नीट पेपर लीक और छात्र आंदोलन के दौरान हुई हिंसक झड़प पर सरकार और CJP नेताओं के बीच आज तीसरे दौर की बातचीत होनी है। आज दोपहर साढ़े 3 बजे एक बार फिर सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और CJP की तरफ से सौरव दास और आशुतोष रांका के बीच बैठक होगी। इस बैठक में सरकार CJP की मांगों पर जवाब देगी।
हालांकि बैठक से पहले आज वीकेंड को देखते हुए दिल्ली पुलिस पूरी तरह तैयार है। पुलिस ने जंतर-मंतर के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी है। ये जंतर मंतर की सबसे लेटेस्ट तस्वीर है। देर रात ही जंतर मंतर पर कई अतिरिक्त बैरिकेड्स मंगाए गए थे, जिन्हें बाद में वेल्डिंग कर जोड़ दिया गया। इसके अलावा बैरिकेड को लोहे की चेन बांध दिया गया है, ताकि प्रदर्शनकारी इन्हें हटा या गिरा ना सकें।
जंतर-मंतर के आसपास वज्र वैन और दंगा-रोधी गाड़ियां पहले से तैनात हैं। हालांकि सौरव दास के बयान से साफ है कि अब CJP केवल धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर रुकना नहीं चाहती। वो दिल्ली पुलिस के खिलाफ मोर्चा खोलकर अपने आंदोलन को और बड़ा करने की कोशिश में लगी है, लेकिन सरकार इसे बातचीत के जरिए सुलझाने में लगी है।
क्राइम ब्रांच करेगी पेलेट गन मामले की जांच
पुलिस पर हमले के बाद सुरक्षा की पूरी रणनीति बदली गई है। वहीं पेलेट गन इस्तेमाल के आरोपों की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी गई है। इसके अलावा पेपर लीक मामले की जांच के लिए दिल्ली पुलिस ने स्पेशल STF बनाई है। इससे भर्ती परीक्षा माफिया पर शिकंजा कसा जाएगा।
वीकेंड पर शराब की दुकानें 8 बजे ही होगी बंद
सूत्रों के मुताबिक, जंतर-मंतर पर चल रहे छात्रों के विरोध-प्रदर्शन को देखते हुए वीकेंड खत्म होने तक दिल्ली भर में शराब की दुकानें आम समय से दो घंटे पहले बंद कर दी जाएंगी। यानी पहले जहां शराब की दुकानें रात 10 बजे तक खुलती थीं वहीं अब रात 8 बजे ही ये दुकानें बंद कर दी जाएंगी। दिल्ली सरकार के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, “वीकेंड तक दुकानें अब रात 8 बजे तक ही खुलेंगी। यह फ़ैसला पुलिस से मिली जानकारी के आधार पर लिया गया है, जिसमें जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध-प्रदर्शन के कारण बने हालात का ज़िक्र किया गया था।”
‘धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा देंगे या नहीं, सरकार स्पष्ट करे’- आशुतोष रांका
सरकार के साथ बैठक के बाद कॉकरोच जनता पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता आशुतोष रांका ने कहा, “कल की बैठक में कम्पेनसेशन और लीगल मामलों को लेकर सकारात्मक प्रतिक्रिया मिली। एक इन-प्रिंसिपल एग्रीमेंट हुआ था। हमें उम्मीद है कि आज वह रिटर्न एग्रीमेंट भी मिल जाएगा लेकिन जो मुख्य मांग है- धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे को लेकर अभी तक कोई ठोस फैसला नहीं आया है। अगर प्रधान इस्तीफा नहीं देते हैं, तो हमें बता दें, फिर इस तरह की मीटिंग का कोई मतलब नहीं है। हम अपनी आगे की रणनीति पर काम करेंगे।”
सरकार द्वारा NTA के 47 अधिकारियों को बर्खास्त करने पर उन्होंने कहा, “हमें बहुत सारी डिटेल्स देखनी होंगी लेकिन हम फिर से वही बात कर रहे हैं। आखिरी जवाबदेही शिक्षा मंत्री की है, क्योंकि वे सभी पेपर लीक और NEET पेपर लीक के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के लिए सीधे तौर पर जिम्मेदार हैं। उन्हें इस्तीफा देना होगा। हम लगातार दूसरे बड़े सुधारों पर चर्चा कर रहे हैं।”
