दिल्ली विधानसभा चुनाव-2020 के पास आने की आहट से सियासी तामस बढ़ती जा रही है, सत्ता पक्ष व विपक्ष में आरोप-प्रत्यारोप भी तेज हो गया है। इसी कड़ी में मंगलवार को दिल्ली प्रदेश भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने पत्रकार वार्ता पर आम आदमी पार्टी सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने कहा कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को झूठ बोलने में महारत हासिल है। वह दिल्ली को एकबार फिर से झूठ बोलकर गुमराह कर रहे हैं।
सांसद मनोज तिवारी ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण का स्तर कम हो रहा है वह सही है, लेकिन इसमें अरविंद केजरीवाल सरकार का कोई योगदान नहीं है। उन्होंने AAP सरकार को घेरते हुए कहा कि ग्रीन शुल्क का केजरीवाल सरकार ने प्रयोग ही नहीं किया। उन्होने खिंचाई करने के अंदाज़ मे कहा की केजरीवाल सरकार को कुछ करना है तो काम करे, मोदी सरकार के कामों को चोरी न करे।
मनोज तिवारी ने कहा कि केंद्र सरकार ने दिल्ली में प्रदूषण को समाप्त करने के काम का बीड़ा उठा रखा है। केंद्र सरकार ने ही एनएच 9 का और पेरिफेरल एक्सप्रेस-वे का काम पूरा किया, जिससे दूसरे राज्यों में जाने वाले ट्रक अब दिल्ली में नहीं आते हैं, केंद्र सरकार ने ही बदरपुर थर्मल प्लांट को बंद कराया। बवाना पावर प्लांट को गैस उपलब्ध कराया। बीएस 4 और बीएस 6 ईंधन की व्यवस्था की। केजरीवाल बताएं उन्होंने क्या किया।
दिल्ली के भाजपा अध्यक्ष मनोज तिवारी ने कहा कि बसों की कमी दूर नहीं की, दिल्ली सरकार इलेक्ट्रिक बसें नहीं खरीदी, मेट्रो फेज 4 में भी देरी के लिए केजरीवाल सरकार जिम्मेदार है। वहीं, प्रदूषण फैलाने वाली औद्योगिक इकाइयों के खिलाफ केजरीवाल सरकार कार्रवाई नहीं कर रही है। निगम द्वारा कचरे से बिजली बनाने के लिए तीन प्लांट बनाए गए हैं। केंद्र सरकार ई वाहन को बढ़ावा दे रही है।