Bengal Election Result: पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव 2026 के नतीजों ने राजनीतिक गलियारों में बड़ा उलटफेर कर दिया है. लंबे समय से राज्य की सत्ता संभाल रही ममता बनर्जी की सरकार इस बार सत्ता से बाहर हो गई है. भारतीय जनता पार्टी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 206 सीटें हासिल की हैं और अब राज्य में सरकार बनाने की तैयारी में जुट गई है.
इसी बीच, चुनाव नतीजों को लेकर भाजपा की पूर्व सांसद किरण खेर ने भी अपनी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने इस जीत को धर्म और अधर्म की लड़ाई से जोड़ते हुए बड़ा बयान दिया. उन्होंने कहा, “मैं इसे अधर्म पर धर्म की जीत के रूप में देखती हूं. इस धर्म की लड़ाई में अगर कोई अर्जुन है तो वह अमित शाह हैं, और उनके पीछे भगवान कृष्ण के रूप में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खड़े हैं.
बीजेपी कार्यकर्ताओं को दी बधाई
किरण खेर ने आगे कहा, “मैं बंगाल की जनता और सभी पार्टी कार्यकर्ताओं को बधाई देती हूं. मुझे यह भी विश्वास है कि पिछले 15 वर्षों में कथित टीएमसी शासन के दौरान कानून व्यवस्था के अभाव में जिन लोगों ने अपनी जान गंवाई, उनकी आत्माओं को आज शांति मिली होगी.”
किरण खेर के इस बयान के बाद राजनीतिक बयानबाजी और तेज हो गई है. भाजपा जहां इसे जनता के विश्वास की जीत बता रही है, वहीं विपक्ष इस तरह की भाषा और तुलना पर सवाल उठा रहा है.
15 साल रहा था TMC का दबदबा
पश्चिम बंगाल के यह नतीजे कई राजनीतिक जानकारों के लिए चौंकाने वाले रहे, क्योंकि पिछले 15 सालों से बंगाल में तृणमूल कांग्रेस (TMC) का दबदबा रहा था. लेकिन इस बार जनता ने बदलाव का मन बना लिया और भाजपा को स्पष्ट बहुमत देकर सत्ता सौंपने का संकेत दिया है. चुनाव परिणामों के बाद पार्टी कार्यकर्ताओं में जबरदस्त उत्साह देखा जा रहा है, वहीं दूसरी ओर TMC खेमे में मायूसी का माहौल है.
अब सभी की नजरें नई सरकार के गठन और मुख्यमंत्री पद के चेहरे पर टिकी हैं. अमित शाह और पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भाजपा के लिए यह जीत बेहद अहम मानी जा रही है, क्योंकि यह पूर्वी भारत में पार्टी की मजबूत पकड़ का संकेत भी देती है.

