भारतीय क्रिकेट प्रेमियों के लिए आने वाले सालों में रोमांच का डबल डोज मिलने वाला है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने साल 2035 तक होने वाले पुरुष क्रिकेट के प्रमुख टूर्नामेंट का शेड्यूल तय कर दिया है। नए कैलेंडर के मुताबिक, भारत को 2029 चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी मिली है। वहीं, 2031 में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप का आयोजन भारत और बांग्लादेश संयुक्त रूप से करेंगे। इन बड़े टूर्नामेंटों से जुड़े कार्यक्रम और क्वालिफिकेशन नियमों पर इंडोनेशिया के बाली में हुई ICC बोर्ड की बैठक में मुहर लगाई गई। रविवार को बैठक के बाद ICC ने पुरुष क्रिकेट के आगामी बड़े आयोजनों का कैलेंडर जारी किया। इसके साथ ही आने वाले वर्षों में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की रूपरेखा भी स्पष्ट हो गई है। भारत के लिहाज से यह फैसला काफी अहम है, क्योंकि उसे दो बड़े ICC टूर्नामेंट की मेजबानी करने का अवसर मिलेगा। इसके अलावा, ICC ने 2028 और 2030 में होने वाले टी20 वर्ल्ड कप के आयोजन स्थलों का भी ऐलान किया है।
ICC के CEO संजोग गुप्ता ने इस फैसले को अहम बताते हुए कहा कि बोर्ड चाहता है कि खिलाड़ियों और एसोसिएट सदस्य देशों को बड़े टूर्नामेंट की जानकारी पर्याप्त समय पहले मिल सके। इससे खिलाड़ियों को अपनी तैयारियों की बेहतर योजना बनाने का मौका मिलेगा। साथ ही, क्रिकेट बोर्ड और टीमों को अपने हाई-परफॉर्मेंस कार्यक्रमों को मजबूत करने में भी मदद मिलेगी।
भारत में होगी चैंपियंस ट्रॉफी का आयोजन
ICC के तय कार्यक्रम के अनुसार, भारत में 9 से 28 अक्टूबर 2029 तक चैंपियंस ट्रॉफी खेली जाएगी। वहीं, 2031 का ODI वर्ल्ड कप भारत और बांग्लादेश मिलकर आयोजित करेंगे। इस टूर्नामेंट का आयोजन 9 अक्टूबर से 23 नवंबर तक किया जाएगा। दूसरी ओर, 2028 T20 वर्ल्ड कप की मेजबानी ऑस्ट्रेलिया और न्यूजीलैंड को मिली है। यह टूर्नामेंट 12 अक्टूबर से 12 नवंबर तक खेला जाएगा। वहीं, 2030 T20 वर्ल्ड कप इंग्लैंड, आयरलैंड और स्कॉटलैंड में 4 जुलाई से 4 अगस्त तक आयोजित होगा। वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) के फाइनल की मेजबानी भी इंग्लैंड के पास ही रहेगी। 2028 का फाइनल 8 से 12 जून, जबकि 2031 का फाइनल 12 से 16 जून तक खेला जाएगा। हालांकि, 2032 से 2035 के बीच होने वाले WTC फाइनल के आयोजन स्थलों को लेकर ICC ने अभी कोई जानकारी नहीं दी है।
2028 ओलंपिक के लिए भी तय हुआ क्वालिफिकेशन शेड्यूल
क्रिकेट की ओलंपिक में वापसी को लेकर भी ICC ने क्वालिफिकेशन से जुड़ा शेड्यूल स्पष्ट कर दिया है। अमेरिका के लॉस एंजिल्स में 2028 में होने वाले ओलंपिक खेलों के लिए पुरुष और महिला टीमों के क्वालिफाइंग मुकाबले अलग-अलग देशों में आयोजित किए जाएंगे। पुरुष टीमों के क्वालिफायर 5 से 13 फरवरी 2028 तक बांग्लादेश में खेले जाएंगे, जबकि महिला टीमों के मुकाबले 26 फरवरी से 5 मार्च 2028 तक अमेरिका में होंगे।
ICC के अनुसार, दोनों क्वालिफाइंग टूर्नामेंट में आठ-आठ टीमें भाग लेंगी। सभी टीमों को चार-चार के दो ग्रुप में रखा जाएगा। ग्रुप चरण में हर टीम अपने ग्रुप की अन्य टीमों के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। इसके बाद दोनों ग्रुप में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीमें फाइनल में पहुंचेंगी। फाइनल जीतने वाली टीम को लॉस एंजिल्स ओलंपिक में जगह बनाने का आखिरी मौका मिलेगा।

