उत्तर प्रदेश कैडर की पूर्व IAS अधिकारी दिव्या मित्तल ने प्रशासनिक सेवा से इस्तीफा देने के बाद अपनी नई पारी का ऐलान कर दिया है। 29 सितंबर को जारी वीडियो संदेश में उन्होंने राजनीति में उतरने की घोषणा की। हालांकि, दिव्या मित्तल ने साफ किया है कि वह फिलहाल किसी राजनीतिक पार्टी में शामिल नहीं होंगी, बल्कि लोगों के साथ मिलकर स्वतंत्र राजनीतिक मंच बनाने की दिशा में आगे बढ़ेंगी।
दिव्या मित्तल 2013 बैच की IAS अधिकारी रही हैं। उन्होंने 30 अगस्त 2026 को इस्तीफे की घोषणा की थी और उनका इस्तीफा 15 सितंबर से प्रभावी हुआ। इस्तीफे के बाद से ही उनके अगले कदम को लेकर कई तरह की चर्चाएं चल रही थीं।
अपने वीडियो में दिव्या मित्तल ने शिक्षा, युवाओं के रोजगार, परीक्षा व्यवस्था और आम लोगों की समस्याओं जैसे मुद्दों पर काम करने की बात कही। उन्होंने कहा कि उनका राजनीतिक सफर उत्तर प्रदेश से शुरू होगा, जिसे वह अपनी कर्मभूमि मानती हैं।
इससे पहले उनके किसी बड़ी राजनीतिक पार्टी में जाने की अटकलें लगाई जा रही थीं, लेकिन अब उन्होंने इन चर्चाओं पर विराम लगा दिया है। दिव्या मित्तल का कहना है कि वह जनता के साथ मिलकर एक स्वतंत्र राजनीतिक पहल खड़ी करना चाहती हैं।





