लखनऊ में होने वाले डिफेंस एक्सपो की तैयारियां लगभग पूरी हो चुकी हैं। ऐसे में CM योगी आदित्यनाथ ने डिफेंस एक्सपो स्थल पहुंचकर वहां का जायजा लिया है। CM योगी ने लाइव डेमो स्थल, उदघाटन सेरेमनी हॉल का भी निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ मुख्य सचिव राजेंद्र तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, एडीजी जोन एसएन साबत, मंडलायुक्त मुकेश मेश्राम, डीएम अभिषेक प्रकाश, पुलिस कमिश्नर सुजीत पांडेय सहित कई अधिकारी मौजूद रहे।
डिफेंस एक्सपो स्थल की सुरक्षा के लिए पुलिस ने भी तैयारी की है। एक्सपो स्थल पर ढाई किलोमीटर लंबे और साढ़े तीन किलोमीटर चौड़े आउटर एरिया के लिए 4 थाने और 16 चौकियां बनी हैं। इसके अलावा 9 अपर पुलिस अधीक्षक, 26 पुलिस उपाधीक्षक, 93 निरीक्षक, 401 उपनिरीक्षक, 33 महिला उपनिरीक्षक, 163 मुख्य आरक्षी, 2076 आरक्षी, 313 महिला आरक्षी तैनात होंगे। एलआइयू के भी एक अपर पुलिस अधीक्षक, तीन पुलिस उपाधीक्षक, 60 निरीक्षक, 120 उप निरीक्षक, 310 मुख्य आरक्षी व 100 महिला मुख्य आरक्षी तैनात की जाएगी।
जानकारी के अनुसार डिफेंस एक्सपो शुरू होने में अब बहुत कम समय बचा हुआ है। वृंदावन योजना में प्रदर्शनी स्थल अब आकार लेने लगा है। कई कंपनियों के प्रदर्शनी स्थल तैयार हो गए। राफेल को प्रदर्शित करने वाली कंपनी डासॉल्ट, लॉकहीड मार्टिन, आयुध निर्माणी बोर्ड और अमेरिका की कंपनी बीईई सहित भारत और विदेशों से आने वाली कंपनियों व संस्थानों के स्टॉल पूरी तरह से तैयार हो चुके हैं। इन कंपनियों के इंजीनियर अपने स्टालों पर हथियारों के डिस्प्ले के साथ उनके प्रस्तुतिकरण की रूपरेखा बना रहे हैं।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री योगी के साथ मुख्य सचिव राजेन्द्र तिवारी, अपर मुख्य सचिव गृह अवनीश अवस्थी, एडीजी ज़ोन एसएन साबत, मण्डलायुक्त मुकेश मेश्राम, जिलाधिकारी अभिषेक प्रकाश, पुलिस आयुक्त सुजीत पांडेय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन अमरपाल सिंह, अपर जिलाधिकारी ट्रांसगोमती विश्वभूषण मिश्रा, एचएएल के पदाधिकारी, उप जिलाधिकारी सरोजनीनगर प्रफुल्ल त्रिपाठी के साथ नगर निगम, एलडीए और आवास विकास के कई अधिकारी भी उपस्थित रहे।