट इस मुद्दे पर नियामकों और संबंधित पक्षों से बातचीत करेगा, ताकि ग्रुप की मौजूदा कार्यशैली बरकरार रखी जा सके। शनिवार को हिंदुस्तान टाइम्स लीडरशिप समिट में बोलते हुए नोएल टाटा ने कहा कि टाटा संस को शेयर बाजार में लिस्ट कराने की मांग उठ रही है, लेकिन उनके विचार में इससे कंपनी के काम करने के तरीके में बड़ा बदलाव आ सकता है।
नोएल टाटा ने कहा कि अगर भविष्य में टाटा संस के शेयरधारकों की संख्या बढ़कर 30 से 40 हजार तक पहुंच जाती है, तो कंपनी पर मुनाफा बढ़ाने का दबाव भी बढ़ सकता है। इसका असर समाजसेवा और परोपकार से जुड़े कार्यों पर पड़ने की आशंका है। उन्होंने कहा कि इससे टाटा ग्रुप की पारंपरिक पहचान और कामकाज का तरीका प्रभावित हो सकता है। ऐसे में टाटा ट्रस्ट नियामकों और अन्य संबंधित पक्षों के साथ बातचीत कर ऐसा समाधान तलाशेगा, जिससे ग्रुप की पुरानी कार्यशैली बनी रहे।
किसी एक पर निर्भर नहीं मालिकाना हक
नोएल टाटा के मुताबिक, टाटा ग्रुप की असली ताकत उसकी लंबे समय से चली आ रही कार्यशैली और निरंतरता में है। उन्होंने बताया कि ग्रुप का मौजूदा मॉडल किसी एक व्यक्ति के मालिकाना हक पर आधारित नहीं है। इस व्यवस्था में मालिकाना हक हमेशा बना रहता है, न तो कोई इसे छोड़ सकता है और न ही इसे खरीदा जा सकता है। बता दें कि नोएल टाटा, रतन टाटा के सौतेले भाई हैं। रतन टाटा के निधन के बाद उन्हें टाटा ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंपी गई थी।
टाटा ग्रुप में लिस्टिंग को लेकर मतभेद
टाटा संस की शेयर बाजार में लिस्टिंग को लेकर टाटा ग्रुप के भीतर अलग-अलग राय सामने आ रही हैं। नोएल टाटा की अगुवाई वाला टाटा ट्रस्ट कंपनी को लिस्ट कराने के पक्ष में नहीं है, जबकि टाटा संस के चेयरमैन एन. चंद्रशेखरन का मानना है कि कंपनी को देश के कानूनों और नियमों का पालन करना जरूरी है। वहीं, टाटा संस के प्रबंधन का मानना है कि भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) के निर्देशों के तहत कंपनी को शेयर बाजार में सूचीबद्ध होना पड़ सकता है। अब इस मामले में टाटा ट्रस्ट और नियामकों के बीच होने वाली बातचीत अहम होगी। इसी से तय होगा कि टाटा संस की लिस्टिंग को लेकर आगे क्या फैसला लिया जाता है।