जंतर मंतर की सुरक्षा व्यवस्था बदली
दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह बदल दी है। अब प्रदर्शन स्थल और आसपास के मार्गों की सुरक्षा के लिए 18 डीसीपी तैनात किए जाएंगे। इसके अलावा हर रूट की निगरानी अलग जिला पुलिस करेगी। गृह मंत्री अमित शाह के साथ बैठक के बाद यह फैसला लिया गया। वहीं स्पेशल सीपी पूरे ऑपरेशन की निगरानी करेंगे। इस दौरान भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक पर खास फोकस रहेगा। (इनपुट- अभय पराशर)
भीड़ में क्रिमिनल्स के शामिल होने का खुलासा
वहीं जंतर-मंतर प्रोटेस्ट के दौरान हुई हिंसा को लेकर बड़ी साजिश की खबर भी सामने आ रही है। जानकारी के मुताबिक जंतर-मंतर पर प्रोस्टेस्ट के दौरान क्रिमिनल बैकग्राउंड के 2500 लोग शामिल थे। ये क्रिमिनल भीड़ में घुसकर पुलिस को निशाना बना रहे थे। दिल्ली पुलिस के FRS सिस्टम से ये बड़ा खुलासा हुआ है। ये क्रिमिनल्स चाकू और तेजधार हथियार से हमला कर रहे थे। दरअसल, 20 जुलाई की हिंसा के बाद दिल्ली पुलिस ने FRS सिस्टम लगाया था, जिसमें यह खुलासा हुआ। 21, 22 और 23 जुलाई को 2500 बदमाश डिटेक्ट किए गए। अभी तक दिल्ली पुलिस ने कुल 15 FIR दर्ज की हैं।
दिल्ली मेट्रो के 18 स्टेशन बंद
वहीं सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए DMRC ने आज 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला किया है। नई दिल्ली, राजीव चौक, मंडी हाउस समेत कुल 18 मेट्रो स्टेशन आज सुबह साढ़े सात बजे से अगले आदेश तक बंद रहेंगे। सुरक्षा कारणों से यह कदम उठाया गया है। आज सेंट्रल दिल्ली के जिन 18 मेट्रो स्टेशनों को बंद रखने का फैसला लिया गया है, उनमें लोक कल्याण मार्ग, राजीव चौक, पटेल चौक, रामकृष्ण आश्रम मार्ग, बाराखंभा रोड, सुप्रीम कोर्ट, सेवा तीर्थ, जनपथ, मंडी हाउस, सेंट्रल सेक्रेटेरिएट, ITO, दिल्ली गेट, इंद्रप्रस्थ, खान मार्केट, जोर बाग, शिवाजी स्टेडियम, झंडेवालान और नई दिल्ली मेट्रो स्टेशन शामिल हैं। हालांकि, राजीव चौक, मंडी हाउस और सेंट्रल सेक्रेटेरिएट स्टेशनों पर इंटरचेंज की सुविधा जारी रहेगी। यानी यात्री यहां ट्रेन बदल सकेंगे लेकिन स्टेशन से बाहर निकलने या एंट्री की अनुमति नहीं होगी।
जंतर मंतर पर बढ़ाई गई सुरक्षा
आज और कल वीएंड है, जिसके चलते जंतर मंतर पर बहुत ज्यादा भीड़ आ सकती है। इसको लेकर भी सरकार अलर्ट है। CJP के बड़े आंदोलन की धमकी के बाद दिल्ली में पुलिस ने जंतर-मंतर पर सुरक्षा बढ़ा दी है। यहां बैरिकेड्स को वेल्डिंग कर आपस में जोड़ा गया है। इसके साथ ही सुरक्षा को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने और बैरिकेड लगाए हैं, जिन्हें हेवी ड्यूटी चेन से जोड़ा गया है और वेल्डिंग की गई है।
धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर अड़ी सीजेपी
आज दोपहर साढ़े 3 बजे सरकार की तरफ से केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, जितेंद्र सिंह और CJP की तरफ से सौरव दास और आशुतोष रांका के बीच बैठक होगी। सरकार आज CJP की तीन मांगों पर जवाब दे सकती है। इसमें सबसे बड़ा फैसला शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे पर होना है, जिसकी मांग कॉकरोच जनता पार्टी पहले दिन से कर रही है। ऐसे में सरकार की पूरी कोशिश है कि किसी तरह CJP नेताओं को प्रोटेस्ट खत्म करने पर राजी करे, जिससे जंतर मंतर पर चल रहा प्रोटेस्ट खत्म हो। वहीं कॉकरोच जनता पार्टी ने साफ कर दिया है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा नहीं होता है। उनका आंदोलन जारी रहेगा।

