मुंबई के ताज होटल और ट्राइडेंट होटल में धमकी भरा कॉल आया है. कॉलर ने कॉल कर कहा कि ताज होटल और ट्राइडेंट में आतंकवादी हमला होने वाला है. धमकी भरे कॉल के बाद मुंबई पुलिस को इसकी जानकारी दी गई, जानकारी मिलते ही मुंबई पुलिस ने सुरक्षा को बढ़ा दिया.
मुंबई पुलिस ने कॉलर को ट्रेस किया और मुंबई के सायन इलाके से उसको हिरासत में लिया, आखिरकार उसने इस प्रकार का धमकी भरा कॉल क्यों किया था, इसके पीछे की वजह क्या है पुलिस कॉलर को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है.
वहीं इस धमकीभरे कॉल को लेकर मुंबई पुलिस ने कहा कि ताज होटल और ट्राइडेंट होटल में एक धमकी भरा कॉल आया, जिसमें कॉलर ने दावा किया कि दोनों जगहों पर जल्द ही आतंकवादी हमला होने वाला है. इस धमकी के बाद मुंबई पुलिस को सूचना दी गई और सुरक्षा तुरंत बढ़ा दी गई.
पुलिस ने बढ़ाई निगरानी
धमकी मिलने के तुरंत बाद होटल प्रबंधन ने इसकी सूचना मुंबई पुलिस को दी. सूचना मिलते ही मुंबई पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट मोड पर आ गईं. दोनों होटलों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और चप्पे-चप्पे पर निगरानी बढ़ा दी गई. बम स्क्वॉड और डॉग स्क्वॉड की टीमों ने मौके पर पहुंचकर सघन जांच अभियान चलाया.
आरोपी को हिरासत में लिया
पुलिस की तरफ से कहा गया कि हमने कॉलर का पता लगाया और उसे मुंबई के सायन इलाके से डिटेन कर लिया है. अधिकारी फिलहाल उससे पूछताछ कर रहे हैं ताकि इस धमकी के पीछे के मकसद का पता लगाया जा सके.
शराब के नशे में किया कॉल
मुंबई पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि आरोपी ने शराब के नशे में धमकी भरा कॉल किया था. प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि वह अपने घरेलू समस्याओं से परेशान था, जिसके चलते उसने यह कदम उठाया. पुलिस के अनुसार, आरोपी हाउसकीपिंग का काम करता है और उससे पूछताछ जारी है.

