घातक Coronavirus ने CRPF के और जवानों को अपनी चपेट में ले लिया है। अब शनिवार को 68 और CRPF जवानों की Corona जांच की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। अबतक CRPF के 127 जवान Corona संक्रमित पाए जा चुके हैं। राजधानी दिल्ली समेत कई जगहों पर CRPF के जवान तैनात हैं। इनपर लॉकडाउन को ठीक से पालन करवाने की जिम्मेदारी है, लेकिन अब Corona इन्हें ही चेपट में ले रहा है।
जिन 68 जवानों में Corona मिला है वे सभी उस बटालियन के हैं जिसका कैंप फिलहाल ईस्ट दिल्ली में है। इस बटालियन के जवान पहले भी Corona पॉजिटिव मिले थे। इस बटालियन के अबतक कुल 122 जवान Corona संक्रमित मिले। CRPF के कुल 127 जवानों में Corona मिला है। इसमें से एक ठीक हो चुका है। वहीं एक की मौत हुई।
मंगलवार को केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक 55 वर्षीय जवान सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इकराम हुसैन की दिल्ली में Corona से मौत हो गई थी। जवान की Corona जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आने के बाद बीते सप्ताह उन्हें दिल्ली के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जवान की मौत पर गृह मंत्री अमित शाह ने ट्वीट कर शोक जाहिर किया था। शाह ने ट्वीट में लिखा था कि Corona संक्रमण से लड़ रहे बहादुर सब-इंस्पेक्टर मोहम्मद इकराम हुसैन के निधन की सूचना से अत्यंत दुखी हूं। वह अंत समय तक Corona महामारी से पूरी वीरता से लड़े। देश की सेवा व आंतरिक सुरक्षा के लिए उनका योगदान हम सभी देशवासियों को प्रेरित करता है।