NEET पेपर लीक के विरोध में दिल्ली के जंतर-मंतर पर छात्र आंदोलन के बाद अब कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने अपनी आगे की रणनीति पर मंथन शुरू कर दिया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में संस्थापक अभिजीत दिपके के आवास पर संगठन की दो दिवसीय कोर टीम बैठक शुरू हुई है, जिसमें CJP के शीर्ष पदाधिकारी और प्रमुख सदस्य आगामी योजनाओं पर चर्चा कर रहे हैं।
अभिजीत दिपके ने बताया बैठक का एजेंडा
बैठक से पहले अभिजीत दिपके ने साफ किया कि CJP अभी राजनीतिक पार्टी नहीं बनेगी, बल्कि एक प्रेशर ग्रुप के रूप में काम करेगी। उन्होंने कहा कि संगठन का फोकस युवाओं, छात्रों, शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को उठाकर सरकार तक उनकी आवाज पहुंचाना है। दिपके ने कहा कि जरूरत पड़ने पर CJP छात्रों के समर्थन में हमेशा खड़ी रहेगी।
उन्होंने बताया कि दो दिवसीय बैठक में हम इस बात पर मंथन करेंगे कि हमारा आगे का course of action क्या होगा। संगठन को कैसे आगे ले जाना है? केंद्र सरकार को युवाओं के मुद्दों पर बोलने के लिए और काम करने के लिए कैसे प्रेशर डाले, उसपर चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि कल दोपहर 2 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बैठक का निष्कर्ष बताएंगे।
एथेनॉल मिश्रित ईंधन, बेरोजगारी और संस्थाओं पर भरोसे जैसे मुद्दों पर चर्चा: अभिजीत दिपके ने बताया कि CJP की बैठक में एथेनॉल मिश्रित ईंधन, बेरोजगारी, शिक्षा व्यवस्था और मीडिया व न्यायपालिका पर घटते भरोसे जैसे मुद्दों पर मंथन किया जाएगा। संगठन इन विषयों को लेकर अपनी भविष्य की रणनीति तैयार करेगा।
झारखंड के छात्रों के समर्थन में CJP
दिपके ने कहा कि CJP झारखंड में प्रदर्शन कर रहे छात्रों की मांगों के साथ खड़ी है। उन्होंने बताया कि संगठन के कार्यकर्ता पहले से ही छात्रों के संपर्क में हैं और जरूरत पड़ने पर आंदोलन में भी शामिल होंगे। उन्होंने कहा, “जहां भी छात्रों को हमारी जरूरत होगी, CJP उनके साथ खड़ी मिलेगी।”
सोनम वांगचुक हमारे मेंटर थे और रहे
अभिजीत दिपके ने बताया कि सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक आगे भी CJP को मार्गदर्शन देते रहेंगे। उन्होंने कहा कि संगठन उनके संपर्क में बना रहेगा और महत्वपूर्ण मुद्दों पर समय-समय पर उनकी सलाह लेता रहेगा।
राजनीतिक दल बनाने का कोई इरादा नहीं’
अभिजीत दिपके ने कहा कि फिलहाल CJP का लक्ष्य राजनीतिक पार्टी बनाना नहीं, बल्कि जन-आंदोलन के जरिए मुद्दों को उठाना है। उन्होंने कहा कि कई संस्थाओं पर लोगों का भरोसा कम हुआ है, ऐसे में मजबूत जनभागीदारी की जरूरत है। दिपके ने जंतर-मंतर प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा को सुरक्षा व्यवस्था की नाकामी बताया।
देशभर में शुरू होगा ‘Nationwide Listening Tour’
CJP प्रवक्ता सौरव दास ने बताया कि रणनीतिक बैठक के बाद संगठन देशभर में ‘Nationwide Listening Tour’ शुरू करेगा। इसके तहत युवाओं और छात्रों से संवाद कर उनकी समस्याओं को समझा जाएगा। उन्होंने कहा कि आंदोलन से जुड़े मामलों में फंसे छात्रों की मदद के लिए CJP ने लीगल डिफेंस फंड भी बनाया है, जिसके जरिए उन्हें कानूनी सहायता दी जाएगी।

