नागरिकता कानून (CAA) के विरोध में दिल्ली और अलीगढ़ शहर में हुए प्रदर्शन का असर मेरठ पुलिस लाइन में चल रही यूपी पुलिस सिपाही भर्ती प्रक्रिया पर भी पड़ा। गुरुवार को भर्ती प्रक्रिया न होने से नाराज सैकड़ों अभ्यर्थियों ने पुलिस लाइन में डटकर हंगामा कर दिया। जिसके बाद मेरठ जोन के नोडल अधिकारी ने भर्ती बोर्ड को यह जानकारी दी। अधिकारियों ने इन सभी आक्रोशित अभ्यर्थियों को समझाकर वापस लौटा दिया।
यूपी पुलिस सिपाही भर्ती 2018 के तहत प्रदेश के आठ सेंटरों पर नापतौल व शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन चल रहा है। वहीं मेरठ पुलिस लाइन में मेरठ जोन के 9 जिलों का सेंटर बनाया गया है। जिसमें मेरठ, बुलंदशहर, गाजियाबाद, गौतमबुद्घनगर, हापुड़, बागपत, सहारनपुर, शामली और मुजफ्फरनगर के पैनल के अभ्यर्थियों की नापतौल और शैक्षिक प्रमाणपत्रों का सत्यापन चल रहा है। प्रत्येक जिले के पैनल में 1 एसडीएम, सीओ और शिक्षा विभाग के अधिकारी शामिल हैं।
भर्ती बोर्ड के पैनल में शामिल अधिकारियों ने बताया कि प्रदेश ने कानून व्यवस्था को लेकर भर्ती बोर्ड निर्देश पर 19 और 20 दिसंबर को पुलिस लाइन स्थित सेंटर में भर्ती प्रक्रिया नहीं होगी। यह सुनकर अभ्यर्थियों ने हंगामा शुरू दिया। मेरठ जोन के भर्ती बोर्ड के नोडल अधिकारी/ एसपी ट्रैफिक संजीव वाजपेई का कहना है कि जिन अभ्यर्थियों की नापतोल 19 दिसंबर को होनी थी उनकी नई तारीख 29 दिसंबर भर्ती बोर्ड ने तय की है।
