अफ्रीकी देश बोत्सवाना में 60 दिन में 350 हाथियों ने दम तोड़ा

अफ्रीकी देश बोत्सवाना में पिछले 2 महीने में 350 से अधिक हाथियों की रहस्यमय मौत हो गई है। मामला ओकावांगो डेल्टा का है जो अफ्रीका के उत्तरी हिस्से में है। अफ्रीका में सबसे ज्यादा हाथी यहीं पाए जाते हैं। हाल ही में हाथियों की सैटेलाइट से ली गई कई तस्वीरें सामने आई हैं, जो चौंकाने वाली हैं। 2 महीने से अधिक समय बीतने के बाद भी मौत की वजह पता नहीं चल पाई है।

हाथियों की रहस्यमय मौत का पहला मामला मई में सामने आया था। इसके बाद लगातार मौत हुईं और जून के अंत तक आंकड़ा 350 को पार कर गया है। इससे पहले जिम्बाब्वे में शिकारियों द्वारा जानवरों को सायनाइड देने का मामला भी सामने आया था। 2018 में बोत्सवाना में 90 हाथियों के शव मिले थे। इनमें ज्यादातर ऐसे थे, जिनकी हत्या दांतों के लिए की गई थी।

मई की शुरुआत से लेकर अभी तक ओकावांगो डेल्टा में 350 से अधिक मृत हाथियों की पहचान की गयी है। सरकार ने लैब में जांच कराई है, लेकिन अब तक नतीजे सामने नहीं आए हैं। वैज्ञानिकों ने सरकार से हाथियों की जांच करने का आग्रह किया है ताकि ये साफ हो सके कि इनसे इंसानों के लिए कोई खतरा नहीं है और न ही इंसानों से कोई संक्रमण इनमें पहुंचा।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, हाथियों को एक सर्कल में घुमते हुए भी देखा गया था। इन्हें देखकर लग रहा था या तो बैक्टीरिया-वायरस के कारण इनकी मानसिक स्थिति बिगड़ी है या फिर जहर शरीर में पहुंचा है। डॉ. नियाल मैक्केन के मुताबिक, शवों को देखकर लगता है कि कुछ ने एक झटके में दम तोड़ा है, क्योंकि हाथियों का मुंह जमीन की तरफ है। कुछ की मौत धीरे-धीरे हुई है, जब वे चल-फिर रहे थे। ऐसा किस तरह के जहर से हुआ है, कहना मुश्किल है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, शवों के आसपास गिद्ध नहीं मंडरा रहे हैं इसलिए मौत की वजह जंगल से बाहर की कोई चीज हो सकती है, COVID-19 की आशंका से भी इनकार नहीं किया जा सकता। अफ्रीका में शिकार के बढ़ने मामलों के कारण हाथियों की संख्या घट रही है। शिकार के मामले में बोत्सवाना की हालत सबसे ज्यादा खराब है। नेशनल पार्क रेस्क्यू के कंजर्वेशन डायरेक्टर डॉ. नियाल मैक्केन ने इस घटना को ‘संरक्षण त्रासदी’ बताते हुए कहा, बोत्सवाना अपने देश की सबसे कीमती चीज को सहेजने में नाकाम रहा।

देश में हाथी सबसे ज्यादा खतरे में हैं, क्योंकि किसान इन्हें फसलों के लिए खतरा मानते हैं और शिकारी शिकार करने से बाज नहीं आते हैं। राष्ट्रपति मोकेगविसी मसासी ने पिछले साल ही शिकार पर 5 साल से लगा बैन हटाया था। पूर्व राष्ट्रपति ईयान खाना ने अफ्रीका में जानवरों के शिकार पर बैन लगाया था।

डॉ. नियाल मैक्केन के मुताबिक, अगर मान लिया जाए कि इन हाथियों की मौत सूखे के कारण हुई तो भी यह बेहद अजीबोगरीब स्थिति है, क्योंकि मरने वाले सिर्फ हाथी हैं और कोई दूसरा जीव नहीं। अगर ये अवैध शिकार का मामला होता तो दूसरे जानवर भी मिलते जिनका शिकार हुआ होता, लेकिन ऐसा नहीं है।

वर्ल्ड एलिफेंट डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, दुनियाभर में अब सिर्फ 4 लाख हाथी बचे हैं। वर्ल्ड वाइल्डलाइफ फंड के मुताबिक, पूरे अफ्रीका में कुल 37 देशों में हाथी पाए जाते हैं और इनकी संख्या बहुत तेजी से घट रही है। इनमें से भी सबसे ज्यादा सवाना इलाके में हैं। यहां बीते दो दशक में दो लाख से ज्यादा हाथी शिकारियों ने हाथी दांत के लिए मार डाले हैं।

ओकावांगो डेल्टा दलदलीय और हराभरा क्षेत्र है। अफ्रीका में सबसे ज्यादा हाथी यहीं पाए जाते हैं। यह जगह सफेद और काले गैंडों के लिए भी जानी जाती है। यहां करीब 15 हजार हाथी हैं। बोत्सवाना की वाइल्डलाइफ दुनियाभर के सैलानियों के लिए खास आकर्षण है। देश की जीडीपी का 12 फीसदी रेवेन्यू यहीं से आता है।

बोत्सवाना वाइल्डलाइफ डिपार्टमेंट के एक्टिंग डायरेक्टर डॉ. सिरिल ताओलो ने गार्जियन को बताया, हम हाथियों की मौत से वाकिफ हैं, 350 में से 280 जानवरों की पुष्टि हुई है। हम अन्य जानवरों का पता लगा रहे हैं। COVID-19 के कारण हाथियों की जांच धीमी गति से हो रही है, क्योंकि सैम्पल को एनालिसिस के लिए दूसरे देश भेजा गया है।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1