भारत की कम्युनिस्ट पार्टी मार्क्सवादी उत्तर प्रदेश राज्य सचिव मंडल ने एक प्रेस विज्ञप्ति जारी करके पराली जलाने के आरोप में किसानों की गिरफ्तारी, उन पर भारी जुर्माना लगाए जाने और उन्हें जेल भेजे जाने पर गहरा आक्रोश व्यक्त करते हुए इसकी निंदा की है।
सीपीआईएम राज्य सचिव मंडल ने बीजेपी सरकार पर किसान विरोधी होने का आरोप लगाते हुए कहा कि, वह एक तरफा किसानों को लक्ष्य करके उन पर हमले कर रही है। पर्यावरण के लिए नुकसानदेह दूसरे तमाम कारणों को नजर अंदाज करके योगी सरकार ने किसानों पर हमला बोल दिया है। उन्हें अपमानित किया जा रहा है। घरों से घसीट कर उन्हें जेलों में बंद किया जा रहा है। दूसरी तरफ यह सरकार किसानों के हमदर्द होने का नाटक भी कर रही है।
वहीं उन्होंने कहा है उधर उन्नाव में मुआवजा मांग रहे किसानों के साथ अपराधियों जैसा व्यवहार किया गया और उन्हें उत्पीड़ित किया जा रहा है। सीपीआईएम राज्य सचिव मंडल ने मांग की है कि पराली जलाने के आरोप में गिरफ्तार किए गए किसानों को फौरन रिहा किया जाए। किसी भी सूरत में उन पर उत्पीड़न की कार्रवाई न की जाए।