कांग्रेस सांसद अधीर रंजन चौधरी अपने बयानों को लेकर सुर्खियों में रहते हैं। उनके बिगड़े बोल कई बार अखबारों की सुर्खियां बन चुके हैं। मंगलवार को एक बार फिर अधीर रंजन ने भाजपा सरकार के खिलाफ काफी सख्त और विवादित बयान दिया है। देश भर में महिलाओं से बलात्कार और हत्याओं की खबरों को लेकर कांग्रेस नेता ने लोकसभा में कहा, भाजपा की सरकार में महिलाओं का बलात्कार और हत्या आम बात हो गयी है। मोदी सरकार ने जिस देश की पहचान ‘मेक इन इंडिया’ से कराई थी, अब वह रेप इन इंडिया की ओर बढ़ गया है। लोकसभा में अधीर रंजन चौधरी ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा, वैसे तो हमारे प्रधानमंत्री हर मुद्दे पर बोलते हैं, लेकिन महिला अपराध और बलात्कार पर अभी उन्होंने अपनी चुप्पी नहीं तोड़ी है, यह दुर्भाग्यपूर्ण है।
गृहमंत्री अमित शाह और अधीर रंजन के बीच तीखी झड़प
इससे पहले मंगलवार को कश्मीर के हालात को लेकर गृह मंत्री अमित शाह और अधीर रंजन के बीच तीखी बहस हुई। अमित शाह ने कहा कि कश्मीर में हालात सामान्य हैं, लेकिन वे कांग्रेस के बारे में नहीं बता सकते। गृहमंत्री ने कहा कि हमें बताया जा रहा था कि स्थिति खराब हो सकती है। खून की नदियां बह सकती है। लेकिन ऐसा कुछ नहीं हुआ। अमित शाह ने कहा कि कश्मीर में एक भी गोली नहीं चली। गृह मंत्री के मुताबिक 99.5 प्रतिशत छात्रों ने परीक्षा में हिस्सा लिया। 7 लाख मरीजों का इलाज किया गया। सभी थाने सही से काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर में सही तरीके से पंचायत चुनाव हुआ। इसके बाद ब्लॉक के चुनाव हुए।
शुक्रवार को भी हुआ था हंगामा
इससे पहले शुक्रवार को भी लोकसभा में महिला सुरक्षा के मुद्दे पर जमकर हंगामा हुआ था। शून्यकाल में अधीर रंजन ने कहा था, एक तरफ देश में राम मंदिर बनाने की तैयारी हो रही है तो दूसरी तरफ सीताएं जिंदा जलाई जा रही हैं। नेता विपक्ष ने हैदराबाद और उन्नाव की घटना सदन में उठाई में थी।
इससे पहले भी कई बार दे चुके हैं विवादित बयान
अधीर रंजन इससे पहले भी कई बार विवादित बयान दे चुके हैं। कांग्रेस नेता इससे पहले केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण को निर्बला सीतारमण कहकर संबोधित कर चुके हैं। इससे पहले एनआरसी के मुद्दे पर केन्द्र सरकार को घेरते हुए कहा था, नरेन्द्र मोदी और अमित शाह भी घुसपैठिये हैं। गुजरात से आकर इन लोगों ने दिल्ली में घुसपैठ की है।